ग्रेटर नोएडा के इंटरनेशनल ट्रेड शो में पहचान बनाने के बाद उत्तर प्रदेश की ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) पहल अब राष्ट्रीय मंच पर पहुंचने जा रही है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर 2026 तक होने वाले 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ) में पहली बार ओडीओसी का स्टॉल लगाया जाएगा।
यहां ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ (ओडीओपी) के साथ प्रदेश के अलग-अलग जिलों के स्थानीय व्यंजन, पारंपरिक स्वाद और उनसे जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। मकसद स्थानीय पाक परंपराओं को सिर्फ पहचान तक सीमित न रखकर उन्हें ब्रांडिंग, बाजार और कारोबार से जोड़ना है।
ओडीओपी के बाद अब स्थानीय स्वाद की ब्रांडिंग
उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की अपनी खास पाक पहचान है। ओडीओसी इसी स्थानीय पहचान को व्यवस्थित तरीके से बाजार तक पहुंचाने की पहल है। अब तक ओडीओपी के जरिए जिलों के विशिष्ट उत्पादों को देश-दुनिया के बाजार से जोड़ने पर जोर रहा है। ओडीओसी के जरिए इसी मॉडल का विस्तार स्थानीय व्यंजनों और पाक विरासत तक किया जा रहा है। आईआईटीएफ में लगने वाले स्टॉल पर देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले खरीदारों, कारोबारियों और निवेशकों को यूपी के स्थानीय व्यंजनों और उनसे जुड़े उत्पादों की जानकारी मिलेगी।
ओडीओपी के साथ ओडीओसी, एक मंच पर उत्पाद और स्वाद
योगी सरकार स्थानीय उत्पादों को बाजार और ब्रांडिंग से जोड़ने के लिए ओडीओपी को आगे बढ़ा रही है। अब ओडीओसी के जरिए प्रदेश की पाक विरासत को भी इसी आर्थिक मॉडल से जोड़ा जा रहा है। आईआईटीएफ में ओडीओपी और ओडीओसी की संयुक्त मौजूदगी से उत्तर प्रदेश के उत्पाद और स्थानीय स्वाद एक ही मंच पर नजर आएंगे। इससे कारीगरों, छोटे उद्यमियों, खाद्य कारोबारियों और स्थानीय स्तर पर जुड़े लोगों के लिए नए बाजार और कारोबारी अवसर बनने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा के बाद दिल्ली में बढ़ेगा दायरा
ग्रेटर नोएडा में हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में ओडीओसी को मिले मंच के बाद अब इसे भारत मंडपम तक ले जाया जा रहा है। इससे पहल को प्रदेश से बाहर बड़े व्यापारिक मंच पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा। आईआईटीएफ में पहली बार भागीदारी के जरिए यूपी के स्थानीय व्यंजनों को राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांड के तौर पर पेश करने की कोशिश होगी। इससे स्थानीय स्वाद से जुड़े छोटे कारोबारियों को भी व्यापक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिल सकता है।
देश-दुनिया के खरीदारों तक पहुंचेगी यूपी की पाक पहचान
इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर देश के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में शामिल है। ऐसे मंच पर ओडीओसी की मौजूदगी से यूपी की पारंपरिक पाक विरासत को बड़े बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा। यानी अब ओडीओपी के जरिए उत्पाद और ओडीओसी के जरिए स्वाद- दोनों को ‘लोकल से ग्लोबल’ की दिशा में आगे बढ़ाने की कोशिश होगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.