सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को आदेश दिया कि देश के हाईकोर्ट्स एड-हॉक बेस पर रिटायर्ड जजों की नियुक्ति की रिकमेंडेशन कर सकता है। हालांकि यह हाईकोर्ट में जजों की संख्या के 10% से ज्यादा नहीं हो सकती।
एड-हॉक जज रेग्युलर जजों के साथ बेंच का हिस्सा बन सकेंगे। चीफ जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस सूर्यकांत की स्पेशल बेंच ने यह आदेश दिया। बेंच ने कहा- हाईकोर्ट अनुच्छेद- 224A के जरिए एड-हॉक जज नियुक्त कर सकेंगे।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
यूपी में सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर यौन शोषण मामले में गिरफ्तार, पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस से उठा ले गई
उत्तर प्रदेश के सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन पर 15 जनवरी को एक महिला नेता ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई थी। गुरुवार को राकेश राठौर सीतापुर में अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, तभी पुलिस वहां आई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
राठौर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। बुधवार को हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज करते हुए गैर जमानती वारंट (NBW) जारी किया था। कोर्ट ने कहा था- सांसद सरेंडर करें।
भोपाल-इंदौर हाईवे पर मध्यप्रदेश पीसीसी चीफ की कार को ट्रक ने टक्कर मारी, वाहन क्षतिग्रस्त
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की कार को गुरुवार सुबह भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर एक ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा फंदा टोल टैक्स के पास सुबह करीब 10:45 बजे हुआ, जिसमें उनका वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में जीतू पटवारी सुरक्षित हैं। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
फंदा टोल के पास हादसा, वाहन क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार, घटना के समय पूर्व मंत्री पटवारी अपनी कार से शहीद दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल जा रहे थे। हादसे की सूचना तुरंत जिला कांग्रेस को दी गई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वे तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे।
यह हादसा लसूलिया के निकट फंदा टोल के पास हुई। स्थानीय पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद पटवारी दूसरे वाहन से भोपाल के लिए रवाना हो गए।
बिहार में कांग्रेस सांसद मनोज राम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला किया, भाई के स्कूल में विवाद सुलझाने गए थे
बिहार के कैमूर में गुरुवार को कांग्रेस सांसद मनोज राम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सांसद का सिर फूट गया। सिर में गंभीर चोट की वजह से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कुदरा प्रखंड के नाथूपुर गांव की है।
बताया जा रहा है कि गांव के प्राइवेट स्कूल में कुछ विवाद चल रहा है। स्कूल संचालक सांसद मनोज राम के भाई हैं। जिनका गुरुवार को नाथूपुर गांव के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
इस विवाद को सुलझाने के लिए सांसद मनोज राम स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर स्कूल पहुंचे और पुलिस के सामने ही सांसद पर हमला कर दिया। पढ़ें पूरी खबर..
मणिपुर में 60 ब्यूरोक्रेट्स और 10 पुलिस अधिकारियों का तबादला
मणिपुर सरकार ने 60 ब्यूरोक्रेट्स और 10 पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। राज्य प्रशिक्षण अकादमी के महानिदेशक पॉलुनथांग वैफेई को अतिरिक्त मुख्य सचिव का पदभार दिया गया है, जबकि प्रधान मुख्य वन संरक्षक अनुराग बाजपेयी को अतिरिक्त मुख्य सचिव (वस्त्र, वाणिज्य और उद्योग) का पदभार दिया गया है। अरुण कुमार सिन्हा, प्रधान सचिव (वस्त्र, वाणिज्य और उद्योग) को नए प्रधान सचिव (कृषि, वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग) का पदभार दिया गया है।
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी, जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सुरक्षाबलों का गुरुवार को सर्च ऑपरेशन जारी है। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि के बारे में मिली सूचना के आधार पर पुलिस और सीआरपीएफ ने दोरहू, बस्ती और भद्रवाह के आसपास के वन क्षेत्र में ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर तलाशी अभियान शुरू किया है। इसके अलावा जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानीय निवासियों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखी और बाद में पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद तत्काल गुरुवार सुबह 8.30 बजे सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
8 राज्यों में 52 साइबर अपराधी गिरफ्तार; 88.32 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोपी
साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में 8 राज्यों में 52 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें गुजरात, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और बिहार के लोग शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, ये सभी ट्रेडिंग धोखाधड़ी, डिजिटल धोखाधड़ी, निवेश धोखाधड़ी के आरोपी हैं। इन पर कुल 88.32 करोड़ रुपए के फ्रॉड का आरोप है। जिसमें से पुलिस केवल 3 करोड़ रुपए ही फ्रीज कर पाई।
CBI की भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 7 अधिकारियों के खिलाफ 2 FIR, इन पर चोरी-धोखाधड़ी और डेढ़ करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप
सीबीआई ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सात अधिकारियों के खिलाफ चोरी, सरकारी सामान में धोखाधड़ी और 1.8 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार के लिए दो अलग-अलग FIR दर्ज की हैं। मामले की शिकायत ITBP ने दर्ज की थी।
पहली FIR में CBI ने आरोप लगाया है कि तत्कालीन कमांडेंट अनुप्रीत बोरकर, पिथौरागढ़ में डिप्टी कमांडेंट दीपक गोगोई, पूरन राम, मुकेश चंद मीना, इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडे और ठेकेदार मदन सिंह राणा के साथ मिलीभगत करके कई अवैध कार्यों में शामिल थे।
इन लोगों के पास 2019-21 में सीमा चौकियों (बीओपी) पर सरकारी सामान और सामग्री पहुंचाने की जिम्मेदारी थी। आरोपियों ने टेंडर की शर्तों में हेराफेरी की और अवैध गतिविधियों में शामिल रहे, जिससे सरकार को लगभग 1.54 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।
दूसरा मामला 2017-18 और 2018-19 के दौरान सरकारी स्टोर में चोरी से जुड़ा है। सीबीआई ने तत्कालीन कमांडेंट महेंद्र प्रताप, गोगोई, मीना और ठेकेदार मदन सिंह राणा, कुंदन सिंह भंडारी और पूरन सिंह बिष्ट पर मामला दर्ज किया है।
आज खत्म होगा मनोज जरांगे का अनशन, कहा- अब अलग रणनीति अपनाएंगे
मराठा आरक्षण एक्टिविस्ट मनोज जरांगे गुरुवार को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर देंगे। उन्होंने आरक्षण की मांग को आगे बढ़ाने के लिए एक अलग रणनीति अपनाने का फैसला किया है। जरांगे और महिलाओं समेत 104 कार्यकर्ताओं ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कैटेगरी के तहत मराठों के लिए आरक्षण की मांग करते हुए 25 जनवरी को भूख हड़ताल शुरू की।
आरक्षण मांग के अलावा, जरांगे ने बीड जिले के मासजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या में शामिल लोगों के लिए मृत्युदंड की मांग की है। संतोष को 9 दिसंबर 2024 को अपहरण कर प्रताड़ित किया गया और मार दिया गया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.