Shreeom Singh
Date: 08-10-26 13:47
इस्लामाबाद: बलूचिस्तान में पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. हालात ऐसे हैं कि अब उसे रिटायर हो चुके सैनिकों को भी दोबारा ड्यूटी पर बुलाना पड़ रहा है. पाकिस्तान के फ्रंटियर कॉर्प्स ने बलूचिस्तान में रिटायर्ड कर्मचारियों को फिर से सेवा में लेने का फैसला किया है. फ्रंटियर कॉर्प्स बलूचिस्तान (नॉर्थ) के इंस्पेक्टर जनरल के कार्यालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की गई है. इसमें रिटायर्ड जवानों से अपनी पुरानी यूनिट में रिपोर्ट करने को कहा गया है.
BLA ने बलूचिस्तान में तेज किए हमले
रिटायर्ड जवानों को वापस बुलाने का फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब बलूच विद्रोही संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ हमले बढ़ा दिए हैं. बलूचिस्तान की आजादी के लिए लड़ने का दावा करने वाले इस संगठन के मुताबिक, उसने अकेले सितंबर में प्रांत में 94 सशस्त्र हमले किए हैं.
30 अक्टूबर तक रिपोर्ट करने को कहा
CNN-न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्रंटियर कॉर्प्स के रिटायर्ड सैनिकों को 30 अक्टूबर तक अपनी पुरानी यूनिट में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है. जो जवान फिर से सेवा में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें तय तारीख से पहले अपने विंग कमांडरों से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है.
रिपोर्ट में दस्तावेजों के हवाले से बताया गया है कि कई साल पहले रिटायर हुए जवानों को भी दोबारा भर्ती करने पर विचार किया जा रहा है. ड्यूटी पर लौटने वाले जवानों को उनकी पिछली सेवा के आधार पर वेतन दिए जाने की योजना है.
बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान
रिटायर्ड जवानों को दोबारा बुलाने का फैसला बलूचिस्तान में पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव को दिखाता है. BLA की ओर से लगातार हमलों के दावे भी वहां की स्थिति को लेकर सवाल खड़े करते हैं. सितंबर की अपनी गतिविधियों के बारे में BLA ने दावा किया कि उसने 94 हमले किए. संगठन के मुताबिक, इन हमलों में 105 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए और 52 घायल हुए.
BLA ने यह भी दावा किया कि सितंबर में उसने 25 जगहों पर छापेमारी और नाकेबंदी की, जिसमें 37 लोग मारे गए. संगठन ने दावा किया कि ये लोग पाकिस्तानी सेना के खुफिया एजेंट थे. इसी दौरान 21 पाकिस्तानी कर्मियों और खुफिया एजेंटों को पकड़ने की बात भी कही गई है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
BLA ने यह भी माना कि सितंबर में उसके अभियानों के दौरान उसके 33 लड़ाके मारे गए.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें