रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान को गति प्रदान की गई। केंद्र के अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार चौहान की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में एचआईवी रोकथाम, मरीजों की पहचान, जांच और उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जोर दिया गया। साथ ही 100 दिवसीय टीबी खोज अभियान के तहत मरीजों की स्क्रीनिंग और उनके उपचार की रणनीति पर चर्चा की गई। टीबी से प्रभावित व्यक्तियों के निकट संपर्क में आने वालों को तीन महीने तक साप्ताहिक टीपीटी दवा देने की योजना पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
कार्यक्रम में बीसीपीएम हुमैरा खातून, बीपीएम पूनम सिंह, WHO मॉनिटर गौरव राय और STLS निर्भय सिंह ने प्रशिक्षण दिया। नए सत्र के लिए आशा कार्यकर्ताओं को डायरी वितरित की गई और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
डॉ. चौहान ने बताया कि सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करेंगे और उन्हें निःशुल्क सरकारी योजनाओं से जोड़ेंगे। यह प्रयास देश को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.