'जल्दी कर, पनवेल निकलना है', अहमदाबाद के कॉलेज में छात्र की बात सुनकर भड़के प्रोफेसर, पकड़ लिया कॉलर – jagran.com

अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर ने छात्र का कॉलर पकड़ लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो …और पढ़ें
निरमा यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर ने छात्र का कॉलर पकड़ा।
छात्र की मजाकिया टिप्पणी पर प्रोफेसर हुए आगबबूला।
एनएसयूआई ने प्रोफेसर से सार्वजनिक माफी की मांग की।
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद स्थित निरमा यूनिवर्सिटी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर और छात्र के बीच हुई झड़प का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें प्रोफेसर साहब छात्र का कॉलर पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं।
बता दें कि यह पूरा विवाद यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय तकनीकी और सांस्कृतिक उत्सव ‘टेक्नोफ्रा 2026’ के दौरान हुआ। यह कार्यक्रम 18 से 20 सितंबर के बीच इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विभाग की तरफ से आयोजित किया गया था, जिसमें 800 से अधिक लोग शामिल हुए थे।
कार्यक्रम के दौरान जब एक स्टैंड-अप कॉमेडी शो रजत सूद का शो चल रहा था, तब मंच पर एक प्रोफेसर मौजूद थे। प्रोफेसर साहब जब स्टेज पर कुछ बोलने के लिए आगे बढ़ रहे थे, तो थोड़ी देरी हो गई। इसी बीच भीड़ में बैठे एक छात्र ने बॉलीवुड फिल्म ‘गोलमाल 3’ का मशहूर डायलॉग मजाकिया अंदाज में चिल्ला दिया, ‘अरे जल्दी कर, सुबह पनवेल निकलना है’।
छात्र की यह टिप्पणी मंच पर मौजूद प्रोफेसर को नागवार गुजरी और वे गुस्से से आगबबूला हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन प्रोफेसर की पहचान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख डॉ. हिमांशु के पटेल के रूप में हुई है।
गुस्से में आए प्रोफेसर ने तुरंत उस छात्र को मंच पर बुलाया। जैसे ही छात्र स्टेज पर चढ़ा, प्रोफेसर ने सभी स्टूडेंट्स और लोगों के सामने उसका कॉलर पकड़ लिया। यही नहीं, उसे धमकाते हुए कड़े शब्दों में कहा कि मैं किसी भी हद तक जा सकता हूं। जिस दिन तुमने निरमा यूनिवर्सिटी कैंपस के किसी फैकल्टी सदस्य का अपमान करने की हिम्मत की, तुम हमेशा के लिए बाहर हो जाओगे।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दोतरफा बहस छिड़ गई है। एक तरफ, कुछ लोगों का मानना है कि छात्र की तरफ से शिक्षक के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना अनुचित है।
दूसरी तरफ, कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने प्रोफेसर की तरफ से छात्र का कॉलर पकड़ने और उसे खुलेआम धमकाने की कड़ी निंदा की है। NSUI ने प्रोफेसर से सार्वजनिक माफी मांगने और इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे यूनिवर्सिटी कैंपस में जोरदार प्रदर्शन करेंगे।
गौरतलब है कि इस पूरे मामले पर जब न्यूज एजेंसी PTI ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से संपर्क किया, तो उनका रवैया टालमटोल वाला रहा। यूनिवर्सिटी के एक एग्जीक्यूटिव रजिस्ट्रार ने इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया।
फिलहाल, यूनिवर्सिटी की तरफ से कोई भी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो ने कैंपस की सुरक्षा और शिक्षक-छात्र के रिश्तों पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News