Siwan News
नीरज पाठक, सीवान। शहर के पी देवी मोड़ स्थित एसी रिपेयरिंग की एक दुकान में रविवार की शाम करीब सात बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 12 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। आग बुझाने के लिए दमकल की 20 गाड़ियों से पानी लाना पड़ा। इस दौरान दुकान के ऊपर रह रहे एक परिवार के आठ सदस्यों को जिला प्रशासन की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात रही कि अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, दुकान में आग इतनी भीषण थी कि अग्निशमन कर्मियों को उसे बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के दौरान दुकान में रखे एसी में इस्तेमाल होने वाले एक कंप्रेसर के फटने से तेज आवाज हुई। इससे आग बुझाने के अभियान में बाधा उत्पन्न हुई। इसके बावजूद अग्निशमन कर्मियों ने जोखिम उठाकर लगातार प्रयास किया और आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निकांड में कितने रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी नहीं हो पाया है। दुकान मालिक का नहीं चल सका पता अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि आग लगने वाली दुकान के मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। दुकान संचालक का भी अब तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम लगातार प्रयासरत रही। दमकल की 20 गाड़ियों की मदद से पानी पहुंचाकर आग पर काबू पाया गया। दुकान में एसी रिपेयरिंग का काम होता था। आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। मकान में रह रहे आठ लोगों का रेस्क्यू आग लगने की घटना के बाद सबसे बड़ी चुनौती दुकान के ऊपर रह रहे परिवार के सदस्यों को सुरक्षित निकालने की थी। जिला प्रशासन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए परिवार के सभी आठ सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे बड़ा हादसा टल गया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि आग लगने वाले मकान के मालिक और दुकान के संचालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मकान के ऊपर रह रहे परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दशहरा मेले के कारण प्रशासन रहा अलर्ट दशहरा मेले के दौरान शहर के व्यस्त इलाके में आग लगने से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। मौके पर उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह, सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रांजल और नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार मौजूद रहे। अधिकारियों ने आग बुझाने के अभियान की निगरानी की और राहत कार्य में आवश्यक सहयोग दिया। आग लगने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मेले के कारण तरवारा मोड़ से बबुनिया मोड़ की ओर आने-जाने वाले मार्ग पर लोगों की भीड़ बढ़ गई, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। आग देखने के लिए जमा लोगों के कारण आवागमन सुचारू रखने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने भीड़ को नियंत्रित कर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। देर रात आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। हालांकि, आग लगने के कारण और संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जाना अभी बाकी है।
हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में ‘हिन्दुस्तान’ विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play