Yuvraj Singh
Date: 27-10-26 23:34
टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है. अगर आप रोजाना काम, पढ़ाई या दूसरे जरूरी कामों के लिए नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा से गुजरते हैं, तो अब हर बार टोल देने या महंगा मासिक पास लेने की परेशानी कम हो सकती है. केंद्र सरकार ने स्थानीय निवासियों के लिए रियायती सालाना FASTag पास की सुविधा शुरू करने का फैसला किया है. यह व्यवस्था 1 नवंबर 2026 से लागू होगी.
₹1,500 या ₹3,000 में बनेगा सालाना लोकल पास
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के नए नियमों के मुताबिक, टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र गैर-व्यावसायिक वाहन मालिक इस पास का लाभ उठा सकेंगे. अगर टोल प्लाजा नगर निकाय या स्थानीय कस्बे की सीमा से बाहर है, तो सालाना शुल्क ₹1,500 होगा. वहीं, इन सीमाओं के भीतर स्थित टोल प्लाजा के लिए एक साल का पास ₹3,000 में मिलेगा. इसके लिए वाहन पर वैध और चालू FASTag होना जरूरी है.
हर टोल प्लाजा पर नहीं चलेगा यह पास
इस सुविधा का लाभ लेने से पहले कुछ शर्तों को समझना जरूरी है. नया लोकल पास केवल उसी टोल प्लाजा पर मान्य होगा, जिसके लिए इसे जारी किया गया है. इसका इस्तेमाल दूसरे टोल प्लाजा पर नहीं किया जा सकेगा. इसके अलावा, जिन नेशनल हाईवे या एक्सप्रेसवे पर क्लोज्ड यूजर फीस कलेक्शन सिस्टम लागू है, वहां यह सुविधा नहीं मिलेगी. जिस स्थान पर यात्रियों के लिए सर्विस रोड या वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध है, वहां भी रियायती पास जारी नहीं किया जाएगा.
मौजूदा मासिक पास की जगह चुन सकेंगे सालाना विकल्प
पात्र वाहन मालिक अपनी जरूरत के हिसाब से मौजूदा मासिक पास या नए रियायती सालाना लोकल पास में से किसी एक का विकल्प चुन सकेंगे. फिलहाल स्थानीय निवासियों के लिए ₹360 का मासिक पास उपलब्ध है, जिसका सालाना खर्च ₹4,320 बैठता है. ऐसे में पात्र लोगों के लिए नया पास किफायती विकल्प बन सकता है. यह सुविधा 1 नवंबर से संबंधित टोल प्लाजा पर उपलब्ध होगी, जबकि राजमार्गयात्रा ऐप के जरिए इसकी उपलब्धता 1 दिसंबर 2026 से होगी.
ये भी पढ़ें: दिवाली-छठ पर टिकट की टेंशन खत्म! रेलवे ने बढ़ाईं स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली-पटना समेत इन रूटों पर राहत
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें