होर्मुज स्ट्रेट के संकट और बाधाओं को भारत ने किया बेअसर, केंद्रीय मंत्री पुरी बोले- तेल की कोई कमी नहीं – Jagran

पुरी ने कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (सीआईआई) के एक कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध से पहले भारत अपना आधा कच्चा तेल उन देशों से आयात करता था …और पढ़ें
होर्मुज स्ट्रेट के संकट और बाधाओं को भारत ने किया बेअसर- केंद्रीय मंत्री पुरी
भारत ने होर्मुज स्ट्रेट की बाधाओं से अपने उपभोक्ताओं को सफलतापूर्वक बचाया : पुरी
सीआईआई के कार्यक्रम में बोले, देश के एक भी फ्यूल स्टेशन पर खत्म नहीं हुआ ईंधन
भारत के पास हमेशा रहा कच्चे तेल का लगभग 60 दिनों का स्टॉक, कोई कमी नहीं हुई
पीटीआई, नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने की सरकार की व्यापक रणनीति बताते हुए कहा कि भारत ने इस वर्ष की शुरुआत में होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से आपूर्ति में आई रुकावटों से उपभोक्ताओं को अलग-अलग स्रोतों से आपूर्ति, रिफाइनिंग क्षमता में बढ़ोतरी और घरेलू उत्पादन बढ़ाने जैसे कदम उठाकर सफलतापूर्वक बचाया।
पुरी ने कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (सीआईआई) के एक कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध से पहले भारत अपना आधा कच्चा तेल उन देशों से आयात करता था जो होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते का इस्तेमाल करते थे।
साथ ही 90 प्रतिशत एलपीजी (रसोई गैस) और 60 प्रतिशत प्राकृतिक गैस का आयात इसी रास्ते से होता था। लेकिन भारत ने अपने स्रोतों में विविधता लाकर देश में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं होने दी।
पुरी ने देशभर में 1,07,000 से अधिक फ्यूल रिटेल आउटलेट के नेटवर्क का उल्लेख करते हुए कहा, “मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि एक भी स्टेशन पर ईंधन खत्म नहीं हुआ। हमें कभी भी कच्चे तेल की आपूर्ति की कमी का सामना नहीं करना पड़ा। हमारे पास हमेशा लगभग 60 दिनों का स्टाक (कवर) था; कोई कमी नहीं हुई।”
पुरी ने बताया कि भारत ने कच्चे तेल की आपूर्ति के लिए अपने स्रोतों को 27 देशों से बढ़ाकर 41 कर लिया है, अपने फ्यूल रिटेल नेटवर्क को 2014 में लगभग 52,000 से बढ़ाकर लगभग 1,07,000 कर लिया है और शहर में गैस वितरण के दायरे को 55 भौगोलिक क्षेत्रों से बढ़ाकर 309 कर लिया है।
उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों से आयात में कमी की भरपाई के लिए घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ाया गया। अमेरिका एलपीजी की आपूर्ति करने वाला सबसे बड़ा देश बनकर उभरा है। आज भारत के एलपीजी आयात का लगभग 67 प्रतिशत अमेरिका से होता है।
इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि आपूर्ति में सुधार के बावजूद भू-राजनीतिक संघर्षों के कारण वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य में अनिश्चितता बनी हुई है।
ई-20 पेट्रोल को लेकर हालिया चिंताओं पर पुरी ने बड़े पैमाने पर ईंधन में मिलावट की बातों को खारिज कर दिया।
उन्होंने बताया कि तेल कंपनियों के परीक्षण में 1,07,000 पेट्रोल पंपों में से इसके सिर्फ चार मामले मिले। किसी भी ईंधन या उत्पाद में मिलावट की घटनाएं हो सकती हैं, लेकिन नतीजों से किसी बड़ी व्यवस्थागत समस्या का संकेत नहीं मिलता।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News