बिलासपुर| 04 नवंबर 2026| जस्टिस प्रशांत मिश्रा जांच आयोग के द्वारा राज्यपाल के समक्ष रिपोर्ट प्रस्तुत करने और सरकार के द्वारा उसे स्वीकार न करने के बाद जस्टिस सतीश अग्निहोत्री और जस्टिस मिनहाजुद्दीन दोनों रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग का पुनर्गठन किया गया था.
नया जांच आयोग कोई जांच कर पाता भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के द्वारा इसे हाई कोर्ट में इस आधार पर चुनौती दी गई के पहले जांच आयोग अपनी जांच पूरी कर चुका है इसलिए नए आयोग की आवश्यकता नहीं है।
इस मामले में मई 2022 में हाई कोर्ट ने नई जांच आयोग के कार्य पर रोक लगा दी थी. यह रोक आज भी प्रभावी है.
इसी प्रकरण में कांग्रेस कार्यकर्ता के द्वारा हस्तक्षेप याचिका दायर की गई थी जिसमें यह कहा गया था कि राज्य सरकार को आयोग में कोई रिक्ति होने या नए जांच बिंदु होने पर नया जांच बनाने का अधिकार है।
आज इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस कृष्णा राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा के डिविज़न बेंच में हुई। याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ वकील ना होने के आधार पर सुनवाई स्थगित करने की मांग की गई।
हस्तक्षेप याचिकाकर्ताओं की ओर से उपस्थित अधिवक्ता सुदीप श्रीवास्तव ने कोर्ट को बताया कि नया जांच आयोग अलग ही जांच बिंदुओं पर जांच करने के लिए बनाया गया है जो कि पहले के जांच बिंदु में शामिल नहीं है और यह राज्य सरकार के अधिकार में है. लिहाजा याचिका चलने योग्य नहीं है और इसे रद्द किया जाना चाहिए। इस जांच आयोगके ऊपर जो स्थगन है वह भी समाप्त होना चाहिए। राज्य सरकार की ओर से उपस्थित अधिवक्ता ने प्रकरण में आवश्यक निर्देश के लिए समय दिए जाने की मांग की।
सुनवाई के पश्चात बेंच ने अपने आदेश में कहा कि प्रकरण में गंभीर कानूनी प्रश्न शामिल है अतः इसे विस्तृत रूप से सुनवाई की आवश्यकता है। कोर्ट ने हस्तक्षेप याचिका करता की ओर से उपस्थित अधिवक्ता को भी इस प्रकरण में अपनी बात रखने के लिए अनुमति प्रदान करते हुए मामले की अंतिम सुनवाई 21 दिसंबर 2026 को नियत की है।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।