ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी का चप्पल प्रोटेस्ट शुरू हो चुका है।
Protest against Gyanesh Kumar LIVE: चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पटना से दिल्ली तक विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस ने आज यानी गुरुवार (8 अक्टूबर) को देश भर में विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया है। कांग्रेस के अलावा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) दिल्ली से दूर बेंगलुरु में आंदोलन कर रही है। सीजेपी आज बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में चप्पल प्रोटेस्ट कर रही है।
CJP Protest LIVE: बेंगलुरु में शुरू हुआ सीजेपी का चप्पल प्रोटेस्ट
CJP Protest LIVE: बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी के चप्पल प्रोटेस्ट की शुरुआत हो चुकी है। इस मंच पर मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी भी दिखे। उनके अलावा सीजेपी के अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रंका भी शामिल हुए।
SIR पर भी बिहार में भी विरोध-प्रदर्शन
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने गुरुवार को पटना में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने तेजस्वी यादव और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। विरोध प्रदर्शन के लिए रैली बिहार विधानसभा परिसर के सामने स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई और बिहार लोक भवन की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, पुलिस ने पटना स्थित मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के पास रेली को रोक दिया। पुलिस के अनुसार, तेजस्वी यादव और कई अन्य नेताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर उसे पार करने की कोशिश की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
Congress Protest LIVE: केरलम के बारे में बात क्यों नहीं करते हैं राहुल, कांग्रेस ने पूछा
Congress Protest LIVE: भाजपा नेता केया घोष ने चुनाव आयोग के खिलाफ राहुल गांधी के विरोध पर कहा, “पहले राहुल गांधी से बोलिए कि वो केरलम में फिर से चुनाव करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दें क्योंकि इसी ज्ञानेश कुमार, इसी चुनाव आयोग से उनको केरलम में जीत हासिल हुई है। तो केरलम के बारे में राहुल गांधी चुप्पी क्यों साधे हैं? वो केरलम के बारे में बात क्यों नहीं करते हैं? और राहुल गांधी 100 अगर कानून तोड़ेंगे तो उनके खिलाफ 100 या 200 FIR दर्ज होगी क्योंकि ये गणतंत्र है ये राहुल तंत्र नहीं है। भारतवर्ष में गांधी परिवार का राज नहीं चलता है।”
Congress Protest LIVE: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगी लड़ाई
कांग्रेस नेता मेट्टू साई कुमार ने कांग्रेस के काला दिवस पर कहा, “मकसद जनता को यह दिखाना है कि बीजेपी का ट्रैक रिकॉर्ड कुछ न करने का रहा है। जहां भी बीजेपी सत्ता में है, वहां कोई काम नहीं होता जबकि कांग्रेस के शासन में ऐसा नहीं था। बीजेपी और RSS ने लगातार संविधान को कमजोर करने की कोशिश की है। बीजेपी अपने फायदे के लिए जहां भी हो सके अपनी पूरी मशीनरी और संसाधनों का इस्तेमाल करती है। राहुल गांधी और INDIA ब्लॉक जनता के साथ हैं। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, हम विरोध जारी रखेंगे।”
CJP Protest LIVE: फ्रीडम पार्क में जमा हुई भीड़
CJP Protest LIVE: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में भीड़ जमा होती जा रही है। यह भीड़ CJP के अभिजीत दीपके, यूट्यूबर ध्रुव राठी और एक्टर प्रकाश राज के आने का इंतजार कर रही है।
Congress Protest LIVE: विपक्षी नेताओं को आज फिर भोज देंगे खरगे
Congress Protest LIVE: विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेता बृहस्पतिवार को फिर से यहां एक रेस्तरां में दोपहर के भोज पर मिलेंगे, जिसके बाद निर्वाचन आयोग मामले में प्रदर्शन की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि विपक्षी सांसद और नेता दोपहर करीब एक बजकर 45 मिनट पर कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्तरां में दोपहर का भोज करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान विपक्षी दलों के सांसदों के बीच निर्वाचन आयोग मामले में आगे की रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
इससे पहले विपक्षी दलों के सांसदों ने बुधवार को सागर रत्ना रेस्तरां में दोपहर का भोज किया था और इसके बाद उन्होंने तीन बसों में सवार होकर जंतर मंतर की तरफ कूच किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक लिया।
CJP Protest LIVE: ध्रुव राठी भी होंगे कार्यक्रम में शामिल
CJP Protest LIVE: अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज ने बुधवार को कहा कि आठ अक्टूबर को ”जनता की अदालत” आयोजित की जाएगी, जिसमें कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों से ‘एसआईआर के पीड़ित’ शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और यूट्यूबर ध्रुव राठी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
Congress Protest LIVE: राहुल और प्रियंका के खिलाफ दिल्ली पुलिस का एफआईआर
Congress Protest LIVE: दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के दौरान मारपीट और ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। इस एफआईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मेरे पर अब तक 45 एफआईआर हो चुके हैं। मेरा लक्ष्य है कि 100 एफआईआर मेरे पर हों। ये सभी मेरे लिए मेडल की तरह है।
CJP Protest LIVE: सत्ता आपकी, लेकिन सड़कें हमारी- दीपके
CJP Protest LIVE: आज के आंदोलन से पहले अभिजीत दीपके ने कहा, ”सत्ता भले ही आपके पास हो, लेकिन सड़कें हमारी हैं। और इन्हीं सड़कों से हम, भारत के लोग, अपना लोकतंत्र वापस हासिल करेंगे। जय हिंद।”
CJP Protest LIVE: क्या हैं कॉकरोचों की 3 मांग
CJP Protest LIVE: कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास ने कहा कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा भी दे दें, तब भी आंदोलन जारी रहेगा। सीजेपी ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, एसआईआर पर रोक लगाने, जनवरी 2025 की वोटर लिस्ट को बहाल करने, निष्पक्ष जांच और चुनाव आयोग में नियुक्तियों से जुड़े 2023 के कानून को रद्द करने की मांग की है।
Congress Black Day Protest LIVE: प्रियंका बोलीं- महिला पुलिसकर्मियों ने मुझे जमीन पर गिराया
Congress Black Day Protest LIVE: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को पुलिस के व्यवहार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें जगह-जगह खरोंचा और जमीन पर गिरा दिया। कांग्रेस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान जमीन पर लेटीं प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस ने जबरन उठाने की कोशिश की। इसपर उन्होंने कहा कि मैं यहां से नहीं हटूंगी। उन्होंने कहा कि जो सांसद केवल चुनाव आयोग से मिलना चाहते हैं उनके साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा। सांसदों के साथ मारपीट की जा रही है। इसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें जबरन उठाकर ले गए। प्रियंका ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यही तरीका है। प्रियंका गांधी ने कहा कि आप देख सकते हैं पुलिस क्या कर रही है। आरजेडी सांसद मनोज झा ने कहा, पुलिस ने सांसदों पर बल प्रयोग किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त संग एनडीए सरकार को भी सत्ता से जाना होगा।
Congress Black Day Protest LIVE: ज्ञानेश कुमार के हटाए जाने तक जारी रहेगा विरोध-प्रदर्शन, कांग्रेस का ऐलान
Congress Black Day Protest LIVE: कांग्रेस ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों, जिला कांग्रेस कमेटियों तथा ब्लॉक, मंडल कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों से आठ अक्टूबर को राज्य, जिला और ब्लॉक मंडल स्तर पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने को कहा है। कांग्रेस ने कहा है कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चुनाव आयोग के पद से नहीं हटाया जाता और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता बहाल नहीं होती, तब तक उसका संघर्ष जारी रहेगा।
Congress Black Day Protest LIVE: कांग्रेस ने आज ‘काला दिवस’ माने का किया ऐलान
Congress Black Day Protest LIVE: कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को जंतर-मंतर जा रहे इंडिया गठबंधन के सांसदों को रोकेने और पार्टी नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य को हिरासत में लिए जाने के विरोध में आठ अक्टूबर गुरुवार को देशभर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने का अपने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है। कांग्रेस महासचिव एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने आज इस संबंध में जारी पत्र में कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में जंतर-मंतर जा रहे थे, लेकिन उन्हें रास्ते में रोक दिया गया और ”ब्रूट फोर्स” का इस्तेमाल किया गया।
Congress Protest LIVE: राहुल ने कल भी किया विरोध-प्रदर्शन
Congress Protest LIVE: इंडिया गठबंधन के नेताओं ने बुधवार को दोपहर तीन बजे जनपथ से जंतर-मंतर के लिए मार्च शुरू किया। विपक्षी सांसदों को हिरासत में लेकर धरना-प्रदर्शन को समाप्त करने में सवा तीन घंटे लगे। पुलिस राहुल गांधी को जिस बस में लेकर जा रही थी, उसे कांग्रेस समर्थकों ने पंचर कर दिया। इसके बाद पुलिस उन्हें दूसरे बस से लेकर गई। सियासी घमासान के बाद रात आठ बजे राहुल को बाराखंभा पुलिस स्टेशन, जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा को छत्रसाल स्टेडियम से छोड़ दिया गया।
CJP Chappal Protest LIVE: कॉकरोचों का आज चप्पल आंदोलन
CJP Chappal Protest LIVE: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज बेंगलुरु में एसआईआर को लेकर एक जन-अदालत आयोजित करेगी और इसके बाद 8 अक्टूबर को ही फ्रीडम पार्क में ‘चप्पल विरोध प्रदर्शन’ करेगी। यह कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रंका ने कहा कि ‘चप्पल विरोध प्रदर्शन’ उन लोगों की ओर ध्यान दिलाएगा जिन्हें SIR प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से हटा दिया गया था। यह अदालत पूरे कर्नाटक से SIR से कथित तौर पर प्रभावित लोगों को एक साथ लाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play