शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को कहा कि वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ‘हितैषी’ हैं और यदि वह प्रधानमंत्री बनने की आकांक्षा रखते हैं तो वह उनका समर्थन करेंगे। शिरडी में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा, ‘अगर वह (फडणवीस) सोचते हैं कि मैं उनका दुश्मन हूं, तो बता दूं कि मैं उनका हितैषी हूं। मैं उनके मन की बात कर रहा हूं।’
ठाकरे ने दावा किया कि ऐसी योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिससे 2029 में फडणवीस प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल न हो सकें। उन्होंने कहा, ‘अगर महाराष्ट्र का कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री बनने जा रहा है, तो मेरी पार्टी उसका समर्थन क्यों नहीं करेगी।’
ठाकरे ने हालांकि कहा कि अगर फडणवीस प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा करते हैं तो यह भाजपा में उनके लिए ‘राजनीतिक आत्महत्या’ करने जैसा होगा। उन्होंने कहा, ‘अगर फडणवीस यह घोषणा करते हैं कि वह प्रधानमंत्री पद की तैयारी कर रहे हैं, तो क्या वह अपनी पार्टी में बने भी रह पाएंगे?’
शिरडी में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि जिस पार्टी में लोकसभा सदस्य भाऊसाहेब वाकचौरे गए हैं, वह पार्टी सत्ता से बाहर हो गई। वाकचौरे हाल ही में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए हैं और शिरडी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
ठाकरे ने कहा कि शिरडी मंदिर में दर्शन के दौरान उन्होंने साईं बाबा से फडणवीस की ‘कुर्सी’ की रक्षा करने की प्रार्थना की। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना (UBT) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने के पीछे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हाथ था।
ठाकरे ने शनिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए यह कहकर सियासी हलचल पैदा कर दी थी कि ‘ऑपरेशन टाइगर’ वास्तव में ‘ऑपरेशन देवेंद्र’ था, जिसका उद्देश्य महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का कद छोटा करना था, ताकि वह भविष्य में प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल न हो सकें।
ठाकरे ने आरोप लगाया, ‘अमित शाह ने यह योजना इसलिए बनाई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि श्री फडणवीस एक निश्चित स्तर पर ही रहें और भविष्य में प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल न हो सकें। अगर कल ऐसी स्थिति आती है, तो ये बागी सांसद प्रधानमंत्री पद के लिए अमित शाह का समर्थन करेंगे।’
फडणवीस ने रविवार को कहा कि उनके पास राज्य के 14 करोड़ लोगों और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद है, इसलिए कोई भी उनके पंख नहीं काट सकता। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने पूर्व सहयोगी और अब प्रतिद्वंद्वी उद्धव ठाकरे के साथ मुंबई से नागपुर के लिए एक ही विमान में यात्रा करने के बाद शुरू हुईं राजनीतिक अटकलों को भी खारिज कर दिया और इसे महज एक ‘इत्तेफाक’ बताया था।
निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play