बंगाल: मुर्शिदाबाद में रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय स्कूल वैन को ट्रेन ने मारी टक्कर, तीन छात्रों समेत पांच की मौत – murshidabad train accident 5 dead in school van collision news in hindi – Jagran

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर स्कूल वैन और लोकल ट्रेन की टक्कर में तीन छात्रों सहित पांच लोगों की मौत हो गई और चार गंभीर र …और पढ़ें
मुर्शिदाबाद हादसा।
मुर्शिदाबाद में स्कूल वैन-ट्रेन टक्कर, तीन छात्रों समेत पांच की मौत।
खुले रेलवे फाटक के कारण हुआ हादसा, गेटमैन अनूप कर्मकार गिरफ्तार।
रेलवे ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए, मृतकों को 10 लाख मुआवजा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण हादसा हुआ, जब एक रेलवे लेवल क्रासिंग (समपार फाटक) पार करते समय स्कूल के वाहन की लोकल ट्रेन के साथ जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वाहन में सवार तीन छात्रों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों में एक साइकिल सवार भी शामिल हैं। पूर्व रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब सात बजे मुर्शिदाबाद के बहरमपुर थाना क्षेत्र में कर्णसुबर्ण स्टेशन के निकट गोविंदपुर रेलवे फाटक पर उस समय हुई, जब स्कूल वैन रेल पटरी पार कर रही थी और तेज रफ्तार निमतिता-कटवा लोकल ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। हादसे के समय रेलवे का समपार फाटक खुला था। पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) शिवराम माझी ने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में पुलिस ने गेटमैन अनूप कर्मकार को गिरफ्तार किया है।
रेलवे ने गेटमैन के साथ संबंधित ट्रैक निरीक्षक कौशिक माल को तत्काल निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रत्येक मृतक के परिवार को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हावड़ा जाने वाली नवद्वीप धाम एक्सप्रेस के गुजरने के बाद रेलवे फाटक बंद था। एक्सप्रेस ट्रेन निकलने के तुरंत बाद फाटक खोल दिया गया, जबकि उसी लाइन पर कुछ ही देर बाद निमतिता-कटवा लोकल ट्रेन आने वाली थी। फाटक खुला देखकर स्कूल कार चालक बच्चों को लेकर पटरी पार करने लगा। उसी समय एक साइकिल सवार भी पटरी पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार लोकल ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और वह पटरी के किनारे जा गिरी। गोबिंदपुर गांव के तीन विद्यार्थियों और 50 वर्षीय साइकिल सवार जमशेद शेख की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में एक अन्य घायल ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई। हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बाद में बहरामपुर थाने की पुलिस भी पहुंची। वाहन में फंसे छात्रों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन विद्यार्थियों और वैन चालक को बाद में मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वाहन में चालक समेत आठ लोग सवार थे।
पूर्व रेलवे के सीपीआरओ ने दुर्घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि रेलवे ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए डयूटी पर तैनात गेटमैन को गिरफ्तार करा दिया। उन्होंने बताया कि घटना के कारणों की जांच के लिए तुरंत 10 सदस्यीय टीम को घटनास्थल पर भेजा गया। रेलवे ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने गेटमैन की लापरवाही और रेलवे की सिग्नल व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक्सप्रेस ट्रेन निकलने के बाद फाटक खोल दिया गया, जबकि दूसरी दिशा से लोकल ट्रेन आने वाली थी। फाटक खुला देखकर वैन चालक को लगा कि रास्ता सुरक्षित है, लेकिन कुछ ही क्षण बाद तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और बड़ा हादसा हो गया।
हादसे से नाराज स्थानीय लोगों ने आजीमगंज-कटवा रेलखंड पर रेल पटरी जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इससे कुछ समय तक इस मार्ग पर रेल परिचालन प्रभावित रहा।
इस रेल हादसे पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों के स्वजन के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस असहनीय दुख की घड़ी में पूरा राज्य शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने प्रशासन को घायलों और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री गौरी शंकर घोष अस्पताल पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। वहीं, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। उपचाराधीन घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस घटना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और जो भी इस हादसे के लिए जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News