Feedback
निर्देशक और लेखक डॉ. विशाल चतुर्वेदी की भक्ति-भाव वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने इस समय लोगों के दिलों में आस्था की नई लहर पैदा कर दी है. फिल्म की जबरदस्त कामयाबी के बाद नैनीताल स्थित प्रसिद्ध ‘कैंची धाम’ में बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है. इसी को देखते हुए -डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी का एक विशेष वीडियो संदेश सामने आया है.
दरअसल कैंची धाम में मंदिर परिसर में लगी भक्तों की लंबी कतारों और भीड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डायरेक्टर का वीडियो मैसेज सामने आया है, जिसमें उन्होंने कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से एक भावुक अपील की है.
विशाल चतुर्वेदी ने श्रद्धालुओं से क्या कहा?
अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर ‘हनुमान अंश’ के लेखक और निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने ‘जय सीताराम’ से अपनी बात शुरू करते हुए कहा कि कैंची धाम में इस वक्त बहुत भारी भीड़ देखने को मिल रही है. कई लोगों का कहना है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखने के बाद लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंच रहे हैं. उन्होंने कहा कि परिस्थिति चाहे जैसी भी हो, हमें कैंची धाम जाने से पहले वहां के हालात और व्यवस्थाओं की सही जानकारी ले लेनी चाहिए. उन्होंने भक्तों से अपील करते हुए कहा कि अगर कैंची धाम में घंटों लंबी लाइनें लगी हैं और अत्यधिक भीड़ है, तो लोग बाबा नीम करौली से जुड़े अन्य पवित्र स्थानों का रुख कर सकते हैं.
Humble request 🙏❤️#kaichidham pic.twitter.com/rFOrmQVzxj
उन्होंने वीडियो में आगे श्रद्धालुओं को विकल्प देते हुए बताया कि बाबा नीम करौली महाराज के कई और भी पावन स्थान हैं, जहां जाकर भक्त उनका आशीर्वाद ले सकते हैं. उन्होंने ऋषिकेश-नैनीताल मार्ग पर स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर, अकबरपुर (जहां महाराज जी का जन्म स्थान है), वृंदावन स्थित समाधि स्थल और नीब करौरी गांव (जहां बाबा जी ने कठिन तपस्या की थी) का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यदि कैंची धाम में बहुत अधिक भीड़ के कारण पहुंचना कठिन हो रहा हो, तो इन पवित्र स्थलों पर भी बाबा जी की वही कृपा और उपस्थिति महसूस की जा सकती है. उन्होंने याद दिलाया कि महाराज जी तो हर भक्त के दिल में बसते हैं.
श्रद्धालुओं की सहूलियत पर जोर देते हुए उन्होंने आगे कहा कि अत्यधिक भीड़ और लंबे जाम के कारण परिवार के बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई जगह लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं और घुटन महसूस करते हैं. ऐसी परिस्थितियां न बनें, इसके लिए जरूरी है कि भक्त समझदारी दिखाएं और स्थिति का सही आकलन करने के बाद ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं.
बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश‘ का धमाकेदार प्रदर्शन
अगर फिल्म के कमाई के आंकड़ों की बात करें, तो ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान रचे हैं. रिलीज के 58वें दिन भी फिल्म सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है. घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अब तक 379.96 करोड़ रुपये का ग्रॉस और 321.73 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन दर्ज कर लिया है. वहीं वर्ल्डवाइड पर फिल्म की कुल कमाई 419.46 करोड़ रुपये के शानदार आंकड़े को पार कर चुकी है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू