Gorakhpur News: गोरखपुर, प्रमुख संवाददाता। शाहपुर थाना क्षेत्र में रेलवे हॉस्पिटल के पास सड़क दुर्घटना के बाद मनबढ़ युवकों द्वारा कार सवार युवती के साथ उसके पिता के सामने मारपीट, अभद्रता और बैड टच किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, पुलिस ने मुख्य आरोपी पादरी बाजार के मोहनापुर निवासी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ताल क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती नौ जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे अपने बीमार पिता को इलाज के लिए ग्रैंड विटारा कार से रेलवे हॉस्पिटल लेकर जा रही थी। रेलवे हॉस्पिटल के पास उसकी कार की एक बाइक से टक्कर हो गई। युवती का आरोप है कि बाइक चालक ने अपनी गलती मानने के बजाय उससे जबरन माफी मांगने का दबाव बनाया। इंकार करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया, जो काली स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे।
पीड़िता के अनुसार, सभी आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर सड़क पर मारपीट की, लात-घूंसों से हमला किया, कपड़े फाड़ने की कोशिश की और गलत तरीके से छुआ। उसने बैड टच करने, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। आरोपियों ने उसकी कार में भी तोड़फोड़ कर शीशा तोड़ दिया। इस दौरान कार में बैठे बीमार पिता बेबस होकर पूरी घटना देखते रहे, जबकि युवती राहगीरों से मदद की गुहार लगाती रही। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया।
घटना के बाद युवती की तहरीर पर शाहपुर थाने में अज्ञात बाइक चालक और काली स्कॉर्पियो सवार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रारंभ में हल्की धाराओं में केस दर्ज किया गया था, लेकिन घटना का वीडियो सामने आने और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास, लज्जाभंग, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा मारपीट समेत अन्य गंभीर धाराएं बढ़ा दीं।
पीड़िता का कहना है कि वह सभी आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकती है। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए थे, जिससे वह और उसका परिवार भयभीत है।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play