Feedback
तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सांसद और मशहूर बंगाली अभिनेत्री रुक्मणी मल्लिक उर्फ कोयल मल्लिक के इस्तीफे के बाद ममता बनर्जी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपनी पार्टी टीएमसी के बचे नेताओं को सख्त वॉर्निंग देते हुए कहा कि जो लोग पार्टी छोड़ना चाहते हैं, वे 21 जुलाई से पहले ही चले जाएं. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कई नेताओं पर राजनीतिक दबाव बनाकर उन्हें पाला बदलने के लिए मजबूर किया जा रहा है.
ममता बनर्जी ने कहा कि आज जिस राज्यसभा सांसद ने इस्तीफा दिया और भाजपा के एक नेता से मुलाकात की, उनका वह धन्यवाद करती हैं. उन्होंने बताया कि संबंधित सांसद ने पहले ही ईमेल के जरिए उन्हें अपने फैसले की जानकारी दे दी थी. ममता ने कहा, ‘जो लोग पार्टी छोड़ना चाहते हैं, वे 21 जुलाई से पहले छोड़ दें. इसके बाद तृणमूल कांग्रेस एक नए रास्ते पर आगे बढ़ेगी.’
पाला बदलने का बनाया जा रहा दबाव: ममता
टीएमसी प्रमुख ने आरोप लगाया कि कई लोगों पर पाला बदलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. उन्हें मजबूर किया जा रहा है. यहां तक शहीद दिवस कार्यक्रम में शामिल होने वाले शहीदों के परिजनों तक को पुलिस के जरिए दूसरे खेमे में जाने के लिए धमकाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि 21 जुलाई के बाद तृणमूल कांग्रेस नए संकल्प और नई रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी.
पश्चिम बंगाल में 21 जुलाई को टीएमसी का शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित होता है, जिसे पार्टी के सबसे बड़े राजनीतिक आयोजनों में से एक माना जाता है. टीएमसी हर वर्ष 21 जुलाई को ‘शहीद दिवस’ मनाती है. यह दिन 1993 में पुलिस की गोलीबारी में मारे गए 13 युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाता है.
टीएमसी के चार राज्यसभा सांसद दे चुके इस्तीफा
बता दें कि कोयल मल्लिक ने 6 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी. शपथ लेने के महज 101 दिन बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया. हालांकि, उन्होंने इस्तीफा देने की वजह सार्वजनिक नहीं की है. कोयल मल्लिक के इस्तीफे के साथ ही राज्यसभा से इस्तीफा देने वाले टीएमसी सांसदों की संख्या चार हो गई है. इससे पहले सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भी उच्च सदन की सदस्यता छोड़ चुके हैं. लगातार हो रहे इस्तीफों से राज्यसभा में टीएमसी की संख्या भी घट गई है. पहले पार्टी के 13 सदस्य थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर 9 रह गई है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू