इमेज स्रोत, DEEPAK TAMRAKAR
(इस लेख के कुछ अंश विचलित कर सकते हैं)
मध्य प्रदेश के डिंडौरी ज़िले में 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया के दोस्त ने उन्हें रसगुल्ला खिलाया. हालांकि इसे खाते ही उनके मुंह में ज़ोरदार धमाका हुआ और अस्पताल में इलाज़ के दौरान राजेंद्र की मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र को उनके पड़ोस में रहने वाले एक दोस्त रामभगत सिंह बरौतिया ने रसगुल्ला बताकर सुअर मारने के लिए इस्तेमाल होने वाला देसी बम दे दिया था.
यह घटना मंगलवार 10 नवंबर की शाम डिंडौरी के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव में हुई.
पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें रसगुल्ले में बम लगाकर देने वाले रामभगत और एक अन्य व्यक्ति जिसे जंगल में यह बम मिला था, शामिल हैं.
डिंडौरी कोतवाली के थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया, "दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है."
इमेज स्रोत, DEEPAK TAMRAKAR
थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे के मुताबिक़, घटना वाली शाम राजेंद्र बरौतिया अपने घर के आंगन में परिवार के साथ आग ताप रहे थे. उनके साथ उनकी पत्नी, बच्चा और नानी भी मौजूद थीं.
इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले राम भगत सिंह वहां पहुंचे. दोनों आग के पास बैठकर बातचीत करने लगे. पुलिस के मुताबिक़, दोनों के बीच हंसी-मज़ाक भी चल रहा था.
समाप्त
नागपुरे ने बताया कि इसी दौरान राम भगत ने राजेंद्र को एक छोटी गेंद के आकार की चीज दी और उसे रसगुल्ला बताकर चखने के लिए कहा.
राजेंद्र की पत्नी सुशीला बाई ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया, "राम भगत ने मेरे पति से दीपावली के त्यौहार का ज़िक्र करते हुए रसगुल्ला चखने के लिए कहा था. उन्होंने जैसे ही उसको मुंह में डालकर चबाया, अचानक से विस्फोट हुआ."
सुशीला आगे कहती हैं, "मुझे तो कुछ समझ ही नहीं आया. मेरे पति का जबड़ा फट गया था, चेहरा एक सेकंड के अंदर पहचाना मुश्किल हो गया था".
इसके बाद परिजन उन्हें ऑटो से डिंडौरी ज़िला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया.
राजेंद्र की पत्नी सुशीला बाई ने बातचीत में बताया कि उनके पति ने जानवरों को मारने के लिए इस्तेमाल होने वाला बम खा लिया था.
उनकी मौत के बाद उनके परिवार में सुशीला और उनका बच्चा पीछे रह गए हैं.
इमेज स्रोत, DEEPAK TAMRAKAR
पुलिस के मुताबिक़, इस मामले में गिरफ्तार दूसरे अभियुक्त को विस्फोटक जंगल में मिला था.
जिस व्यक्ति को यह जंगल में मिला था उसने इसे राम भगत सिंह को दिया था. इसके बाद राम भगत ने इसे राजेंद्र को रसगुल्ला बताकर दे दिया. अब इस बात की जांच कर रही है कि विस्फोटक जंगल में कहां से आया था और उसे वहां किसने रखा था.
शुरुआती जांच में दोनों गिरफ्तार लोगों और राजेंद्र के बीच किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है. पुलिस ने दोनों के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है.
इमेज स्रोत, DEEPAK TAMRAKAR
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
सुअर मार बम या पिग बम का इस्तेमाल मध्य भारत के कई ग्रामीण इलाकों में जंगली सुअरों को मारने के लिए किया जाता है.
ऐसे देसी विस्फोटकों को खाने की चीजों में मिलाकर जंगल में रखा जाता है और जैसे ही सुअर या अन्य छोटे जीव इसे चबाते हैं, मुँह में विस्फोट होता है और उनकी मृत्यु हो जाती है.
इंदौर मे रहने वाले विस्फोटक विशेषज्ञ शरद सरवटे ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया कि इस तरह के विस्फोटकों की प्रकृति उनकी रासायनिक संरचना पर निर्भर करती है. ऐसे बमों में अक्सर जो पदार्थ इस्तेमाल होते हैं वो दबाव के चलते विस्फोट होता है.
सरवटे के मुताबिक़, "कुछ विस्फोटक पदार्थों जिनमें अमोनियम नाइट्रेट का मिश्रण और नाइट्रेट जेली जैसे पदार्थों का इस्तेमाल होता है उन्हें अगर कुचला जाये तो तेजी से गैस पैदा होती है, जिससे दबाव बनता है और विस्फोट होता है."
उन्होंने बताया कि ऐसे मिश्रण अक्सर जेल या टूथपेस्ट की तरह होते हैं और इनका आकार दीपवाली में इस्तेमाल होने वाले पटाखे जैसे कि सुतली बम जितना होता है.
सरवटे ने बताया, "ऐसे विस्फोटकों का इस्तेमाल उन जगहों पर किया जाता है में जहां अपेक्षाकृत कम तीव्रता के विस्फोट की जरूरत होती है. सुअर जैसे जंगली जानवरों को मारने के लिए छोटे विस्फोट की ज़रूरत होती है, ताकि उसका बाकी शरीर उपयोगी बना रहे. इसलिए जैसे ही इस बम को चबाया या दबाया जाएगा इसमें विस्फोट होगा और प्रभावित हिस्सा बुरी तरह से ज़ख्मी हो जाएगा".
डिंडौरी पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोटक के अवशेष और दूसरे सैंपल्स इकट्ठे किए हैं. थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नागपुरे के मुताबिक़, इन सैंपल्स को फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी भेजा जाएगा.
उन्होंने कहा, "अब तक की जांच में यह नहीं पाया गया है कि गिरफ्तार लोगों और मृतक के बीच कोई झगड़ा या दुश्मनी थी. बम के अंदर क्या क्या था इसकी जांच के लिए इसे आगे भेजा जा रहा है."
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.