बेल्जियम में सीवर लाइन बिछाते समय तहखाने में मिला 85 करोड़ रुपए का सोना, मजदूरों की बदल गई किस्मत – Jagran

बेल्जियम के डेंडरमोनडे में सीवर लाइन बिछाने के दौरान एक पुरानी इमारत के तहखाने से 85 करोड़ रुपये से अधिक का सोना मिला।
तहखाने में मिला 85 करोड़ रुपए का सोना (सोशल मीडिया)
डिजिटल डेस्क, ब्रुसेल्स। बेल्जियम में सीवर लाइन बिछाने के दौरान एक रूटीन मरम्मत के काम में कुछ ऐसा हुआ कि मजदूरों की किस्मत चमकते-चमकते रह गई। काम के दौरान एक पुरानी इमारत के तहखाने से 1 करोड़ डॉलर (लगभग 85 करोड़ रुपए) से ज्यादा का सोना बरामद हुआ है। यह घटना बेल्जियम के सेंट-गिल्स-डेंडरमोनडे इलाके की है, जहां कुछ मजदूर और छात्र एक पुरानी इमारत के फर्श की नींव हटाकर सीवर का पाइप डाल रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार काम कर रहे 18 साल के छात्र कोबे और साइट मैनेजर मारियो ने जब जमीन पर कुछ चमकती हुई चीज देखी, तो उन्हें लगा कि शायद ये 1 यूरो के सिक्के हैं। लेकिन पास जाकर देखने पर उन्हें पता चला कि वह सोने के सिक्के और बिस्कुट हैं। 33 साल से कंस्ट्रक्शन का काम देख रहे मारियो ने बताया कि उनके जीवन का यह सबसे हैरान कर देने वाला पल था, जिसे वे कभी नहीं भूल सकते।
नियमों के मुताबिक, मजदूर इस सोने को अपने पास नहीं रख सकते थे। मारियो और उनकी टीम ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी और सारा सोना पुलिस के हवाले कर दिया। उनका कहना था कि इसे छुपाना चोरी होता और कानूनन गलत है।
फिलहाल यह खजाना डेंडरमोनडे के एक चैरिटी संगठन के पास है, जो जरूरतमंदों की मदद करता है। वे इस खजाने का इस्तेमाल अपने सामाजिक कार्यों के लिए करना चाहते हैं।
बता दें कि इस खजाने का असली मालिक कौन है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, स्थानीय इतिहासकार का मानना है कि यह वहां के एक पुराने शराब बनाने वाले परिवार ‘वान अशे’ का हो सकता है।
बेल्जियम के कानून के मुताबिक, असली मालिक के पास इस खजाने पर दावा करने के लिए 5 साल का समय है। अगर 5 साल तक कोई मालिक सामने नहीं आता है, और यह खजाना किसी अपराध से जुड़ा नहीं है, तो इसे ढूंढने वाले और संपत्ति के मालिक में बांटा जा सकता है। ऐसे छात्र कोबे का कहना है कि उन्हें सोना भले ही न मिले, लेकिन वे उम्मीद कर रहे हैं कि इतनी बड़ी खोज के लिए उन्हें कुछ ‘फाइंडर फीस’ (इनाम) जरूर मिलेगी।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News