25 साल लंबा इंतजार, उतार-चढ़ाव से भरे दौर और पश्चिमी यूपी की आंखों में पला एक बड़ा सपना सोमवार सुबह जेवर के आसमान में पहली उड़ान के साथ हकीकत में बदलने जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को जैसे ही पहला यात्री विमान रनवे छोड़ेगा, जेवर का नाम हमेशा के लिए विमानन मानचित्र पर दर्ज हो जाएगा। इस ऐतिहासिक सफर का आगाज केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू बेंगलुरु की उड़ान को हरी झंडी दिखाकर करेंगे। वहीं, लखनऊ से आने वाली पहली वीआईपी उड़ान में विधानसभा अध्यक्ष और 75 दिग्गज कारोबारी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे। यहां से सोमवार को लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर के लिए उड़ान शुरू होगी। इसे लेकर रविवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। यहां एक सप्ताह से विमानों को उतारकर उपकरणों की जांच की जा रही थी।
इंडिगो एयरलाइंस की पहली उड़ान जो बेंगलुरु जाएगी, उसकी 180 सीटों में से 168 सीट बुक हो चुकी थीं। हैदराबाद के लिए 180 में से 138 बुक हो चुकी थीं, जबकि 42 खाली थीं। अमृतसर के लिए 180 में से 103 बुक हो चुकी थीं।
25 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एशिया का सबसे बड़े एयरपोर्ट बनाने का रिकॉर्ड भी इस जिले के नाम हो दर्ज हो जाएगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक जुलाई के बाद 16 शहरों के लिए नियमित उड़ानें शुरू हो जाएंगी। यहां 3900 मीटर लंबे रनवे से रोजाना 28 विमान टेकऑफ और लैंडिंग करेंगे। शुरुआत में इंडिगो और अकासा एयर के विमान संचालित होंगे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार यानी आज उड़ानें शुरू हो जाएंगी। पहले दिन लखनऊ और बेंगलुरु की विशेष फ्लाइट रहेगी। इसके साथ ही हैदराबाद और अमृतसर के लिए सामान्य उड़ानें निर्धारित हैं। इसके बाद 16 जून को इंडिगो जम्मू, जबकि अकासा एयर नवी मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट शुरू करेगी। पहले दिन एयरपोर्ट के रनवे पर आठ बार विमान टेकऑफ और लैंडिंग करेगा, जबकि एक जुलाई से नवी मुंबई, बरेली, जयपुर, भोपाल समेत देश के कई अन्य शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध हो जाएगी। इंडिगो और अकासा एयर अपनी समय सारिणी जारी कर चुकी हैं। हालांकि, एयर इंडिया एक्सप्रेसवे एयरलाइंस की ओर से अभी तक समय सारिणी जारी नहीं की गई। हालांकि, इमसें कुछ देरी होने का भी अनुमान है।
नोएडा एयरपोर्ट से 17 जून से कार्गो उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी। पहली कार्गो उड़ान घरेलू होगी। हालांकि, एक जुलाई से ही इन फ्लाइटों का भी विस्तार किया जाएगा। एयरपोर्ट पर एयर इंडिया सेट्स ने 30 एकड़ में कार्गो हब बनाया है। इसकी प्रतिवर्ष क्षमता 2.55 लाख मेट्रिक टन कार्गो है।
नोएडा-लखनऊ के बीच एक जुलाई से चार फ्लाइटें शुरू होंगी। शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट 6ई 7625 सुबह 7:40 बजे लखनऊ से रवाना होकर 8:55 बजे नोएडा पहुंचेगी। इसी तरह 6ई7624 सुबह 6:00 बजे नोएडा से उड़ान भरने के बाद 7:10 बजे लखनऊ उतरेगी। नोएडा से ही दिन में 15:05 बजे फ्लाइट संख्या 6ई 7628 रवाना होकर 16:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। रात में 6ई7629 लखनऊ से 21:35 बजे उड़ान भरने के बाद 22:50 बजे लखनऊ उतरेगी। लखनऊ के अलावा नोएडा से जयपुर, चंडीगढ़, भोपाल और देहरादून जैसे शहरों के लिए भी एक जुलाई से ही दैनिक उड़ानों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
नोएडा एयरपोर्ट तक यात्रियों को सुविधा देने के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने कई कंपनियों के साथ समझौता किया हुआ है। हरियाणा और यूपी रोडवेज की बसें 15 जून से एयरपोर्ट के लिए संचालित की जाएगी। यूपी रोडवेज की बसें आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज, लखनऊ से सीधे एयरपोर्ट तक चलेगी। वहीं, हरियाणा रोडवेज की बसें पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से यात्रियों का सफर आसान बनाएगी।
नोएडा एयरपोर्ट से जेवर के किसानों को पहले ही दिन विशेष सौगात मिलेगी। जेवर के किसान सोमवार को विमान में बैठकर लखनऊ की यात्रा करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद होगा। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट से पहले दिन क्षेत्र के 170 किसान विमान में बैठकर लखनऊ की सैर करेंगे। इनमें 20 महिलाएं भी शामिल होंगी। ये वही किसान परिवार हैं, जिन्होंने नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी पुश्तैनी भूमि समर्पित की हैं।
नोएडा एयरपोर्ट पर सेल्फ चेक इन मशीनें लगी हैं। यहां बिना कतार में लगे यात्री चंद सेकेंड में बोर्डिंग पास हासिल करेंगे। इसके अलावा अपने सामान का वजन समेत भुगतान स्वयं किया जा सकेगा। नोएडा एयरपोर्ट अपने अत्याधुनिक और पर्यावरण अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण देश के सबसे आधुनिक एयरपोर्ट में शामिल है। यहां टर्मिनल भवन न केवल आकार और क्षमता के लिहाज से बड़ा है, बल्कि यात्री सुविधाओं के मामले में भी नया मानक स्थापित करेगा। करीब 1.37 लाख वर्ग मीटर में फैले टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते यहां 48 चेक-इन काउंटर, 20 सेल्फ बैगेज ड्रॉप और नौ सक्यिोरिटी चेक लेन स्थापित किए हैं। 10 एयरोब्रिज और दो बस बोर्डिंग गेट की व्यवस्था की गई है।
आरके सिंह, सीईओ, यीडा, ”नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून को विशेष और सामान्य उड़ानें शुरू होंगी। एक जुलाई के बाद 16 शहरों के लिए नियमित विमान सेवा शुरू हो जाएगी। फिलहाल दो एयरलाइंस ने अपनी समय सारिणी जारी की है। एयर इंडिया एक्सप्रेस अपनी उड़ानें देरी से शुरू करेगी।”
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play