'दिल्ली में चुनाव लड़तीं तो लाखों वोटों से जीततीं…’, मेलोनी ने सुनाया भारत यात्रा का दिलचस्प किस्सा – Jagran

इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी ने अपनी नई पुस्तक 'जार्जिया विजन' में 2023 की भारत यात्रा का रोचक प्रसंग साझा किया है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ल …और पढ़ें
इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी।
मेलोनी ने अपनी नई किताब में भारत यात्रा का जिक्र किया।
दिल्ली में लगे पोस्टरों पर उपप्रधानमंत्री ने की थी टिप्पणी।
मोदी-मेलोनी की दोस्ती और कूटनीति पर भी प्रकाश डाला।
डिजिटल डेस्क, जागरण। इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी ने नई पुस्तक में 2023 की अपनी भारत यात्रा का रोचक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि उनके स्वागत में किस तरह नई दिल्ली की सड़कों पर उनकी तस्वीरों वाले पोस्टर लगे थे। मेलोनी के साथ भारत आए इटली के उपप्रधानमंत्री एंतोनियो तजानी ने इन पोस्टरों को देखकर में कहा था, यदि आप दिल्ली की किसी सीट से चुनाव लड़ें तो ‘10 लाख वोट’ मिल जाएंगे।
पत्रकार अलेस्सांद्रो साल्लुस्ती के साथ मेलोनी की बातचीत पर आधारित पुस्तक ‘जार्जिया विजन’ में मेलोनी ने कहा कि जब मैं पहुंची, तो सड़क किनारे थोड़ी थोड़ी दूरी पर मेरी तस्वीर के साथ ‘वेलकम’ लिखे पोस्टर लगे थे। जब मैं वापस लौटी, तो मेरी तस्वीरों वाले पोस्टरों पर ‘यात्रा के लिए धन्यवाद’ लिखा था। मेरे साथ मौजूद मेरे सहयोगी एंतोनियो तजानी ने कहा, इतने सारे पोस्टरों के साथ यदि आप नई दिल्ली के किसी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ें, तो दस लाख वोट मिल जाएंगे।
मेलोनी 2023 में दो बार भारत आई थीं। उन्होंने मार्च में ‘रायसीना डायलाग’ में भाग लेने के लिए और सितंबर में जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत की यात्रा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी दोस्ती की चर्चा अक्सर होती है। इंटरनेट मीडिया पर दोनों नेताओं की जोड़ी को लोगों ने प्यार से मेलोडी नाम भी दिया था।
किताब के अध्याय ‘हेड हेल्ड हाई अमंग द वर्ल्ड ग्रेट्स’ में कहा गया है कि सफल कूटनीति सिर्फ औपचारिक बैठकों और समझौतों से नहीं चलती, बल्कि नेताओं के बीच बनने वाले व्यक्तिगत रिश्ते भी इसमें बड़ी भूमिका निभाते हैं। कई बार मजेदार बातचीत दो देशों के नेताओं को करीब लाने में मदद करती है। किताब में उन्होंने ऐसे कई अनुभव साझा किए हैं।
मेलोनी ने ट्यूनीशिया के राष्ट्रपति कैस सईद के साथ अपनी पहली मुलाकात का भी जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि लगभग दो घंटे चली बातचीत के बाद सईद ने उन्हें समुद्र का नजारा दिखाया। इसी दौरान उन्होंने झिझकते हुए पूछा कि क्या वह सिगरेट पी सकती हैं।
इससे माहौल बदल गया। सईद ने भी अपनी सिगरेट की डिब्बी निकाली और वह पल यादगार बन गया। पुस्तक में मेलोनी ने कई विदेशी नेताओं के साथ अपने संवाद और व्यक्तिगत मित्रताओं का भी उल्लेख किया है। गौरतलब है कि मेलोनी की इस किताब की भूमिका अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने लिखी है। यह पुस्तक फिलहाल आनलाइन तथा आफलाइन दुकानों पर उपलब्ध है।-

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News