Feedback
US Midterm Election results live: डेमोक्रेट क्रिस पैपास न्यू हैम्पशायर सीनेट चुनाव में जीते
रॉय कूपर ने डेमोक्रेट्स के लिए नॉर्थ कैरोलिना सीनेट सीट जीती
रिपब्लिकन एशले मूडी ने फ्लोरिडा में अमेरिकी सीनेट का चुनाव फिर से जीता
डेमोक्रेट हेलेना फॉल्क्स ने रोड आइलैंड में गवर्नर का चुनाव जीता
नॉर्थ कैरोलिना में डेमोक्रेट जीती
न्यू हैम्पशायर में डेमोक्रेट की जीत
डेमोक्रेट वेस मूर ने रिपब्लिकन डैन कॉक्स को हराया
डेमोक्रेट जॉन ओसॉफ ने जॉर्जिया से अमेरिकी सीनेट के लिए फिर से चुनाव जीता
डेमोक्रेटिक पार्टी की वासरमैन शुल्स ने रिपब्लिकन ब्रेंट एंडरसन को हराया
मार्क वार्नर ने रिपब्लिकन बर्ट मिजुसावा को हराकर चौथी बार सीनेट सीट जीती
केंटकी और इंडियाना में वोटिंग खत्म
पेपर बैलेट की कमी के कारण शिकागो के मतदाताओं को घंटों करना पड़ा इंतजार
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के मतदान के बाद अब नतीजों की बारी है. इस चुनाव में प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों, सीनेट की 35 सीटों और 36 राज्यों के गर्वनर पद के लिए वोट डाले गए हैं. इस मध्यावधि चुनाव के नतीजे 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की सियासी दिशा भी तय कर सकते हैं.
वोटों की गिनती शुरू हो गई है. सुबह 7:30 बदे के बाद करीबी मुकाबलों वाली सीटों के नतीजे आने की उम्मीद है. वहीं, पश्चिमी राज्यों के नतीजे सुबह करीब 8:30 बजे आने की उम्मीद है.
मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भी बड़ी परीक्षा है. ईरान युद्ध, इमिग्रेशन और टैरिफ जैसे मुद्दों पर ट्रंप घिरे हुए हैं. इन्हीं मुद्दों के बीच ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग भी गिरकर 31 फीसदी तक पहुंच गई है. यह उनके कार्यकाल का सबसे निचला स्तर है. ऐसे में, इन चुनावों के नतीजे ट्रंप की लोकप्रियता का भी बड़ा इम्तिहान होगा.
अमेरिका के मिडटर्म चुनाव की पल-पल की लाइव अपडेट यहां पढ़ें…
डेमोक्रेटिक पार्टी के क्रिस पैपास ने न्यू हैम्पशायर के सीनेट चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन सुनुनु को हरा दिया है. इस जीत के साथ डेमोक्रेट्स ने सीनेट की एक अहम सीट अपने पास बरकरार रखी है. पैपास अभी अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सदस्य हैं. अब वे डेमोक्रेटिक सीनेटर जीन शाहीन की जगह लेंगे, जिन्होंने दोबारा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था. वहीं, जॉन सुनुनु सीनेट और प्रतिनिधि सभा, दोनों के सदस्य रह चुके हैं.
डेमोक्रेट रॉय कूपर ने नॉर्थ कैरोलिना सीनेट चुनाव में रिपब्लिकन माइकल व्हाटली को हराकर जीत हासिल कर ली है. यह सीट रिपब्लिकन सीनेटर थॉम टिलिस के दोबारा चुनाव न लड़ने के फैसले के बाद खाली हुई थी. पूर्व गवर्नर और राज्य अटॉर्नी जनरल रह चुके कूपर ने व्हाटली को चुनाव में हराया. व्हाटली राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर रिपब्लिकन पार्टी के अध्यक्ष रह चुके हैं और उन्हें डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन भी हासिल था.
रिपब्लिकन एशले मूडी ने मंगलवार को फ्लोरिडा सीनेट का चुनाव जीत लिया है. उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की अपनी प्रतिद्वंद्वी एंजी निक्सन को हराया है. फ्लोरिडा की पूर्व अटॉर्नी जनरल, मूडी को 2025 में गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने सीनेट में नियुक्त किया था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को डेमोक्रेट हेलेना फॉल्क्स ने रिपब्लिकन उम्मीदवार आरोन गुकियान को हराकर रोड आइलैंड के गवर्नर का चुनाव जीत लिया है. फॉल्क्स CVS और हडसन्स बे में वरिष्ठ एग्जीक्यूटिव रह चुकीं हैं. इससे पहले उन्होंने सितंबर में डेमोक्रेटिक प्राइमरी में मौजूदा गवर्नर डैन मैकी को हराया था. वहीं, रिपब्लिकन उम्मीदवार गुकियान एक राज्य व्यापार संघ में कार्यकारी के पद पर हैं.
नॉर्थ कैरोलिना में रिपब्लिकन पार्टी के कब्जे वाली अमेरिकी सीनेट सीट के लिए हुए मुकाबले में डेमोक्रेट रॉय कूपर ने रिपब्लिकन माइकल व्हैटली को हरा दिया है.
अमेरिका मिड टर्म चुनाव में न्यू हैम्पशायर में डेमोक्रेट क्रिस पैपास ने रिपब्लिकन जॉन सुनुनु को हरा दिया है.
मंगलवार को डेमोक्रेट वेस मूर ने रिपब्लिकन डैन कॉक्स को हराकर मैरीलैंड के गवर्नर के रूप में एक बार फिर से जीत हासिल कर ली है. 2022 में जीत के बाद यह वेस मूर का दूसरा कार्यकाल है. उन्हें 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए एक संभावित दावेदार भी माना जा रहा है. मूर सैनिक, स्कॉलर और लेखक रह चुके हैं. मूर गरीबी उन्मूलन के लिए काम करने वाली एक गैर-लाभकारी संस्था के CEO के रूप में काम कर चुके हैं.
डेमोक्रेट जॉन ओसॉफ ने रिपब्लिकन माइक कॉलिन्स को हराकर जॉर्जिया से अमेरिकी सीनेट के लिए फिर से चुनाव जीत लिया है. ओसॉफ सीनेट के एकमात्र ऐसे डेमोक्रेट थे जो उस राज्य से फिर से चुनाव लड़ रहे थे, जहां 2024 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जीत हासिल की थी. अपनी सीट बचाए रखना उनकी पार्टी के लिए एक बड़ी चुनौती थी. साल 2026 के चुनावी चक्र में ओसॉफ की स्थिति को शुरुआत में कमजोर माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी कॉलिन्स के मुकाबले कहीं ज्यादा खर्च किया. कॉलिन्स दो बार कांग्रेस सदस्य रह चुके हैं और एक लंबी रिपब्लिकन प्राइमरी प्रक्रिया के बाद उन्हें ट्रंप का समर्थन मिला था. ओसॉफ ने एक आक्रामक चुनाव अभियान चलाया और ट्रंप की तीखी आलोचना करके पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा.
मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की डेबी वासरमैन शुल्स ने फ्लोरिडा के 20वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से जीत हासिल की है. उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार ब्रेंट एंडरसन को हराया. इस जीत के साथ उन्होंने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में अपनी जगह बरकरार रखी. वासरमैन शुल्त्स का नए कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट में जाना उनके लिए फायदेमंद साबित हुआ. वह डेमोक्रेटिक नेशनल कमिटी की पूर्व अध्यक्ष हैं और अब तक 12 बार यह पद जीत चुकी हैं.
वे फ्लोरिडा से चुनी जाने वाली पहली यहूदी महिला सांसद हैं. संघीय संसद में पहुंचने से पहले वे फ्लोरिडा की राज्य विधानसभा और सीनेट में भी काम कर चुकी हैं. वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी ब्रेंट एंडरसन ने एक कमर्शियल और प्रॉपर्टी इंश्योरेंस कंपनी शुरू की थी. उनका कहना है कि इस अनुभव से उन्हें फ्लोरिडा में बढ़ती प्रॉपर्टी इंश्योरेंस की लागत कम करने के उपायों की अच्छी समझ मिली है.
मंगलवार को वर्जीनिया से डेमोक्रेटिक पार्टी के मौजूदा सीनेटर मार्क वार्नर ने रिपब्लिकन उम्मीदवार बर्ट मिजुसावा को हराकर अमेरिकी सीनेट का चुनाव फिर से जीत लिया है. वार्नर ने सीनेट में अपना चौथा कार्यकाल हासिल किया है. वे वहां सीनेट इंटेलिजेंस कमिटी के उपाध्यक्ष के रूप में काम करते हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिजुसावा सेना के सेवानिवृत्त मेजर जनरल हैं और अफगानिस्तान युद्ध में हिस्सा भी ले चुके हैं.
केंटकी और इंडियाना में वोटिंग खत्म हो गई है. CNN के मुताबिक, दोनों राज्यों में मतदान केंद्र शाम 6 बजे (भारतीय समय के मुताबिक, सुबह 4:30 बजे) बंद हो गए. इसके साथ ही, शुरुआती एग्जिट पोल के नतीजे आने भी शुरू हो गए हैं.
मध्यावधि चुनाव के दिन शिकागो के कई मतदान केंद्रों पर पेपर बैलेट खत्म हो गए, जिसके कारण मतदाताओं को या तो नए बैलेट आने का इंतजार करना पड़ा या फिर EVM का इस्तेमाल करना पड़ा.
शिकागो बोर्ड ऑफ इलेक्शंस की प्रवक्ता जूली मेटिया ने बताया कि और बैलेट छपवाए जाएंगे. उन्होंने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि मतदान खत्म होने के समय तक जो लोग लाइन में होंगे, उन्हें वोट डालने का मौका दिया जाएगा.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू