नेपाल में आई भीषण आपदा में अब तक 108 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचाया गया है, जबकि 275 भारतीय और 128 भारतीय मूल के लोग अभी भी लापता हैं।
बचाव अभियान।
88 भारतीय नागरिक सुरक्षित निकाले गए, 287 अभी भी लापता।
भारत ने बचाव और पहचान के लिए विशेषज्ञ दल भेजे।
भारतीय दूतावास ने 24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी किए।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेपाल में आए विनाशकारी बाढ़ और आपदा के बीच भारत सरकार लगातार अपने नागरिकों की तलाश और बचाव कार्य में जुटी हुई है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार को जानकारी दी कि अब तक कुल 108 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 275 भारतीय अभी भी लापता हैं। इसके अलावा, भारतीय मूल के 128 लोगों के भी लापता होने की खबर है। इस भीषण आपदा में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 669 हो गई है।
Update on Indian Nationals impacted by the floods in Nepal ⬇️ pic.twitter.com/Dykp0wgh6d
हाइड्रोपॉवर प्रोजेक्ट से बचाए गए चार भारतीय रासुवा जिले में स्थित एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से चार भारतीय नागरिकों रिपु कुमार, चनेश्वर नार्जारी, कृपा शंकर और मोहम्मद मिन्हाजुद्दीन को शनिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इन सभी को जल्द ही काठमांडू पहुंचाए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा, चीन के रास्ते नेपाल पहुंचे 598 भारतीय नागरिकों को भी शनिवार को सुरक्षित निकाल लिया गया।
भारत से फोरेंसिक और तकनीकी टीमें तैनात राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के लिए भारत ने नेपाल में विशेषज्ञ दल भेजे हैं। मृतकों के शवों की पहचान करने और डीएनए सैंपल की जांच में मदद के लिए भारत से फोरेंसिक विशेषज्ञों की 6 टीमें काठमांडू पहुंच रही हैं।
इसके साथ ही सुरंग में फंसे लोगों को निकालने के लिए एक विशेष तकनीकी टीम ने शुक्रवार को ही काठमांडू पहुंचकर काम शुरू कर दिया था। इस टीम की सिफारिशों के आधार पर आधुनिक उपकरणों से लैस एक विशेष टनल रेस्क्यू टीम भी शनिवार को नेपाल पहुंच गई है।
भारतीय दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर नेपाल में फंसे भारतीयों या उनके परिवारों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास ने चौबीस घंटे (24×7) काम करने वाला एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया है। किसी भी मदद के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। +977 985 131 6807, +977 970 910 7500।