टोंक जिले की दस नगर निकायों के 315 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 1163 प्रत्याशियों की हार-जीत का फैसला सोमवार सुबह हो जाएगा। जिले में दो चरणों में हुए मतदान के बाद सोमवार सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना शुरू होने के कुछ घंटे बाद ही कई वार्डों के प
टोंक नगर परिषद के 60 वार्डों में से 59 वार्डों की मतगणना बहिर रोड स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टोंक में होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर टीना डाबी ने बताया कि नगर परिषद टोंक की मतगणना गर्वनमेंट पीजी कॉलेज टोंक के कमरा नंबर एन-3 एवं एन-4 में 15 टेबल पर 18 राउंड में होगी। नगरपालिका टोडारायसिंह की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टोडारायसिंह के कमरा नंबर 3 में 5 टेबल पर 7 राउंड में होगी।
इसी प्रकार नगरपालिका पीपलू की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पीपलू के विवेकानंद सागर में 4 टेबल पर 5 राउंड में और नगरपालिका निवाई की मतगणना कृषि उपज मंडी समिति के कमरा नंबर 1 के प्रथम तल पर 5 टेबल पर 9 राउंड में होगी।
नगरपालिका उनियारा की मतगणना राजकीय महाविद्यालय उनियारा के कॉन्फ्रेंस हॉल में 4 टेबल पर 5 राउंड में, नगरपालिका दूनी की राजकीय कन्या महाविद्यालय दूनी के कक्षा-कक्ष नंबर 2 में 3 टेबल पर 7 राउंड में तथा नगरपालिका देवली की मतगणना पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली के कमरा नंबर 18 में 3 टेबल पर 12 राउंड में होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगरपालिका मालपुरा, लाम्बाहरिसिंह एवं डिग्गी की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मालपुरा में होगी। विद्यालय के कमरा नंबर 32 में 5 टेबल पर 12 राउंड में मालपुरा, कमरा नंबर 39 में 4 टेबल पर 5 राउंड में लाम्बाहरिसिंह तथा कमरा नंबर 36 में 4 टेबल पर 7 राउंड में डिग्गी की मतगणना होगी। मतगणना को लेकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जा चुके हैं।
विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे
नगर निकाय आम चुनाव-2026 की घोषणा के बाद जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी की गई थी। कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट टीना डाबी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचित सदस्यों, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष की ओर से विजय जुलूस नहीं निकाला जा सकेगा। निर्देशों की अवहेलना करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मतगणना स्थल पर रहेगा त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
नगर निकाय चुनाव-2026 की मतगणना निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रविवार को जिला पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने मतगणना ड्यूटी में तैनात जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ रणनीतिक बैठक की। बैठक में मतगणना स्थलों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा और सख्त निगरानी रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक रोशन मीना ने मतगणना केंद्रों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना स्थलों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। बिना अधिकृत प्रवेश पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतगणना केंद्र के आसपास भी नहीं आने दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपद्रवियों और अफवाह फैलाने वालों पर साइबर टीम की विशेष नजर रहेगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखेगी, ताकि अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.