उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और सुल्तानपुर जिले के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने शनिवार को जिले का दौरा किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने वैश्विक तनाव और देश की आर्थिक स्थिति पर बयान दिया।
प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने वैश्विक संकटों का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण पूरी दुनिया में ईंधन का संकट गहराया है। उन्होंने बताया कि इस संघर्ष के बाद कई देशों में पेट्रोल और डीजल के दाम काफी बढ़े हैं, जिससे वे वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं।
मंत्री ने केंद्र सरकार की सराहना करते हुए कहा कि जहां दुनिया के तमाम देश तेल संकट और महंगाई से त्रस्त हैं, वहीं भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण स्थितियां पूरी तरह नियंत्रण में हैं। उन्होंने दावा किया कि देशवासियों को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता में कोई किल्लत नहीं होने दी गई है।
हर क्षेत्र में चौतरफा विकास का काम हुआ है
गिरीश चंद्र यादव ने कहा, “आज उन सभी वैश्विक समस्याओं का समाधान माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारे देश में किया गया है, ताकि देशवासियों को किसी भी प्रकार का कोई संकट न उठाना पड़े।” उन्होंने ‘मीडिया संवाद’ कार्यक्रम के दौरान देश और प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं तथा विकास कार्यों को भी सामने रखा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश की जनता ने पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार नरेंद्र मोदी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में चुना है। उन्होंने जोर दिया, “प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जी ने देश में एक रिकॉर्ड और नया इतिहास बनाने का काम किया है। उनके कुशल नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है और हर क्षेत्र में चौतरफा विकास का काम हुआ है।”
यहां पर एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक सीताराम वर्मा, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, डीएम इंद्रजीत सिंह, एसपी चारू निगम, एडीएम प्रशासन रत्नप्रिया, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, सीडीओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.