Feedback
सलमान खान को बॉलीवुड का ‘भाईजान’ यूं ही नहीं कहा जाता. उनकी फिल्में हों, डायलॉग हों या सोशल मीडिया पर कही कोई छोटी-सी बात, अक्सर उसका असर उम्मीद से कहीं ज्यादा बड़ा दिखाई देता है. लेकिन इस बार जो हुआ, उसने सलमान के स्टारडम की एक अलग तस्वीर दिखा दी है. भाईजान की एक छोटी-सी लाइन सोशल मीडिया पर वायरल हुई, मीम बनी और अब वही अंदाज देश की राजनीति तक पहुंच गया है. जी हां, बात हो रही है- ‘It’s Done, Bro’ की.
दिलचस्प बात ये है कि सलमान खान की ‘It’s Done Bro’ लाइन ने पहले सोशल मीडिया पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाले मीम्स और पोस्ट्स में जगह बनाई थी. अब यही लाइन एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में गूंज रही है. जंतर-मंतर पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘Gyanesh, It’s Done Bro’ जैसे नारे और संदेश सुनाई दिए, जिनका सीधा निशाना मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार थे. बीते एक महीने से ये वाक्य सोशल मीडिया के चक्कर काट रहा है.
कुछ महीने पहले जिस लाइन को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग से जोड़ा गया, वही अब ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग का तंज बन गई है. सलमान ने इसे शायद सिर्फ सोनम वांगचुक से बात करते हुए कहा था, लेकिन सोशल मीडिया ने इस लाइन को ऐसा ट्रेंड बनाया कि अब इसका इस्तेमाल सरकार और संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर राजनीतिक संदेश देने के लिए भी हो रहा है. यही वजह है कि ‘It’s Done Bro’ अब सिर्फ एक वायरल मीम नहीं, बल्कि सलमान खान की पॉपुलर लाइन से निकला एक पॉलिटिकल पॉप-कल्चर रेफरेंस बनता दिखाई दे रहा है.
एक लाइन, जिसने इंटरनेट का मूड बदल दिया
जुलाई 2026 में सामाजिक कार्यकर्ता और इंजीनियर सोनम वांगचुक NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में जवाबदेही जैसे मुद्दों को लेकर 26 दिन के अनशन पर थे. उनका अनशन 28 जून को शुरू हुआ था और 23 जुलाई को उन्होंने इसे खत्म किया.
इसी दौरान सलमान खान ने सोशल मीडिया पर सोनम से अनशन खत्म करने की अपील की. उनका अंदाज बिल्कुल सलमान वाला था- सीधा, अनऑफिशियल और दोस्ताना. उन्होंने लिखा, “Sonam, it’s done, bro. Don’t extend this…” और उनसे कुछ खाने की अपील भी की. बस यहीं से ‘It’s done, bro’ इंटरनेट का नया कैचफ्रेज बन गया.
सलमान की लाइन बनी मीम टेम्पलेट
सलमान की इस अपील के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसी लाइन को अलग-अलग मौकों पर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया. गंभीर राजनीतिक घटनाओं से लेकर रोजमर्रा की छोटी-बड़ी बातों तक, ‘इट्स डन ब्रो’ मीम का हिस्सा बन गया.
सलमान की लाइन उस समय और ज्यादा चर्चा में आई जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसी वाक्य को नए संदर्भ में इस्तेमाल किया. सोशल मीडिया पर मीम्स और एडिटेड पोस्ट की बाढ़ आ गई. सलमान ने कोई नया राजनीतिक नारा बनाने की कोशिश नहीं की थी. उन्होंने बस अपनी भाषा में एक बात कही, लेकिन इंटरनेट ने उसे अपने हिसाब से उठा लिया.
असली कमाल यही है- लाइन संदर्भ से बाहर निकल गई
किसी भी वाक्य के ट्रेंड बनने की सबसे बड़ी निशानी यह होती है कि वह अपने मेन कंटेक्स्ट से बाहर निकल जाए. ‘It’s done, bro’ के साथ भी यही हुआ. शुरुआत सोनम वांगचुक के अनशन से हुई, लेकिन कुछ ही समय में यह लाइन किसी भी काम के पूरा होने, किसी विवाद के खत्म होने या किसी घटना पर मजाकिया प्रतिक्रिया देने का तरीका बन गई.
यही वह जगह है जहां सलमान को ‘ट्रेंड सेटर’ कहा जा सकता है. उन्होंने किसी अभियान की रणनीति नहीं बनाई, कोई लंबा भाषण नहीं दिया- बस अपनी शैली में एक लाइन कही और सोशल मीडिया ने उसे अपना लिया.
अब राजनीति में भी पहुंची ‘भाई’ की भाषा
इस कहानी का सबसे दिलचस्प मोड़ अब आया है. 6 अक्टूबर 2026 को राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के विरोध मार्च के दौरान इसी वायरल लाइन का इस्तेमाल किया. उन्होंने चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाते हुए लिखा और कहा-“Gyanesh, it’s done, bro. Time to resign.” ये बताने के लिए वह पुलिस की लगाई बैरिकैड तक पर चढ़ गए थे.
Gyanesh, it’s done, bro. Time to resign. #IndiaAllianceMarch https://t.co/9ZB6aJfakl
जो लाइन कुछ महीने पहले एक बॉलीवुड स्टार की सोशल मीडिया पोस्ट से निकली थी, अब वही लाइन देश की मुख्यधारा की राजनीति में एक राजनीतिक तंज के तौर पर इस्तेमाल हो रही है. राहुल गांधी के पोस्ट और विरोध प्रदर्शन की तस्वीरों में यह लाइन प्लेकार्ड के रूप में भी नजर आई.
सलमान का असर सिर्फ डायलॉग तक सीमित नहीं
सलमान खान की लोकप्रियता की सबसे बड़ी खासियत यह है कि उनका अंदाज लोगों को तुरंत समझ आता है. वह अक्सर बेहद सामान्य और बोलचाल की भाषा में बात करते हैं. ‘भाई’, ‘ब्रो’ और छोटे-छोटे सीधे वाक्य उनकी सोशल मीडिया पर्सनैलिटी का हिस्सा हैं. यही वजह है कि उनकी कोई लाइन सोशल मीडिया पर आसानी से मीम, कैप्शन या स्लोगन बन सकती है.
‘It’s done, bro’ इसका ताजा उदाहरण है.
दिलचस्प बात यह है कि बाद में सोनम वांगचुक ने भी सलमान की वायरल लाइन पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा कि सलमान ने छात्रों के लिए अपनी बात रखी, इसलिए वह उसकी इज्जत करते हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हर किसी की अपनी मजबूरियां होती हैं. इससे यह पूरा मामला सिर्फ एक मीम नहीं रह गया.
क्या सलमान सच में ‘ट्रेंड सेटर’ हैं?
अगर ट्रेंड सेटर का मतलब यह है कि कोई व्यक्ति बिना किसी बड़ी योजना के ऐसी भाषा या स्टाइल सामने रख दे जिसे लोग बड़े पैमाने पर दोहराने लगें, तो ‘It’s done, bro’ सलमान के प्रभाव का मजबूत उदाहरण जरूर है.
पहले यह लाइन एक एक्टर ने एक एक्टिविस्ट से कही. फिर यह मीम बनी. इसके बाद इसे राजनीतिक घटनाओं पर इस्तेमाल किया गया और अब देश के नेता ने भी उसी अंदाज को अपना लिया. यही सलमान खान का ‘भाईजान इम्पैक्ट’ है- वह जो कहते हैं, जरूरी नहीं कि वह सिर्फ उनकी बात रह जाए. कई बार इंटरनेट उसे ट्रेंड बना देता है.
और इस बार तो मामला और बड़ा है. ‘It’s done, bro’ अब सिर्फ सलमान की लाइन नहीं रही, यह 2026 के इंटरनेट और राजनीतिक विमर्श की पहचान बनती दिख रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू