आगरा। आगरा कॉलेज ने सेशन 2026-27 में एलएलबी और बीएएलएलबी फर्स्ट ईयर की एडमिशन प्रोसेस को लेकर बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) को लेटर भेज दिया है। इसके साथ ही कॉलेज प्रशासन ने एडमिशन से जुड़ी पूरी गाइडलाइंस भी जारी कर दी हैं। इसके तहत एडमिशन प्रोसेस दो स्टेप्स में पूरी होगी। जिन स्टूडेंट्स को लॉ कोर्सेज में एडमिशन के लिए अप्लाई करना है उन्हें सबसे पहले डॉ भीमराव आंबेडकर यूनिवर्सिटी के समर्थ पोर्टल पर वेब रजिस्ट्रेशन कराना होगा। समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद स्टूडेंट्स को आगरा कॉलेज की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म भरना होगा।
कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो सीके गौतम ने बताया कि एलएलबी और बीएएलएलबी फर्स्ट ईयर में एडमिशन पूरी तरह मेरिट के बेस पर ही किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कॉलेज की तरफ से नए सेशन 2026-27 में एडमिशन शुरू करने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया को लेटर भेजा जा चुका है। बीसीआई से अप्रूवल मिलते ही एडमिशन प्रोसेस तुरंत स्टार्ट कर दी जाएगी। आपको बता दें कि पिछले साल अक्टूबर के महीने में एडमिशन प्रोसेस शुरू हुई थी।
Copyright © 2026. All Rights Reserved