नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के सभागार में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ‘रौशनाई’ की ओर से महेंद्र सिंह स्मृति सम्मान समारोह, मुशायरा और कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हिंदी और उर्दू जगत के प्रतिष्ठित साहित्यकारों, शायरों, कवियों, शिक्षाविदों और साहित्य प्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध गायिका और साहित्यकार डॉ. किरण तिवारी ने सरस्वती वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति से किया। संस्था के संरक्षक और पीएफ कमिश्नर आलोक यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। रौशनाई की संस्थापक और शायरा सिया सचदेव ने संस्था की स्थापना की प्रेरणा साझा करते हुए कहा, ‘मैंने तन्हाई को रौशनाई में बदला है। रौशनाई मेरे लिए केवल एक संस्था नहीं, बल्कि प्रेम, श्रद्धा, विश्वास, संघर्ष और उम्मीद का नाम है। मेरा विश्वास है कि जब इंसान अपने दर्द को उद्देश्य में बदल देता है, तो वही दर्द समाज के लिए रोशनी बन जाता है।’
इस अवसर पर मध्य प्रदेश उर्दू अकादमी, संस्कृति विभाग की निदेशक नुसरत मेहदी को उर्दू भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘महेंद्र सिंह स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। डॉ. राजेश शर्मा ने महेंद्र सिंह स्मृति सम्मान की परंपरा, उसके उद्देश्य तथा स्वर्गीय महेंद्र सिंह के व्यक्तित्व एवं समाजसेवा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का गरिमामय एवं प्रभावशाली संचालन डॉ. अल्पना सुहासिनी ने किया।
मुशायरा एवं कवि सम्मेलन में डॉ. अखलाक ‘आहन’ (जेएनयू), सुधाकर पाठक, डॉ. किरण तिवारी, अमित शुक्ला, ज्योति जुल्का, पुष्प राज, अभिषेक शर्मा तथा आरिश रईस ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को देर तक मंत्रमुग्ध रखा। हिन्दी और उर्दू की साझा साहित्यिक विरासत से सजे इस आयोजन ने गंगा-जमुनी तहज़ीब और भाषाई सौहार्द का सुंदर संदेश दिया। अंत में संस्था की संस्थापक सिया सचदेव ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों, शायरों, कवियों, सहयोगियों एवं उपस्थित श्रोताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रौशनाई भविष्य में भी हिन्दी और उर्दू सहित भारतीय भाषाओं के साहित्य एवं संस्कृति के संवर्धन के लिए ऐसे सार्थक आयोजनों का सिलसिला निरंतर जारी रखेगी।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play