दिल्ली विधानसभा चुनाव अपडेट्स: राहुल बोले- केजरीवाल यमुना का पानी पीकर दिखाएं; जनता को गंदा पानी पीना पड़ता … – Dainik Bhaskar

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को दिल्ली के बवाना में रैली की। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने भ्रष्ट सरकार चलाई। मोदी जी अपने भाषणों में झूठ बोलते हैं, ठीक वैसे ही केजरीवाल भी करते हैं।
राहुल ने कहा कि पांच साल पहले केजरीवाल ने वादा किया था कि वो यमुना के पानी में नहाएंगे और उसका पानी पिएंगे। पांच साल गुजर गए हैं, लेकिन केजरीवाल ने ये करके नहीं दिखाया।
राहुल बोले कि दिल्ली की जनता को गंदा पानी पीना पड़ता है, लेकिन केजरीवाल करोड़ों रुपए के शीशमहल में रहते हैं और आपसे झूठ बोलते हैं। यह लगातार दूसरा दिन है जब राहुल ने शीशमहल का जिक्र किया है।
राहुल बोले- मोदी और केजरीवाल आरक्षण के खिलाफ
राहुल ने कहा कि मोदी और केजरीवाल दोनों ही आरक्षण के खिलाफ हैं। दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के खिलाफ हैं। केजरीवाल को साफ कहना चाहिए कि वह जातिगत जनगणना कराएंगे और आरक्षण की 50% की सीमा खत्म करेंगे। लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि वे दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हैं। जब दिल्ली में दंगे हो रहे थे, केजरीवाल कहां थे? क्या वे आप लोगों के साथ खड़े हुए थे?
दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग, 8 फरवरी को रिजल्ट
दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।
दिल्ली चुनाव से जुड़े आज के अपडेट्स जानने के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हरियाणा सरकार FIR दर्ज कराएगी। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने राजनीति गर्माने के लिए यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल पर सोनीपत में चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (CJM) की कोर्ट में डिजास्टर मैनेजमेंट की धारा 2D,154 के तहत मामला दर्ज कराया जाएगा। केजरीवाल ने हरियाणा और दिल्ली की जनता में पैनिक फैलाने का काम किया है।
राष्ट्रपति- PM भी यमुना का पानी पीते हैं
गोयल ने कहा, आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि यमुना में हरियाणा सरकार ने जहर मिलाया है, जबकि प्रधानमंत्री भी कहते है कि वे यमुना का पानी पीते हैं। राष्ट्रपति भी इस पानी को सेवन करती हैं, तो क्या हरियाणा जहरीला पानी देगा? केजरीवाल ने गैर जिम्मेदाराना बयान दिया है, हरियाणा सरकार उन्हें इसके लिए बिल्कुल माफ नहीं करेगी। दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
कड़कड़डूमा कोर्ट ने 2020 के दिल्ली दंगों के आरोपी शिफा उर रहमान को कस्टडी पैरोल दी है। कोर्ट ने ओखला से AIMIM उम्मीदवार रहमान को चुनाव प्रचार के लिए 30 जनवरी से 3 फरवरी तक पैरोल पर रिहा किया। कोर्ट ने कहा कि शिफा उर रहमान दिन के 12 घंटे प्रचार कर सकेंगे।
कोर्ट ने शिफा को सुरक्षा पर होने वाले खर्च के 2.07 लाख रुपए जमा करने का भी निर्देश दिया है। रहमान ने ताहिर हुसैन की कस्टडी पैरोल के आदेश का हवाला दिया है।
AAP प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा- यह दुखद है कि PM मोदी पानी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। अमोनिया जहर है, यह पीने लायक नहीं है और मानव शरीर के लिए खतरनाक है। हरियाणा के लोग ऐसे हैं कि अगर आप उनसे एक गिलास पानी मांगोगे तो वे आपको दूध देंगे।
उन्होंने कहा- हरियाणा की भाजपा सरकार इतनी प्रतिशोधी है कि दिल्ली में अपनी ऐतिहासिक हार को देखकर अब ऐसी हरकतों पर आमादा है। वो मानते हैं कि अगर दिल्ली के लोग बीमार पड़े तो इसका दोष अरविंद केजरीवाल पर आएगा। लेकिन हमारे सजग इंजीनियरों ने उस जहरीले पानी को वहीं रोक दिया और उसे दिल्ली के पानी में मिलने नहीं दिया। इस पर सख्त कदम उठाने की जरूरत है। इसकी जांच होनी चाहिए।
असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- प्रदूषित यमुना नदी के मुद्दे को भटकाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने एक नई कहानी शुरू की और कहा कि हरियाणा दिल्ली को प्रदूषित पानी दे रहा है। केजरीवाल अपनी जन्मभूमि के लिए ऐसा कैसे बोल सकते हैं।
उन्होंने कहा- मैं मर जाऊंगा लेकिन अपनी जन्मभूमि के बारे में कभी गलत नहीं बोलूंगा। अरविंद केजरीवाल का यह बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है। मैंने कई राजनेता देखे हैं लेकिन ऐसा राजनेता कभी नहीं देखा जो अपनी जन्मभूमि के बारे में गलत बोलता हो।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में जल जीवन मिशन योजना प्रभावी ढंग से काम कर रही है, वहां कई अवसर पैदा हो रहे हैं। उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार है, इसलिए ये सभी काम हो रहे हैं। दिल्ली में भी डबल इंजन की सरकार बनाइए।
AIMIM के टिकट पर चुनाव लड़ रहे दिल्ली दंगे के आरोपी ताहिर हुसैन ने बुधवार को पुलिस की निगरानी में चुनाव प्रचार किया। मुस्तफाबाद सीट से चुनाव लड़ रहे ताहिर ने को आज सुबह 6 बजे तिहाड़ जेल से बाहर लाया गया था। इसके बाद ताहिर मुस्तफाबाद के 25-फुटा रोड स्थित अपने चुनाव कार्यालय पहुंचा था।
28 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली चुनाव प्रचार के लिए ताबिर को 6 दिन की सशर्त कस्टडी पैरोल दी थी। पूरी खबर पढ़ें…
कांग्रेस ने बुधवार को दिल्ली के लिए पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया है। इसमें दिल्ली वालों को 300 यूनिट तक फ्री बिजली, राज्य की महिलाओं को 2500 रुपए महीना और 25 लाख तक का फ्री हेल्थ इंश्योरेंस शामिल है।
चुनाव आयोग ने AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल से उनके यमुना के पानी में ‘जहर’ वाले दावे पर सबूत की मांग की है। मंगलवार को भाजपा ने केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद चुनाव आयोग ने केजरीवाल के नाम पत्र लिखकर कहा कि बुधवार रात 8 बजे तक जवाब दें।
चुनाव आयोग ने कहा- केजरीवाल ने भाजपा की हरियाणा सरकार पर बहुत गंभीर आरोप लगाया, जिससे राज्यों के बीच नफरत पनप सकती है। ऐसे किसी आरोप के साबित होने पर 3 साल तक की सजा का नियम है। वहीं, चुनाव आयोग ने हरियाणा सरकार से यमुना के पानी में अमोनिया की मात्रा को लेकर रिपोर्ट मांगी है।
दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया था। केजरीवाल ने कहा- दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। यमुना में हरियाणा से पानी दिल्ली में आता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है।
हालांकि, जल बोर्ड ने उस पानी को दिल्ली में आने से रोक दिया। भाजपा सरकार ने पानी में ऐसा जहर मिलाया है, जिसे जल उपचार संयंत्रों द्वारा भी साफ नहीं किया जा सकता है। इससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की कमी हो गई है। केजरीवाल ने कहा- दिल्ली में अफरा-तफरी मचाने के लिए ऐसा किया गया है ताकि दिल्ली के लोग मरें और इसका दोष AAP पर आए।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल के हरियाणा सरकार पर लगाए यमुना के पानी को जहरीला करने के आरोपों पर लगातार विवाद जारी है। बुधवार को CM आतिशी ने लेटर लिखकर LG वीके सक्सेना के लेटर का जवाब दिया।
आतिशी ने लेटर में लिखा- यमुना में अमोनिया का लेवल सामान्य सीमा से 700% ज्यादा है। LG रिपोर्ट में हेरफेर करने के बाद भी इस तथ्य को नकार नहीं सकते। दोषियों का बचाव करके LG दिल्ली के लोगों के साथ विश्वासघात कर रहे हैं।
उन्होंने लिखा- LG लगातार हरियाणा सरकार का बचाव कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने दिल्ली की जनता को मिल रहे प्रदूषित पानी को लेकर कोई भी कार्रवाई नहीं की। इससे ये सवाल उठ रहा है कि LG की निष्ठा कहां है?
दरअसल, दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना ने मंगलवार को CM आतिशी को लेटर लिखा था। इसमें उन्होंने केजरीवाल के यमुना को जहरीला करने को लेकर दिए बयान को देश की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बताया।
LG ने लेटर में कहा- चुनाव के बीच केजरीवाल के बयान से दो पड़ोसी राज्यों के बीच बड़ा विवाद हो सकता है। वहीं, CM आतिशी ने चुनाव आयोग को लेटर लिखकर इस भ्रम व भय को और मजबूत करने का काम किया है। ऐसे बयान दो राज्यों के बीच कानून व्यवस्था को खराब कर सकते हैं। जबकि, दिल्ली जल बोर्ड ने दिल्ली सरकार के आरोपों का खंडन किया है।
AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा- हरियाणा के सोनीपत और पानीपत में सैकड़ों इंडस्ट्रियल यूनिट हैं। उनसे प्रदूषित जहरीला वेस्ट निकलता है। अगर इस वेस्ट को बिना ट्रीट किए यमुना में डाला जा रहा है। यह एक क्राइम है।
सौरभ ने कहा- जो भाजपा यमुना के लिए हमारे सफाई अभियान पर सवाल उठा रही है, उन्हीं की हरियाणा में सरकार है, जहां इंडस्ट्रियल यूनिट्स का वेस्ट यमुना में डाला जा रहा है।
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा- केजरीवाल की सही तरीके से जांच की जाएं, तो मुझे नहीं लगता कि वे अगले 15-20 साल तक तिहाड़ से बाहर आ पाएंगे।
दीक्षित ने कहा- दिल्ली दंगों के दौरान अरविंद केजरीवाल कहां थे? वे कहां छिपे थे? शराब नीति में भ्रष्टाचार का लेवल सभी जानते हैं। दिल्ली के लोगों को यह समझने की जरूरत है कि 10 साल पहले उन्होंने किस भ्रष्ट व्यक्ति को अपना मुख्यमंत्री चुना था।
AAP ने भाजपा का बुधवार को नया पोस्टर जारी किया। इसको सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए AAP ने लिखा- सावधान दिल्लीवालों, आपको अपनी दिल्ली को पाताल लोक बनने से बचाना है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज दिल्ली के पटपड़गंज में रैली की। इस दौरान उन्होंने कहा- अरविंद केजरीवाल जब आए थे, उनके पास छोटी सी गाड़ी थी। उन्होंने कहा था नए तरह की राजनीति करूंगा, बिजली के पोल पर चढ़ गए थे, लेकिन जब गरीबों को जरूरत पड़ी तो कहीं नहीं दिखे।
राहुल ने कहा- जब दिल्ली में हिंसा हुई तो कहीं नहीं दिखे। कहा था साफ राजनीति करूंगा और सबसे बड़ा शराब घोटाला कर दिया। आपने केजरीवाल के घर की तस्वीर भी देख ली, वे ‘शीशमहल’ में रहते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ BJP-RSS के लोग हैं, जो देश में नफरत और हिंसा फैलाते है। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी और हमारी विचारधारा है। हम लोग नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलते हैं। हमें नफरत, डर और हिंसा वाला हिंदुस्तान नहीं चाहिए। हमें मोहब्बत की दुकान चाहिए।
AAP की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि उपराज्यपाल (LG) एक संवैधानिक पद और जिम्मेदारी है, इस वजह से उन्हें भाजपा की कठपुतली बनने के बजाय लोगों का ख्याल रखना चाहिए।
उन्होंने कहा- यमुना में अमोनिया का स्तर सामान्य लिमिट से 700 गुना ज्यादा बढ़ गया है। यह अपने आप नहीं हो सकता। ऐसा किया गया है। हरियाणा सरकार से सवाल करने के बजाय, एलजी भाजपा के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार के समर्थन में खड़े हैं। यह शर्मनाक है।
गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली के कालकाजी में चुनावी रैली में कहा कि अरविंद केजरीवाल हरियाणा सरकार यमुना में जहर मिलाने के झूठे आरोप लगा रहे हैं। शाह ने केजरीवाल को चुनौती दी कि जिस दिल्ली जल बोर्ड की रिपोर्ट का नाम लेकर वो ऐसे दावे कर रहे हैं, उसे रिपोर्ट को सार्वजनिक करें।
अमित शाह ने यह भी कहा कि केजरीवाल दिल्ली के लोगों को उस जहर का नाम भी बताएं जिसके यमुना में मिलाए जाने का उन्होंने दावा किया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि उन्होंने यमुना के जहरीले पानी को दिल्ली में आने से रोका, तो वो इस संबंध में जारी किए गए आदेश की कॉपी भी दिखाएं।
शाह ने कहा- ‘केजरीवाल जी हारना और जीतना चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा है। आप मासूम का चेहरा बनाकर हरियाणा की सरकार पर यमुना में जहर घोलने का आरोप लगाते हैं और दिल्ली की जनता को डराने की कोशिश करते हैं। इससे ज्यादा गंदी राजनीति नहीं हो सकती।’
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News