नमस्कार,
आज की सबसे बड़ी खबर लोकसभा के बाहर डिंपल यादव और सपा सांसदों के चंदा मांगने से जुड़ी है। वहीं, दूसरी बड़ी खबर कानपुर IIT की वेबसाइट हैकिंग को लेकर है। आइए, सिलसिलेवार तरीके से जानते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें…
1. राहुल के सपोर्ट में उतरे अखिलेश, कहा- छात्रों पर पैलेट गन चलाई, गृहमंत्री की जिम्मेदारी
लोकसभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को राहुल गांधी का सपोर्ट किया। अखिलेश ने संसद के बाहर कहा- छात्रों पर पैलेट गन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। इसकी जिम्मेदारी केंद्रीय गृह मंत्रालय की है। दरअसल, राहुल गांधी ने कहा था- गृहमंत्री ने दिल्ली में छात्रों पर फायरिंग के आदेश दिए। इसके बाद सत्तापक्ष ने जमकर हंगामा किया। पूरी खबर पढ़ें
2. एडमिशन न मिलने पर IIT कानपुर की वेबसाइट हैक की, छात्र बोला- बस एक मौका चाहिए
कानपुर IIT में एडमिशन न मिलने पर एक छात्र ने संस्थान की वेबसाइट हैक कर ली। उसने बैचलर इन साइबर सिक्योरिटी कोर्स में एडमिशन के लिए आवेदन किया था। मंगलवार को छात्र ने IIT की हाई-सिक्योरिटी वेबसाइट हैक कर उस पर मैसेज लिखा- मुझे बस एक मौका चाहिए। उसने एक्स और रेडिट पर हैकिंग के स्क्रीनशॉट शेयर कर इसकी जिम्मेदारी भी ली। पूरी खबर पढ़ें
3. पूर्व मंत्री की अंतिम यात्रा शुरू होते ही पत्नी बेहोश, भाई ने विधायक के केयरटेकर पर लगाया हत्या का आरोप
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री और पूर्व राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) नानकदीन भुर्जी की मौत मामले में नया मोड़ आ गया है। उनके छोटे भाई ने बलिया के बेल्थरा रोड विधायक हंसूराम के केयरटेकर मुहम्मद आरिफ पर हत्या का आरोप लगाते हुए लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में शिकायत की है। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को भैंसाकुंड पर हुआ। पूरी खबर पढ़ें
4. कारोबारी के पोते की हत्या करने वाले को 36 लाख कर्ज चुकाना था, गोरखपुर के वैभव हत्याकांड में खुलासा
गोरखपुर में सराफा कारोबारी के 10 साल के पोते हत्या करने वाले टीचर को 36 लाख रुपएकर्ज चुकाना था। यह बात उसने खुद पुलिस को बताई। उसने कहा कि इसीलिए मैंने एक करोड़ की फिरौती मांगी थी। AI की मदद से लॉरेंस गैंग के बारे में जानकारी जुटाई। इंटरनेट से 199 रुपए में कंबोडिया का मोबाइल नंबर खरीदा और फिर वॉट्सऐप अकाउंट बनाया। पूरी खबर पढ़ें
5. संभल में तेज बारिश, गोंडा में पेड़ नदी में समाए, काशी में 50 मंदिरों में घुसा पानी
यूपी में पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से नदियां उफान पर हैं। बलिया में सरयू नदी का पानी गांवों में घुस गया है। करीब 100 परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 50 से ज्यादा छोटे-बड़े मंदिरों में पानी भर गया है। गोंडा में घाघरा नदी के किनारे तेज कटान जारी है। कई बीघा जमीन और पेड़ नदी में समा चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें
अब 8 अहम खबरें…
6. प्रेमानंद महाराज गुरु पूर्णिमा पर राधारानी स्वरूप में दिखे, शिष्यों ने रास्ते पर फूल बिछाए
यूपी के मथुरा में गुरु पूर्णिमा पर संत प्रेमानंद महाराज ने शिष्यों को राधारानी स्वरूप में दर्शन दिए। शिष्यों ने गुरु के स्वागत के लिए 50 मीटर तक रास्ते में फूल बिछाए और उन्हें दंडवत प्रणाम कर आरती उतारी। सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में महायोगी गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरी खबर पढ़ें
7. 21 साल के अग्निवीर अभ्यर्थी की दौड़ते-दौड़ते मौत, फर्रुखाबाद में अचानक गश खाकर गिरा
फर्रुखाबाद में 21 साल के अग्निवीर अभ्यर्थी की दौड़ते-दौड़ते मौत हो गई। बुधवार सुबह 7 बजे वह स्टेडियम के चक्कर लगाते वक्त गश खाकर गिर पड़ा और उठ नहीं पाया। उसके साथियों ने सीपीआर दी, लेकिन उसे होश नहीं आया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाते वक्त रास्ते में ही उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें
8. घर से भागकर लव-मैरिज की, अब कानपुर में पत्नी की हत्या करके सुसाइड किया
कानपुर में पति ने पत्नी की हत्या करके मंगलवार को सुसाइड कर लिया था। चार महीने पहले ही दोनों ने लव मैरिज की थी। अब दोनों का एक पुराना वीडियो सामने आया है। इसमें वे पुलिस और परिजनों के सामने पूरी जिंदगी साथ रहने का वादा कर रहे हैं। दरअसल, सचेंडी इलाके में रहने वाले सौरभ (23) और रानी (20) ने घर से भागकर शादी की थी। पूरी खबर पढ़ें
9. पति ने हत्या के डर से पत्नी की शादी प्रेमी से करवाई, चंदौली में 27 साल छोटे प्रेमी के साथ भागी थी
यूपी के चंदौली में एक युवक ने अपनी पत्नी की उसके प्रेमी से शादी करा दी। उसे डर था कि कहीं पत्नी उसकी हत्या न करवा दे। महिला 47 साल की है और तीन बच्चों की मां है, जबकि उसका प्रेमी 20 साल का है। वह 4 महीने पहले प्रेमी संग भाग गई थी। मंगलवार को पति ने दोनों को रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया। वह पत्नी से हाथ जोड़कर घर चलने की मिन्नतें करता रहा। पूरी खबर पढ़ें
10. 5वीं के बच्चे की मौत, प्रिंसिपल समेत पूरा स्कूल सस्पेंड, कौशांबी में पिता बोले- बेटे का गला दबाया गया
यूपी के कौशांबी में सरकारी स्कूल में दो छात्रों के बीच मारपीट हो गई। पिता का आरोप है कि आरोपी छात्र ने उनके बेटे का गला दबा दिया। टीचर्स ने बीच-बचाव नहीं किया। मारपीट से बेटे की हालत बिगड़ गई। बुधवार सुबह 9 बजे प्रयागराज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजन और ग्रामीण शव लेकर स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। पूरी खबर पढ़ें
11. जिम वाली कांवड़ लेकर निकला सिपाही, मुजफ्फरनगर में बोला- शरीर को मंदिर बनाओ, नशे का घर नहीं
दिल्ली पुलिस में सिपाही अमित उर्फ मिट्ठू मदेरिया अपने तीन दोस्तों के साथ कांवड़ लेकर हरिद्वार के लिए निकले हैं। उन्होंने कांवड़ को बिल्कुल जिम की तरह सजाया है। आगे भोलेनाथ की प्रतिमा, पीछे डंबल समेत फिटनेस के उपकरण हैं। कांवड़ को मोटी लोहे की चेन से खींचते हुए चल रहे हैं। मंगलवार रात जब वे मुजफ्फरनगर पहुंचे, तो कांवड़ देखने के लिए भीड़ लग गई। पूरी खबर पढ़ें
12. 20 हजार के इनामी हत्यारोपी की बदल दी पहचान, गाजियाबाद में दूसरे नाम से जेल भेजा
गाजियाबाद में हत्या केस में फरार चल रहे 20 हजार के इनामी आरोपी को बदायूं पुलिस ने दूसरे नाम और पते से जेल भेज दिया। आरोपी को आर्म्स एक्ट मुकदमे में गिरफ्तार दिखाकर उसकी असली पहचान छिपाई गई। सोनू पर 12 जुलाई को गाजियाबाद के रीतराम कॉलोनी निवासी विपिन की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। मामला बुधवार को मामला सामने आया। पूरी खबर पढ़ें
13. कासगंज के कस्तूरबा गांधी स्कूल में छात्रा का शव मिला, छात्रावास में फंदे से लटकी मिली
कासगंज के सिढ़पुरा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बुधवार को छात्रा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। कक्षा 10 की छात्रा अनन्या मिश्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा के परिवार ने अनहोनी जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें
खबर जो हटकर है…
14. तहसीलदार युवक से बोले- मजे के लिए टावर पर चढ़े हो, जवाब- तुमने खूब काजू-बादाम खाए हैं
प्रयागराज में बुधवार सुबह 7 बजे एक युवक 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसके हाथ में कागजों की फाइल थी। युवक बोला- जब तक तालाब से कब्जा नहीं हटेगा, मैं टावर से नीचे नहीं उतरूंगा। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार ने कहा- मजे लेने के लिए टावर पर चढ़े हो? इस पर युवक नाराज हो गया। उसने कहा कि तुमने खूब खूब काजू-बादाम खाए हैं। पूरी खबर पढ़ें
कल कैसा रहेगा मौसम…
15. 12 जिलों में भारी बारिश, 41 में अलर्ट
30 जुलाई को मौसम विभाग ने यूपी के 41 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें मुरादाबाद, बरेली, सहारनपुर और रामपुर समेत 12 जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी है।
कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात….
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.