मथुरा में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान की शुक्रवार को मथुरा में शुरुआत हुई। इस अवसर पर INDIA गठबंधन के घटक दलों की संयुक्त बैठक और प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर साझा अभियान चलाने के साथ आगामी विरोध प्रदर्शनों और जनजागरूकता कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेता प्रदीप माथुर, समाजवादी पार्टी की महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल और कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम सहित गठबंधन के अन्य नेताओं ने अभियान को लेकर विचार-विमर्श किया। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सभी सहयोगी दल एकजुट होकर जनता के बीच जाएंगे।
प्रदीप माथुर ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान से जुड़े गंभीर विषयों पर INDIA गठबंधन के सभी घटक दल मिलकर साझा कार्यक्रम आयोजित करेंगे। बैठक में आने वाले दिनों की रणनीति और सभी दलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की गई है।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पं. यतेंद्र मुकद्दम ने कहा कि अभियान की शुरुआत हो चुकी है। इसे जिला और महानगर तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि ब्लॉक, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, सपा महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता में लोकतंत्र और संविधान के प्रति जागरूकता फैलाना है। इसमें अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में तय किया गया कि 8 अक्टूबर तक जिला, ब्लॉक, वार्ड और बूथ स्तर पर संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके जरिए कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल मजबूत करने के साथ अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
संयुक्त बैठक और प्रेस वार्ता में INDIA गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के पदाधिकारी, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, जिला एवं महानगर स्तर के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.