Search
Yuvraj Singh
Date: 29-08-26 21:30
Toxic Box office Collection In Hindi: यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को भले ही सिनेमाघरों में मिली-जुली प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ रहा हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका जलवा लगातार कायम है. खासकर हिंदी बेल्ट में फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है और महज चार दिनों में ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है. इसी के साथ ‘टॉक्सिक’ ने कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं.
चौथे दिन भी जारी है कमाई का सिलसिला
करीब चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे यश को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखने को मिला. फिल्म ने रिलीज के पहले दिन ही 101.10 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था. इसके बाद दूसरे दिन 37.65 करोड़ और तीसरे दिन 27.20 करोड़ रुपये की कमाई हुई. सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, चौथे दिन रात 8:30 बजे तक फिल्म ने 14.13 करोड़ रुपये जोड़ लिए थे, जिसके बाद इसका भारत में नेट कलेक्शन 180.08 करोड़ रुपये हो गया.
हिंदी में सबसे आगे निकली ‘टॉक्सिक’
भाषाओं के हिसाब से देखें तो ‘टॉक्सिक’ का सबसे मजबूत प्रदर्शन हिंदी में देखने को मिला है. फिल्म ने हिंदी वर्जन से अब तक 107.58 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. वहीं कन्नड़ में 41.06 करोड़, तेलुगु में 21.35 करोड़, तमिल में 8.19 करोड़ और मलयालम में 1.90 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई है. हिंदी मार्केट में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
2026 की टॉप हिंदी फिल्मों में शामिल
हिंदी में 100 करोड़ पार करने के साथ ‘टॉक्सिक’ अब 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में भी ऊपर पहुंच गई है. चार दिनों के कलेक्शन के बाद फिल्म ने ‘कॉकटेल 2’ के 104.53 करोड़ और ‘ओ रोमियो’ के 83.35 करोड़ रुपये के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है. इस प्रदर्शन के साथ ‘टॉक्सिक’ हिंदी में साल की सातवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है.
1. धुरंधर 2- 1186.32 करोड़
2. बॉर्डर 2- 362.76 करोड़
3. भूत बंगला- 199.23 करोड़
4. धमाल 4- 177.92 करोड़
5. आवारापन 2- 149.48 करोड़
6. वेलकम टू द जंगल- 137.93 करोड़
7. टॉक्सिक- 106.35 करोड़ (स्टिल रनिंग)
8. कॉकटेल 2- 104.53 करोड़
9. ओ रोमियो- 83.35 करोड़
RRR का रिकॉर्ड भी किया ध्वस्त
‘टॉक्सिक’ की सबसे खास उपलब्धियों में से एक एसएस राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘RRR’ का रिकॉर्ड तोड़ना है. यश की फिल्म ने हिंदी में महज चार दिनों में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया, जबकि ‘RRR’ को इस मुकाम तक पहुंचने में पांच दिन लगे थे. गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ को यश ने प्रोड्यूस किया है और मौजूदा बॉक्स ऑफिस रफ्तार को देखते हुए फिल्म से आने वाले दिनों में और बड़े आंकड़ों की उम्मीद की जा रही है.
ये भी पढ़ें: जिस फिल्म को नहीं मिली ओपनिंग, वही अब कर रही छप्परफाड़ कमाई; बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ का कमाल