Balia News: बांसडीह, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के महाराजपुर गांव की नाहर छपरा बस्ती में सरयू नदी का कटान अब आबादी के बेहद करीब पहुंच गया है। पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रहे कटान के चलते ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। नदी का जलस्तर लगातार घटने के बावजूद कटान की रफ्तार कम नहीं हो रही है। प्रशासन की ओर से कटान रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन राहत नहीं मिल रही है। घरों से महज पांच मीटर की दूरी पर कटान पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। खतरे की आशंका को देखते हुए कई परिवार अपने पक्के मकानों को खुद ही तोड़कर ईंट, दरवाजे, खिड़कियां, सरिया और अन्य जरूरी सामान सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।
खेतों को अपनी चपेट में लेने के बाद अब नदी नाहर छपरा बस्ती के मकानों तक पहुंच गई है। शुक्रवार को कई ग्रामीण जेसीबी की मदद से अपने पक्के मकान तोड़ते नजर आए। निकाले गए सामानों को ट्रैक्टरों पर लादकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा था। गांव के विनोद यादव, त्रिभुवन यादव, रामपलट यादव, रामेश्वर यादव और दिनेश यादव समेत कई परिवार अपने आशियाने उजाड़ने को मजबूर हैं।
उधर, गांव में पहुंचे एसडीएम (बांसडीह) पुष्कर मिश्र और तहसीलदार नितिन सिंह से ग्रामीणों ने मुलाकात कर बस्ती को बचाने की गुहार लगाई। कटान की लगातार बढ़ती स्थिति से ग्रामीणों के सामने घर और गृहस्थी बचाने का संकट खड़ा हो गया है। हालांकि चितविसावखुर्द गांव में प्रशासन ने अस्थाई बाढ़ राहत शिविर बनाया है, जहां गांव के लोग शरण लिए हुए हैं। वहां प्रशासन सुबह-शाम खाना भी वितरण कर रहा है।
इनसेट
गोपालनगर में 22 परिवारों के घरों पर खतरा
बैरिया। सरयू नदी के कटान ने सुरेमनपुर दियारा क्षेत्र में रफ्तार पकड़ ली है। गोपालनगर और वशिष्ठ नगर सहित आधा दर्जन गांवों के सामने नदी तेजी से जमीन काट रही है। इससे गोपालनगर के अस्तित्व पर संकट मंडराने लगा है। नदी आबादी की ओर बढ़ रही है, जिससे करीब 22 परिवारों के घरों पर खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते बचाव कार्य नहीं कराया गया तो उनके घर और पुश्तैनी जमीन नदी में समा सकते हैं। वर्षों से यहां रह रहे लोगों के सामने अब विस्थापन का संकट खड़ा हो गया है।
प्रभावित परिवारों में दीनानाथ यादव, वीरेन्द्र यादव, शिवकुमार प्रसाद, मंटू यादव, जितेंद्र यादव, राहुल यादव, सुनील यादव, राजकुमार आदि शामिल हैं। उनके सामने सबसे बड़ा सवाल है कि घर और जमीन नदी में समा जाने के बाद वे अपने परिवार के साथ कहां जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। गुरुवार को एसडीएम ने कटान से प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया था। इससे राहत की उम्मीद तो जगी है लेकिन फिलहाल मौके पर कुछ नहीं हो रहा।
इनसेट
कटानरोधी कार्यों के प्रस्ताव को जल्द मंजूरी को पत्र
0 भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से किया गांवों को बचाने का अनुरोध
बैरिया, हिन्दुस्तान संवाद। भाजपा नेता सूर्यभान सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर बाढ़ एवं कटानरोधी कार्यों के प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की है। उन्होंने गोपालनगर टाड़ी, गोपालनगर, वशिष्ठ नगर, मानगढ़ और शिवाल मठिया में भीषण कटान को रोकने के लिए रिंग बांध के निर्माण की मांग की है।
पत्र में सूर्यभान सिंह ने कहा है कि कटान के कारण कई परिवारों के आशियाने उजड़ने के कगार पर हैं। किसानों की जमीन नदी में समा रही है, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और भविष्य में गांवों को कटान से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने का अनुरोध किया है। बताया है कि पहले भी इस गंभीर समस्या को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाया गया था। तब बाढ़ खंड के अधिकारियों ने जांच कर ड्रेजिंग कार्य के माध्यम से कटान रोकने के संबंध में आख्या शासन को भेजी थी। सूर्यभान सिंह ने टेंगरही-जयप्रकाश नगर, बकुलहा-संसारटोला रिंग बांध की मरम्मत कराने के साथ चक्की नौरंगा, नौरंगा, भुआल छपरा, शिवपुर दियर और गोपालपुर-दुबे छपरा सहित अन्य कटान एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को सुरक्षित करने की मांग की है। कहा है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कई गांवों के अस्तित्व पर संकट गहरा सकता है।
हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में ‘हिन्दुस्तान’ विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्यों सहित देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्करण प्रकाशित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपरि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद विस्तार से न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play