24 साल बाद IRCTC वेबसाइट का नया बीटा वर्जन लॉन्च हुआ है। इसमें नो-पॉपअप, कम कैप्चा और एक ही जगह सभी क्लास की सीटें दिखने से तत्काल व आम टिकट बुकिंग बे …और पढ़ें
IRCTC की वेबसाइट में बदलाव।
24 साल बाद IRCTC वेबसाइट का नया रूप।
तेज बुकिंग, सरल इंटरफेस, कैप्चा की झंझट खत्म।
सभी क्लास की सीटें एक ही जगह दिखेंगी, आसान पेमेंट।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप भी ट्रेन से सफर करने से पहले टिकट बुक करने के लिए IRCTC की वेबसाइट का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने अपनी वेबसाइट का एक नया और आधुनिक रूप पेश किया है।
फिलहाल इसे टेस्टिंग के लिए जारी किया गया है ताकि आम लोग इसका इस्तेमाल करके अपना फीडबैक दे सकें। लोगों के अनुभवों के आधार पर इसमें और सुधार किए जाएंगे और फिर इसे पूरी तरह से लॉन्च कर दिया जाएगा। आइए जानते हैं कि करीब 24 साल बाद बदले जा रहे इस नए पोर्टल में आपके लिए क्या-क्या खास है और यह आपकी टिकट बुकिंग को कितना आसान बना देगा?
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि IRCTC की वेबसाइट पहली बार साल 2002 में शुरू हुई थी। आज इस प्लेटफॉर्म पर हर दिन औसतन 14.5 लाख से ज्यादा टिकट बुक होते हैं। इतने बड़े लोड के कारण अक्सर लोगों को वेबसाइट स्लो होने या क्रैश होने की दिक्कत आती थी। ऐसे में अब 24 साल बाद इसके डिजाइन और तकनीक को पूरी तरह बदला जा रहा है ताकि टिकट बुकिंग सुपरफास्ट हो सके।
नए IRCTC पोर्टल की 5 सबसे बड़ी खूबियां क्या?
रेल मंत्रालय ने इस नई वेबसाइट को बेहद सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया है, जिससे आम लोग आसानी से अपने सफर के लिए टिकट बुक कर सके। ऐसे में आपके लिए ये जनाना ज्यादा जरूरी है कि आखिर ये वेबसाइट कैसे काम करेगी और इसकी खूबियां क्या-क्या है?
बता दें कि पुरानी वेबसाइट पर स्क्रीन पर कई तरह के विज्ञापन, पॉप-अप और चमकती हुई चीजें दिखती थीं, जिससे ध्यान भटकता था। नई वेबसाइट को एकदम साफ-सुथरा बनाया गया है ताकि आपको सिर्फ वही जानकारी दिखे जो टिकट बुक करने के लिए जरूरी है।
आपको याद होगा कि जब भी आप टिकट बुक करते हैं तो आपको सबसे ज्यादा गुस्सा बार-बार कैप्चा कोड भरने पर आता था। गलत कैप्चा होने पर टिकट छूट जाती थी। ऐसे में अब इस नए वर्जन में इस परेशानी को बहुत हद तक कम कर दिया गया है। तत्काल टिकट बुक करने वालों के लिए यह बदलाव किसी वरदान से कम नहीं है।
पहले स्लीपर (SL), थर्ड एसी (3A) या सेकेंड एसी (2A) की सीटें देखने के लिए बार-बार अलग-अलग बटन पर क्लिक करना पड़ता था। अब नई वेबसाइट पर एक ही स्क्रीन पर सभी क्लास की सीटों की उपलब्धता एक साथ दिख जाएगी। इससे सही विकल्प चुनना आसान होगा।
पहले टिकट बुक करने के लिए कई सारे स्टेप्स और स्क्रीन से गुजरना पड़ता था, जिससे समय खराब होता था। नई वेबसाइट में इन स्टेप्स को कम कर दिया गया है। यानी अब आप कम क्लिक में और बहुत तेजी से अपनी टिकट बुक कर पाएंगे।
इसके अलावा इस नए बदलाव में सबसे बड़ी बात यह है कि जैसे आप अक्सर अपने परिवार या दोस्तों के लिए टिकट बुक करते हैं, तो आपको हर बार उनका नाम, उम्र और जेंडर टाइप करने की जरूरत नहीं है। इस नई वेबसाइट में सेव की गई जानकारी को आप दोबारा आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे।
दूसरी ओर सबसे ज्यादा गौर करने वाली बात यह है कि रेलवे सिर्फ वेबसाइट का चेहरा ही नहीं बदल रहा, बल्कि उसके पीछे काम करने वाले सिस्टम को भी अपग्रेड कर रहा है। नई वेबसाइट को जल्द ही नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) से जोड़ा जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि जब त्योहारों या तत्काल के समय वेबसाइट पर करोड़ों लोग एक साथ आएंगे, तब भी वेबसाइट हैंग या क्रैश नहीं होगी।
गौरतलब है कि नई बीटा वेबसाइट को आप सीधे https://www.irctc.co.in/eticket/ पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, जो अभी मौजूदा IRCTC की वेबसाइट है, उसके होमपेज पर भी आपको इस नए बीटा वर्जन का लिंक मिल जाएगा।
ऐसे में इस नए बदलाव का सीधा मकसद रेलवे यात्रियों का समय बचाना और बुकिंग के दौरान होने वाली मानसिक परेशानी को खत्म करना है। अगर यह बीटा टेस्टिंग सफल रहती है, तो आने वाले कुछ ही हफ्तों में यह नया, चमकदार और सुपरफास्ट IRCTC पोर्टल सभी के लिए परमानेंट लागू कर दिया जाएगा।