इमेज स्रोत, Avik
असम के जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायु सेना का एक एएन-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ़्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
भारतीय वायु सेना ने एक्स पर पोस्ट कर इस दुर्घटना में मारे गए जवानों की जानकारी दी है.
वायु सेना ने बताया है कि इस घटना में पांच वायु सेना कर्मियों की मौत हुई है.
इनमें स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं.
इससे पहले दुर्घटना के बाद इसको लेकर वायु सेना के प्रवक्ता विंग कमांडर जयदीप ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन में एएन-32 के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की थी.
हादसे को लेकर भारतीय वायु सेना ने एक्स पर बताया था, "भारतीय वायु सेना का एएन-32 एयरक्राफ़्ट आज जोरहाट में लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे के कारण का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ़ इन्क्वायरी बिठाई जा रही है."
इमेज स्रोत, @IAF_MCC
भारतीय वायु सेना ने एक्स पर एक पोस्ट कर बताया, "असम के जोरहाट में हुए एएन-32 विमान हादसे में पांच जवानों की जान गंवाने पर गहरा शोक व्यक्त करती है."
"स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया."
समाप्त
"भारतीय वायु सेना शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ मज़बूती से खड़ी है."
समाप्त
इमेज स्रोत, Avik
इस हादसे को लेकर शुरुआती जानकारी में कहा जा रहा था कि एएन-32 विमान एयर फ़ोर्स स्टेशन परिसर में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ और क्रैश के बाद उसमें आग लग गई.
हालांकि क्रैश की प्रमुख वजह का अभी पता नहीं चल पाया है. साथ ही वायु सेना ने कहा है कि इस घटना को लेकर किसी भी अटकलों से बचा जाए.
भारतीय वायु सेना ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, "दुर्घटनास्थल पर राहत एवं प्रबंधन कार्य तथा प्रारंभिक जांच जारी है. भारतीय वायु सेना सभी से अनुरोध करती है कि प्रारंभिक जांच के नतीजे सामने आने तक किसी भी प्रकार की अटकलें लगाने से बचें."
"भारतीय वायु सेना इस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करती है और इस शोक की घड़ी में शोक-संतप्त परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ी है."
आईएएफ़ ने कहा कि जैसे-जैसे अधिक जानकारी उपलब्ध होगी, भारतीय वायु सेना उसे साझा करेगी.
वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.
एपिसोड
समाप्त
इस दुर्घटना पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "असम के जोरहाट में एएन-32 हादसे में पांच एयर वॉरियर्स के मारे जाने से बहुत दुख हुआ."
"स्क्वॉड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने ड्यूटी करते हुए सबसे बड़ा बलिदान दिया. देश के लिए उनकी हिम्मत और सेवा को हमेशा गर्व और आभार के साथ याद किया जाएगा."
"शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. दुख की इस घड़ी में देश उनके साथ मजबूती से खड़ा है."
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी एक्स पर पोस्ट कर इस दुर्घटना पर दुख जताया है.
उन्होंने लिखा, "असम में इंडियन एयर फ़ोर्स के एयरक्राफ्ट क्रैश में पाँच बहादुरों की दुखद मौत से बहुत दुख हुआ."
"इस दुख की घड़ी में उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ. हम उनकी सेवा और निस्वार्थ बलिदान को सलाम करते हैं, और हमेशा उनके और उनके परिवारों के क़र्ज़दार रहेंगे."
एएन-32 मूल रूप से सोवियत संघ (अब यूक्रेन के एंटोनोव डिज़ाइन ब्यूरो) की ओर से निर्मित दो-इंजन वाला टर्बोप्रॉप सैन्य परिवहन विमान है.
यह मुख्य रूप से भारतीय वायु सेना के बेड़े का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उपयोग सैनिकों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने, राहत सामग्री पहुंचाने और पैराट्रूपर्स को आसमान से उतारने के लिए किया जाता है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
समाप्त
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.