Edited By Vijay Jain
फरीदाबाद के सेक्टर 21C में पार्किंग और कुत्ते के विवाद को लेकर पड़ोसी ने पूर्व टेक महिंद्रा अधिकारी पर बरसाईं गोलियां. CREDIT – : ANI
हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर 21C से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां कार पार्किंग और पालतू कुत्ते को लेकर हुए विवाद में टेक महिंद्रा के पूर्व रीजनल बिजनेस हेड की उनके ही पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान परमजीत धनखड़ के रूप में हुई है, जो सिंगापुर से सिर्फ एक दिन पहले परिवार के साथ दिवाली मनाने भारत आए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोहन शर्मा अपने परिवार सहित फरार हो गया था. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे बल्लभगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है. फरीदाबाद के एसीपी (क्राइम) वरुण कुमार दहिया ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा.
जानकारी के अनुसार, परमजीत धनखड़ और आरोपी मोहन शर्मा एक ही इमारत में रहते थे. धनखड़ का परिवार ग्राउंड फ्लोर पर रहता था, जबकि शर्मा का परिवार दूसरी मंजिल पर रहता है. दोनों परिवारों के बीच पार्किंग क्षेत्र में आरोपी के कुत्ते द्वारा गंदगी फैलाने को लेकर पिछले कुछ दिनों से तनाव चल रहा था. धनखड़ के परिवार ने इस पर बार-बार आपत्ति जताई थी, जिसके चलते घटना से चार-पांच दिन पहले भी दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई थी.
फरीदाबाद पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सेक्टर 21C में परमजीत धनखड़ और उनके पड़ोस में रहने वाले मोहन उर्फ मोनू शर्मा के बीच गाड़ी पार्क करने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी मोहन शर्मा ने अपना आपा खो दिया. वह अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल लाया और उसने परमजीत पर करीब 15 से 16 राउंड फायर झोंक दिए. आरोपी द्वारा चलाई गई गोलियों में से 8 से 9 गोलियां सीधे परमजीत को लगीं. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा. खून से लथपथ परमजीत जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल होने के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
परमजीत धनखड़ सिंगापुर में बस चुके थे और वहां एक सॉफ्टवेयर कंपनी में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत थे. वह 5 नवंबर को परिवार संग दिवाली मनाने भारत पहुंचे थे और 24 नवंबर को अपने भतीजे की शादी में भी शामिल होने वाले थे. मृतक के बेटे शौर्य धनखड़ की शिकायत पर सूरजकुंड थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।
Follow us :
B.A.G Convergence Limited Film
City, Sector 16A, Noida, Uttar
Pradesh 201301