Feedback
मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इस समय सुर्खियों में हैं. दरअसल, उनकी एक लाइव परफॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्टेज पर पहुंचकर उन पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया. दलेर मेहंदी पर लगे इन आरोपों के बीच अब कॉमेडियन कपिल शर्मा उनके सपोर्ट में आगे आए हैं.
कपिल ने किया दलेर मेहंदी को सपोर्ट
दलेर मेहंदी के बचाव में कपिल शर्मा ने कहा कि लोगों को पूरी तरह से सच मालूम नहीं है. कपिल ने दलेर मेहंदी के छोटे भाई और सिंगर मीका सिंह की पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करके लोगों को सच बताया है.
कपिल ने लिखा- दलेर मेहंदी पाजी की कोई गंभीर सर्जरी हुई थी, जिसके बारे में लोगों को पता नहीं है. हम सबको बस एक-दूसरे के प्रति थोड़ा काइंड होने की जरूरत है. हमें नहीं पता कि सामने वाला किस दौर से गुजर रहा है. मीका सिंह पाजी सच बताने के लिए आपका शुक्रिया. भगवान दलेर पाजी पर अपना आशीर्वाद बनाए रखे. हम आपसे बहुत प्यार करते हैं पाजी.
मीका सिंह की पोस्ट के कमेंट सेक्शन में भी कपिल शर्मा ने लिखा- भगवान दलेर पाजी को जल्दी ठीक होने की शक्ति दे और वो जल्द ही स्टेज पर शेर की तरह दहाड़ेंगे. उन लोगों पर शर्म आती है, जो सिर्फ कुछ व्यूज के लिए ऐसी झूठी खबरें फैला रहे हैं. भगवान दलेर पाजी को आशीर्वाद दे.
मीका सिंह ने दलेर मेहंदी के सपोर्ट क्या कहा?
मीका सिंह ने बड़े भाई दलेर मेहंदी के सपोर्ट में एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो के कैप्शन में मीका ने लिखा- कृपया कोई भी खबर छापने से पहले फैक्ट्स की जांच जरूर करें. अगर कोई बिना सबूत के आरोप लगाता है, तो कृपया उस पर आंख बंद करके भरोसा न करें और न ही सच्चाई जाने बिना उस खबर को आगे बढ़ाएं.
मीका ने आगे लिखा- मंच पर दलेर मेहंदी के साथ जिस तरह का बर्ताव किया गया, वो निराशाजनक था. एक सम्मानित मंत्री मंच पर आए और उनपर शराब पीने के आरोप लगाए. लेकिन ऐसे दावे छापने से पहले, क्या हमें फैक्ट्स की जांच नहीं करनी चाहिए और कलाकार को अपना पक्ष रखने का मौका नहीं देना चाहिए? क्या कोल्डप्ले जैसे किसी अंतरराष्ट्रीय बैंड के साथ ऐसा बर्ताव करने की कोई हिम्मत कर सकता है?
A post shared by Mika Singh (@mikasingh)
दलेर महेंदी की सेहत के बारे में बात करते हुए, मीका ने बताया कि वो पिछले दो साल से बीमार हैं और अभी भी रिकवर हो रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि दलेर शराब नहीं पीते हैं.
मंत्री ने दलेर मेहंदी के बारे में क्या कहा?
बता दें कि उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी गढ़वाल के मां कुंजापुरी मेले में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि वो मंच पर असंतुलित नजर आ रहे थे. वो अपने गानों पर लिप-सिंक कर रहे थे. वो खड़े भी नहीं हो पा रहे थे.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू