Shreeom Singh
Date: 17-10-26 07:53
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी नई प्रेस सेक्रेटरी केटी जकारिया को पद से हटा दिया है. उन्हें पिछले हफ्ते ही व्हाइट हाउस की यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन वह सिर्फ पांच दिन तक ही इस पद पर रह सकीं. उनकी पहली प्रेस ब्रीफिंग और वकील के तौर पर उनकी योग्यता को लेकर उठे सवालों के बीच यह फैसला लिया गया है.
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, केटी को पद से हटाए जाने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, इस मामले पर व्हाइट हाउस और केटी जकारिया की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने भी केटी की नौकरी को लेकर दोबारा विचार करने की बात कही थी.
पहली प्रेस ब्रीफिंग के बाद उठे सवाल
केटी जकारिया ने मंगलवार को व्हाइट हाउस में अपनी पहली प्रेस ब्रीफिंग की थी. यह उनके लिए आसान नहीं रही. इसके बाद उनकी कानूनी योग्यता को लेकर कई सवाल उठे. रिपोर्ट्स में पूछा गया कि क्या उन्होंने खुद को वकील के रूप में पेश करते समय अपनी योग्यता के बारे में सही जानकारी दी थी. ट्रंप ने उन्हें अटॉर्नी बताया था, जबकि वह बार परीक्षा पास नहीं कर सकी थीं.
कैरोलिन लेविट की जगह मिली थी जिम्मेदारी
केटी जकारिया को कैरोलिन लेविट की जगह व्हाइट हाउस का प्रेस सेक्रेटरी बनाया गया था. लेविट ने अगस्त में यह पद छोड़ दिया था. इसके बाद ट्रंप ने 41 साल की केटी को इस जिम्मेदारी के लिए चुना. केटी पेशे से वकील हैं और ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप में सलाहकार के तौर पर भी काम कर रही थीं. नियुक्ति की घोषणा करते हुए ट्रंप ने उनके रिकॉर्ड को बेदाग बताया था.
फॉक्स न्यूज में भी कर चुकी हैं काम
केटी जकारिया अमेरिकी राजनीति पर अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं. वह फॉक्स न्यूज और न्यूजमैक्स जैसे समाचार चैनलों में काम कर चुकी हैं. इसके अलावा, उन्होंने कुछ समय तक अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग में प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाली थी.
कैलिफोर्निया में रहता है परिवार
केटी जकारिया के पति टायलर जकारिया और उनके चार बच्चे कैलिफोर्निया में रहते हैं. टायलर मनोरंजन जगत में फिल्म निर्माता हैं और 2521 एंटरटेनमेंट में मुख्य परिचालन अधिकारी के पद पर काम करते हैं. दोनों साल 2016 से साथ हैं.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें