अहमदाबाद: टीचर ने 10वीं के छात्र को मारा ऐसा थप्पड़, फट गया कान का पर्दा; सस्पेंड – Jagran

अहमदाबाद के एक निजी स्कूल में 10वीं के छात्र को शिक्षक ने इतनी जोर से थप्पड़ मारा कि उसके कान का पर्दा फट गया, जिससे उसे सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती ह …और पढ़ें
एआई द्वारा बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।
शिक्षक के थप्पड़ से छात्र के कान का पर्दा फटा।
छात्र को सर्जरी की आवश्यकता, सुनने में गंभीर परेशानी हुई।
आरोपी शिक्षक निलंबित, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के एक प्राइवेट स्कूल में एक शिक्षक ने 10वीं क्लास के छात्र को इतनी जोर से थप्पड़ मारा कि बच्चे के कान का पर्दा फट गया। हालत इतनी गंभीर है कि छात्र को सर्जरी करानी पड़ सकती है। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
बता दें कि यह घटना अहमदाबाद के निकोल इलाके में स्थित ‘चाणक्य स्कूल’ की है। पीड़ित छात्र स्कूल के गुजराती मीडियम सेक्शन में 10वीं कक्षा में पढ़ता है। स्कूल मैनेजमेंट के मुताबिक, छात्र खेल के मैदान में पीटी पीरियड के दौरान अपने दोस्तों के साथ बैठा बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान इंग्लिश मीडियम के एक शिक्षक, जिनकी पहचान ‘लक्ष्मण’ के रूप में हुई है, वहां पहुंचे। उस क्लास से कोई सीधा संबंध न होने के बावजूद, शिक्षक लक्ष्मण ने छात्र को एक के बाद एक कई जोरदार थप्पड़ जड़ दिए।
जानकारी के अनुसार थप्पड़ का असर इतना गंभीर था कि छात्र का बायां कान तुरंत सूज गया और उससे खून बहने लगा। बच्चे को सुनाई देना भी बंद हो गया। स्कूल प्रशासन ने तुरंत इसकी जानकारी छात्र के पिता को दी, जो खबर मिलते ही स्कूल पहुंचे।
छात्र के पिता ने बताया कि जब मैं स्कूल पहुंचा, तो मेरे बेटे ने कहा कि उसे ठीक से सुनाई नहीं दे रहा है। मैं उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसके बाएं कान का पर्दा फट गया है।
दूसरी ओर डॉक्टरों का कहना है कि अगर अगले एक हफ्ते में कान की सूजन कम नहीं हुई, तो बच्चे का ऑपरेशन करना पड़ेगा। वहीं पिता ने साफ कहा है कि अगर उनके बेटे को सुनने में कोई हमेशा के लिए दिक्कत होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल ट्रस्ट और उस शिक्षक की होगी।
गौरतलब है कि इस मामले के बढ़ने पर आरोपी शिक्षक ने स्कूल ट्रस्ट और छात्र के परिवार के सामने अपनी गलती मान ली है। हालांकि छात्र के पिता ने चोट की गंभीरता को देखते हुए शिक्षक को माफ करने से इनकार कर दिया है और कानूनी रास्ता अपनाया है।
इसके बाद कृष्णनगर पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर आरोपी शिक्षक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। वहीं अहमदाबाद के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रोहित चौधरी ने मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत जांच के आदेश दिए और आरोपी शिक्षक को तुरंत निलंबित करने का निर्देश दिया। स्कूल ने भी जांच पूरी होने तक शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News