Rashmi Singh
Date: 27-10-26 14:49
Hyundai Bayon Base Variant: हुंडई ने भारतीय बाजार में अपनी नई मिड-साइज एसयूवी बेयॉन को लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसे कई वेरिएंट में पेश किया है, जिससे ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से विकल्प चुन सकते हैं. Hyundai Bayon की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9,99,900 रुपये रखी गई है. खास बात यह है कि इसके बेस वेरिएंट में भी कंपनी ने सुरक्षा और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े कई फीचर्स दिए हैं. इसमें 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन, छह एयरबैग, एलईडी लाइट्स और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे फीचर्स मिलते हैं. आइए जानते हैं कि बेयॉन के सबसे सस्ते HX2 वेरिएंट में क्या-क्या खास मिलता है.
Hyundai Bayon HX2 की कीमत कितनी है?
Hyundai Bayon को HX2, HX3, HX3 Plus, HX5, HX6, HX8 और HX10 वेरिएंट में पेश किया गया है. इसका बेस वेरिएंट HX2 है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये है. HX2 में कंपनी ने मैन्युअल ट्रांसमिशन दिया है. वहीं, ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प HX5 और इससे ऊपर के चुनिंदा वेरिएंट में मिलता है. इस तरह ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार मैन्युअल और iVT ट्रांसमिशन वाले मॉडल चुन सकते हैं.
इंजन और पावर में कैसी है Hyundai Bayon?
हुंडई बेयॉन के सभी वेरिएंट में 1.5 लीटर का चार सिलेंडर MPi पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 115 PS की अधिकतम पावर और 143.8 Nm का टॉर्क जनरेट करता है. इसके साथ छह-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स मिलता है, जबकि चुनिंदा वेरिएंट में इंटेलिजेंट वेरिएबल ट्रांसमिशन यानी iVT का विकल्प भी उपलब्ध है. कंपनी ने इस इंजन को रोजमर्रा की ड्राइविंग और हाईवे पर सफर के लिहाज से पेश किया है.
बेस वेरिएंट में मिलते हैं छह एयरबैग
Hyundai Bayon HX2 के सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इसमें छह एयरबैग मिलते हैं. इसके अलावा हिल-स्टार्ट असिस्ट कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, व्हीकल स्टेबिलिटी मैनेजमेंट और ABS के साथ EBD जैसे फीचर्स दिए गए हैं. अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल भी मददगार होता है. कार में टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, रियर पार्किंग सेंसर, सीटबेल्ट रिमाइंडर, इमोबिलाइजर और ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर भी मिलते हैं. साथ ही सेंट्रल लॉकिंग, स्पीड सेंसिंग ऑटोमैटिक डोर लॉक और इम्पैक्ट सेंसिंग ऑटोमैटिक डोर अनलॉक जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
एक्सटीरियर में मिलती हैं LED लाइट्स
बेस HX2 वेरिएंट में भी Hyundai Bayon का बाहरी लुक आकर्षक रखा गया है. इसमें एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप, H-Edge LED DRLs और पोजिशनिंग लैंप मिलते हैं. पीछे की तरफ एलईडी टेल लैंप और हाई-माउंटेड एलईडी स्टॉप लैंप दिए गए हैं. इसके अलावा रियर स्पॉयलर और शार्क फिन एंटीना भी मिलता है. हालांकि, इसमें 16 इंच के स्टील व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर व्हील कवर लगे हैं. अलॉय व्हील्स और कुछ अतिरिक्त डिजाइन फीचर्स ऊंचे वेरिएंट में मिलते हैं.
इंटीरियर में मिलेगा ब्लैक और ऑलिव ग्रे थीम
Hyundai Bayon HX2 के केबिन में ब्लैक और ऑलिव ग्रे कलर की डुअल-टोन थीम दी गई है. इसमें फैब्रिक सीट अपहोल्स्ट्री, D-कट स्टीयरिंग व्हील और मैन्युअल ड्राइवर सीट हाइट एडजस्टमेंट मिलता है. आगे की सीटों के लिए हाइट-एडजस्टेबल हेडरेस्ट और फिक्स्ड फ्रंट कंसोल आर्मरेस्ट भी दिया गया है. इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में 10.66 सेंटीमीटर का कलर TFT डिस्प्ले मिलता है, जो ड्राइविंग से जुड़ी जरूरी जानकारी दिखाता है. हालांकि, बेस वेरिएंट में डुअल इंटीग्रेटेड डिस्प्ले वाला सेटअप नहीं है.
कंफर्ट और रोजमर्रा की सुविधाएं
बेस वेरिएंट में कंपनी ने दैनिक इस्तेमाल को सुविधाजनक बनाने के लिए कई फीचर्स दिए हैं. इसमें आगे और पीछे पावर विंडो, मैन्युअल एयर कंडीशनिंग और रियर एसी वेंट मिलते हैं. ड्राइवर अपनी सुविधा के अनुसार स्टीयरिंग को टिल्ट और टेलीस्कोपिक तरीके से एडजस्ट कर सकता है. इसके अलावा आगे और पीछे टाइप-C USB चार्जिंग पोर्ट, पावर आउटलेट और इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल आउटसाइड रियर-व्यू मिरर भी दिए गए हैं. चाबी के लिए फोल्डेबल की मिलती है.
बेस वेरिएंट में क्या नहीं मिलता?
कम कीमत के कारण HX2 में कुछ ऐसे फीचर्स नहीं दिए गए हैं, जो ऊपर के वेरिएंट में मिलते हैं. उदाहरण के लिए, इसमें टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और रियर-व्यू कैमरा नहीं मिलता. ये सुविधाएं HX3 और उससे ऊपर के चुनिंदा वेरिएंट में उपलब्ध हैं. इसी तरह सनरूफ, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसी सुविधाओं के लिए भी ग्राहकों को ऊंचे वेरिएंट पर विचार करना होगा. इसलिए कार खरीदने से पहले अपनी जरूरत के फीचर्स और बजट की तुलना करना बेहतर रहेगा.
कितना बड़ा है Hyundai Bayon का बूट स्पेस?
Hyundai Bayon की लंबाई 4,245 mm, चौड़ाई 1,810 mm और ऊंचाई 1,605 mm है. इसका व्हीलबेस 2,600 mm का है. कंपनी के मुताबिक, एसयूवी में 505 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जिससे सामान रखने के लिए अच्छी जगह उपलब्ध होती है. लंबा व्हीलबेस केबिन में जगह को बेहतर बनाने में भी मदद करता है. कुल मिलाकर, बेस HX2 वेरिएंट में छह एयरबैग, एलईडी लाइट्स, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और जरूरी कंफर्ट फीचर्स मिलते हैं, जबकि टचस्क्रीन और रियर-व्यू कैमरा जैसी सुविधाओं के लिए ऊंचे वेरिएंट चुनने होंगे.
ये भी पढ़ें- फेस्टिव सीजन में कार खरीदने का मौका, Tata से Toyota तक… इन गाड़ियों पर लाखों रुपये की छूट
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें