Feedback
बीकानेर के लूणकरणसर में फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के पैतृक घर को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. बताया जा रहा है कि खेत में बनी उसकी आलीशान ढाणी (फार्महाउस) को बीती रात बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस ने किसी भी तरह की प्रशासनिक कार्रवाई से साफ इनकार किया है.
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई देर रात हुई. स्थानीय लोगों का दावा है कि देर रात जेसीबी मशीन और कई अन्य वाहन गैंगस्टर रोहित गोदारा के पैतृक घर पहुंचे थे. इसके बाद आलीशान मकान को तोड़ दिया गया. सुबह जब आसपास के लोगों ने मकान को टूटा हुआ देखा तो उन्होंने मौके के वीडियो बनाए, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.
बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस दौरान फरार गैंगस्टर रोहित गोदारा के पिता और परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था. घर खेतों के बीच बनी एक ढाणी के रूप में था. घटना के बाद पूरे इलाके में यह चर्चा तेज हो गई कि आखिर इतनी बड़ी कार्रवाई किसने और किसके आदेश पर की.
उधर, पुलिस का कहना है कि यह कोई प्रशासनिक या पुलिस की कार्रवाई नहीं है. अधिकारियों ने बुलडोजर चलाने या घर तोड़े जाने की किसी सरकारी कार्रवाई से इनकार किया है. ऐसे में यह मामला और भी रहस्यमय हो गया है. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मकान को किसने और किन परिस्थितियों में ध्वस्त किया.
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. देर रात जेसीबी और कई वाहनों के वहां पहुंचने की सूचना, सुबह वायरल हुए वीडियो और पुलिस के इनकार के बीच घटनाक्रम चर्चा का विषय बना हुआ है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन या जांच एजेंसियां इस मामले में आगे क्या कदम उठाती हैं और घर तोड़े जाने के पीछे की सच्चाई क्या सामने आती है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू