Shreeom Singh
Date: 16-10-26 13:18
इजराइल की सेना (IDF) ने हमास के पूर्व प्रमुख याह्या सिनवार के बेटे इब्राहिम की एक चिट्ठी जारी की है. सेना के मुताबिक, यह चिट्ठी युद्ध शुरू होने के समय लिखी गई थी और 2024 में गाजा पट्टी में सैनिकों को मिली थी. इसमें बच्चा अपने पिता को याद करने के साथ यहूदियों को गोली मारने की इच्छा भी जाहिर करता है. यह चिट्ठी सिनवार की मौत के दो साल पूरे होने के मौके पर सार्वजनिक की गई है.
पिता को याद कर क्या लिखा?
इजराइली सेना की ओर से जारी अनुवाद के मुताबिक, इब्राहिम ने चिट्ठी में अपने पिता से कहा कि उसे उनकी बहुत याद आती है. वह चाहता है कि उसके पिता वापस आएं और उसे गले लगाएं. उसने अपने पिता को जीतते हुए देखने और ‘अल्लाहु अकबर’ कहने की इच्छा भी जताई है.
चिट्ठी में बच्चा कलाश्निकोव राइफल से यहूदियों को गोली मारने की बात भी लिखता है. उसने बताया कि वह कागज और गत्ते से पिस्तौल, टैंक और कलाश्निकोव जैसे हथियारों के मॉडल बनाता रहता है. कलाश्निकोव एक तरह की असॉल्ट राइफल है.
युद्ध खत्म होने और पिता के लिए मांगी दुआ
चिट्ठी में इब्राहिम अपने पिता से पूछता है कि वे कब लौटेंगे और उसे अपनी बांहों में लेकर सुलाएंगे. इसके बाद वह युद्ध खत्म होने और अपने पिता के सुरक्षित रहने की दुआ करता है.
‼️ EXPOSED: A LETTER WRITTEN BY YAHYA SINWAR’S 10 YEAR OLD SON “I want to hold a Kalashnikov and shoot Jews.” In a letter to his father, Ibrahim wrote that he makes “guns, tanks, and Kalashnikovs out of paper and cardboard” in his spare time and expressed his desire to shoot Jews. The letter, accompanied by drawings of weapons, tanks and missiles, reflects how Hamas’ ideology of hatred and violence impacts the younger generation in Gaza.
इजराइली सेना के अनुवाद के अनुसार, चिट्ठी के आखिर में बच्चा लिखता है कि वह युद्ध खत्म होते देखना चाहता है और अपने पिता को सुरक्षित देखना चाहता है. वह अल्लाह से अपने पिता की हिफाजत करने की दुआ करता है और उनसे भी अपने लिए दुआ करने को कहता है. इसके बाद वह इस्लामी अभिवादन के साथ चिट्ठी खत्म करता है.
चित्रों में इजराइल की ओर जाती मिसाइलें
इजराइली सेना ने चिट्ठी के साथ कुछ चित्र भी जारी किए हैं. सेना के मुताबिक, ये चित्र भी इब्राहिम ने बनाए थे. इनमें हथियार, गाजा और इजराइल के बीच सीमा पर लगी बाड़ के पास टैंक और इजराइल की ओर जाती मिसाइलें दिखाई गई हैं.
IDF का कहना है कि ये दस्तावेज गाजा में 2024 के सैन्य अभियान के दौरान मिले थे. इजराइली सेना ने इनका इस्तेमाल यह दिखाने के लिए किया है कि हमास की विचारधारा का बच्चों पर किस तरह असर पड़ सकता है. वहीं, गाजा में लंबे समय से जारी युद्ध के कारण बच्चों को हिंसा, घर छोड़ने और परिवार के सदस्यों से बिछड़ने जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है.
कौन था याह्या सिनवार?
याह्या सिनवार गाजा में हमास का प्रमुख था. साल 2024 में वह संगठन का शीर्ष नेता बना था. इजराइली सेना ने अक्टूबर 2024 में उसे मार गिराया था. इजराइल उसे 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमलों का प्रमुख योजनाकार मानता था. इन हमलों के बाद गाजा में युद्ध शुरू हुआ था.
इब्राहिम की चिट्ठी सामने आने के बाद हमास की विचारधारा और उसके प्रभाव को लेकर फिर चर्चा शुरू हो गई है. हालांकि, चिट्ठी और चित्रों से जुड़ी जानकारी इजराइली सेना की ओर से जारी की गई है.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें