Rashmi Singh
Date: 28-09-26 07:20
Ambala Building Collapse: हरियाणा के अंबाला में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी. धूलकोट गांव में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के समय वहां बड़ी संख्या में मजदूर निर्माण कार्य में जुटे हुए थे. इमारत के मलबे में कई मजदूर दब गए. अब तक हादसे में 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 10 से ज्यादा मजदूर घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं.
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा रविवार शाम से ठीक पहले उस वक्त हुआ, जब इमारत में निर्माण का काम चल रहा था. कुछ मजदूर भूतल पर काम कर रहे थे, जबकि कई श्रमिक ऊपरी मंजिलों पर लैंटर डालने के काम में जुटे थे. अचानक इमारत का एक हिस्सा ढह गया और देखते ही देखते मलबा नीचे की मंजिलों तक जा गिरा. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और पुलिस तथा आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी.
6 लोगों की मौत
अंबाला की सिविल सर्जन रेणु बेरी के अनुसार, हादसे के बाद 12 घायल मजदूरों को अस्पताल लाया गया था. इनमें से पांच का इलाज अभी जारी है. दो लोगों को उनकी मांग पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि शाम के समय चार लोगों को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था और उनके शवों को शवगृह में रखा गया. बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई.
मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी
हादसे के बाद मलबे में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई. अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं. उन्होंने बताया कि दो-तीन लोगों का पता लगाया जा चुका है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं. बचाव दल मलबे को सावधानीपूर्वक हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं.
दो महीने से चल रहा था निर्माण
धूलकोट गांव में यह इमारत अंबाला छावनी से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. बताया गया है कि यहां करीब दो महीने से निर्माण कार्य चल रहा था. रविवार को तीसरी मंजिल पर 17 मजदूर लैंटर डालने के काम में लगे थे. इसी दौरान इमारत के पीछे की तरफ का लैंटर अचानक नीचे गिर गया. इसके बाद दूसरी और पहली मंजिल के लैंटर भी ढह गए और दीवारें भी गिर गईं.
लैंटर के सरियों के जाल में फंसे मजदूर
हादसे के दौरान पहली मंजिल पर करीब 10 से 12 मजदूर दीवारों पर प्लास्टर का काम कर रहे थे. इमारत का हिस्सा गिरने के बाद कई मजदूर लैंटर के सरियों के जाल में फंस गए. इनमें से छह मजदूर आगे की तरफ कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि बाकी मलबे के नीचे जा दबे. बताया गया है कि दूसरी मंजिल का लैंटर करीब 10 से 12 दिन पहले ही डाला गया था और उसकी शटरिंग एक-दो दिन पहले ही हटाई गई थी. हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है.
ये भी पढ़ें- हरियाणा के अंबाला में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत भरभराकर गिरी, 2 मजदूरों की मौत, कई मलबे में फंसे
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें