मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के बोचहा पंचायत स्थित बोचहा बांध में सोमवार देर शाम को करंट लगने से 19 साल के एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बोचहा बांध निवासी राजन महतो के बेटे किशन कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, किशन कुमार सोमवार देर शाम किसी काम से पानी से होकर जा रहा था। तभी बिजली के पोल से सर्विस वायर टूटकर पानी में लटक रहा था। इसी दौरान किशन कुमार पानी के संपर्क में आया और उसे करंट लग गया।
हादसे के बाद परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोहिउद्दीननगर लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किशन कुमार को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि रविश कुमार सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने तुरंत स्थानीय थाने को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दलसिंहसराय से शव वाहन बुलाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हादसे की सूचना पर कई ग्रामीण भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। थानाध्यक्ष विनय कुमार ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के परिजनों के आवेदन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पैक्स अध्यक्ष सोनू कुमार, लालबाबू पासवान, मनीष सिंह, विकास सिंह, भरत महतो, लक्ष्मण महतो, एसआई रामकुमार और वशिष्ठ राम सहित कई लोग मौके पर मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.