चीन ने बनाया बिजली का महाशक्तिशाली नेटवर्क, दुनिया में सबसे बड़ा सिस्टम तैयार – India.Com

Largest Power Supply System: बिजली आज हर देश की सबसे बड़ी जरूरत बन चुकी है. इसी जरूरत को देखते हुए चीन ने दुनिया का सबसे बड़ा बिजली आपूर्ति सिस्टम तैयार कर लिया है, जो लाखों नहीं बल्कि करोड़ों लोगों तक तेज, सस्ती और बेहतर बिजली पहुंचाने का काम करेगा. चीन के राष्ट्रीय ऊर्जा प्रशासन के अनुसार, देश ने दुनिया का सबसे बड़ा बिजली आपूर्ति सिस्टम तैयार कर लिया है. यह सिस्टम करीब 80 करोड़ ग्राहकों को बिजली की सुविधा देता है. vietnam.vn में छपी खबर के मुताबिक, पूरे देश में लगभग 99 हजार बिजली सेवा केंद्र काम कर रहे हैं और बिजली विभाग में 5.6 लाख से ज्यादा कर्मचारी लोगों तक सेवाएं पहुंचा रहे हैं. लगातार बढ़ते इस नेटवर्क की मदद से शहरों के साथ-साथ दूर-दराज के इलाकों में भी बिजली की बेहतर सुविधा मिल रही है. सरकार का कहना है कि इस सिस्टम का मकसद सिर्फ बिजली पहुंचाना नहीं, बल्कि लोगों और कारोबारियों को तेज, आसान और भरोसेमंद सेवाएं देना भी है.

चीन की सरकार ने बिजली कनेक्शन को आसान बनाने के लिए कई नई योजनाएं शुरू की हैं. इनमें सबसे खास ‘थ्री नो’ नीति है. इसके तहत छोटे और मध्यम उपभोक्ताओं को बिजली कनेक्शन लेने के लिए न तो सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, न किसी तरह की मंजूरी का इंतजार करना पड़ता है और न ही कनेक्शन के लिए अतिरिक्त शुल्क देना होता है. सिर्फ 2025 में इस योजना से लोगों और कंपनियों के 40 अरब युआन यानी करीब 5.9 अरब डॉलर से ज्यादा की बचत हुई. वहीं ‘थ्री सेविंग्स’ योजना के तहत समय, मेहनत और खर्च तीनों की बचत कराई जा रही है. इससे करीब 14,900 बड़े प्रोजेक्ट तेजी से पूरे हुए और उपभोक्ताओं के लगभग 30 अरब युआन की लागत बची. इसके अलावा 17 हजार ऐसे रिहायशी इलाकों को भी मुख्य बिजली नेटवर्क से जोड़ा गया, जहां पहले ऑफ-ग्रिड बिजली व्यवस्था थी. इससे करीब 78 लाख परिवारों को पहले से ज्यादा भरोसेमंद बिजली मिलने लगी.

चीन ने ग्रामीण इलाकों में भी बिजली सेवाओं को आधुनिक बनाया है. देशभर में करीब 66 हजार बिजली सहायता केंद्र बनाए गए हैं. अब लोग क्यूआर कोड स्कैन करके बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं, और कई जगह बिजली साझा करने जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं. आज चीन में 97 प्रतिशत से ज्यादा बिजली से जुड़े आवेदन ऑनलाइन पूरे किए जा रहे हैं. बिजली विभाग के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 57 करोड़ से ज्यादा लोग रजिस्टर हैं. इसके अलावा इलेक्ट्रिक साइकिलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने 2025 में 2.10 लाख से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट मुफ्त में बिजली नेटवर्क से जोड़े. ये चार्जिंग स्टेशन 70 हजार से ज्यादा रिहायशी इलाकों में लगाए गए हैं, जिससे लोगों को सुरक्षित और आसान चार्जिंग की सुविधा मिल रही है.

चीन अब अपने बिजली नेटवर्क को और आधुनिक बनाने की तैयारी कर रहा है. साल 2026 से शुरू हुई 15वीं पंचवर्षीय योजना के तहत सरकार अगली पीढ़ी का स्मार्ट पावर ग्रिड तैयार करेगी. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिग डेटा, ड्रोन और सेल्फ-हीलिंग ग्रिड जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल होगा. इन तकनीकों की मदद से बिजली सप्लाई में आने वाली खराबियों का पता जल्दी लगाया जा सकेगा और कई समस्याएं अपने आप ठीक भी हो सकेंगी. साथ ही बिजली आपूर्ति के अलावा ऊर्जा बचत, सौर और हरित ऊर्जा जैसी सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जाएगा. चीन का लक्ष्य आने वाले वर्षों में कम प्रदूषण, स्वच्छ ऊर्जा और अधिक भरोसेमंद बिजली व्यवस्था के जरिए अपने विकास को नई रफ्तार देना है.

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
नंदन सिंह ने पत्रकारिता में करियर की शुरुआत साल 2015 में ईनाडु डिजिटल यानी ईटीवी (हैदराबाद) से की. यहां इन्होंने बतौर कॉपी राइटर करीब 10 महीनों तक काम किया. सीखने … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News