Air Suvidha 2.0: अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला वायरस के मामलों को देखते हुए भारत सरकार ने एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य निगरानी को और मजबूत करने का फैसला किया है. इसी दिशा में नागरिक उड्डयन मंत्रालय और दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने एयर सुविधा 2.0 पोर्टल लॉन्च किया है. यह नया और पूरी तरह डिजिटल सिस्टम विदेश से भारत आने वाले यात्रियों के लिए बनाया गया है. इसका मकसद संभावित स्वास्थ्य जोखिम वाले यात्रियों की जल्दी पहचान करना और जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है.
एयर सुविधा 2.0 एक ऑनलाइन हेल्थ सेल्फ-डिक्लेरेशन प्लेटफॉर्म है. इसके जरिए अंतरराष्ट्रीय यात्री भारत पहुंचने से पहले अपनी स्वास्थ्य जानकारी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं. इस फॉर्म में पिछले 21 दिनों की यात्रा जानकारी, किसी संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने की जानकारी और बीमारी से जुड़े लक्षणों के बारे में पूछा जाता है. यात्रियों को यह फॉर्म इमिग्रेशन प्रक्रिया से पहले भरना जरूरी होगा. इससे एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच का काम पहले से ज्यादा आसान और तेज हो जाएगा.
इस नए सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के बाद किसी कागजी फॉर्म को भरने की जरूरत नहीं होगी. वे भारत आने से 24 घंटे पहले तक यह फॉर्म ऑनलाइन भर सकते हैं. सरकार ने यात्रियों से कहा है कि वे फ्लाइट में चढ़ने से पहले या वेब चेक-इन के दौरान यह प्रक्रिया पूरी कर लें. इसके बाद उन्हें केवल डाउनलोड किया गया सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म दिखाना होगा. इससे इमिग्रेशन और स्वास्थ्य जांच में कम समय लगेगा और यात्रियों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी.
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, एयर सुविधा 2.0 पोर्टल से मिलने वाला डेटा रियल टाइम में कई एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा. इनमें एयरपोर्ट हेल्थ ऑफिसर, ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, आईडीएसपी और राज्य स्तर के निगरानी अधिकारी शामिल हैं. इससे किसी भी संदिग्ध यात्री की पहचान तेजी से हो सकेगी. यदि किसी यात्री में बीमारी के लक्षण मिलते हैं तो उसे तुरंत जांच और इलाज के लिए भेजा जा सकेगा. इससे देश में संक्रमण फैलने का खतरा कम करने में मदद मिलेगी.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मई में कांगो और युगांडा में फैले इबोला और बुंडिबुग्यो वायरस रोग के प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य चिंता का मामला घोषित किया था. इसके बाद कई देशों ने अपनी निगरानी व्यवस्था मजबूत की है. भारत का नया एयर सुविधा 2.0 पोर्टल भी इसी तैयारी का हिस्सा है. सरकार का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की बेहतर स्क्रीनिंग और डिजिटल निगरानी से संभावित स्वास्थ्य खतरों को समय रहते रोका जा सकेगा. आने वाले समय में यह सिस्टम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ देश की स्वास्थ्य सुरक्षा को भी मजबूत करेगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
ऋषभ कुमार पाण्डेय डिजिटल मीडिया और न्यूज इंडस्ट्री में एक साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं. वे मई 2024 से Zee Media समूह के साथ जुड़े हैं. यहां … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED