जहानाबाद. बिहार के जहानाबाद के लिए बेहद ही हर्ष और गौरवान्वित करने वाला क्षण है. यहां श्री रामायण मंदिर में अनवरत चल रहे अखण्ड अनुष्ठान का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अंकित हुआ है. इस मौके पर श्री रामायण मंदिर के प्रमुख राकेश कुमार ने बताया कि हम सब के लिए और पूरे जहानाबाद और बिहार के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय है कि श्री रामायण मंदिर और यहां चल रहे अखण्ड अनुष्ठान का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अंकित हुआ है.
जहानाबाद गांधी मैदान के उत्तर में विशाल वर के वृक्ष के नीचे स्थित श्री रामायण मंदिर देश में एकमात्र ऐसा मंदिर है, जिसके परिसर में एक ही स्थान पर एक साथ तीन-तीन दुर्लभ अखण्ड अनुष्ठान अनवरत है. यहां 25 दिसंबर 2018 से अखण्ड ज्योति प्रज्ज्वलित है और अखण्ड श्रीरामचरितमानस पाठ और अखण्ड सीता-राम नाम संकीर्तन निरन्तर चल रहा है. यहां प्रतिदिन सुन्दर काण्ड और हनुमान चालीसा का पाठ होता है. हवन और पूजा भी किया जाता है. श्री सूक्त और विष्णु सूक्त का पाठ भी प्रतिदिन किया जाता है.
कोरोना काल में भी नहीं रुका था यहां यज्ञ
स्थानीय साधु-संतों के अनुसार, लोक कल्याण और जीवन के नैतिक व धार्मिक उत्थान के लिए हो रहा है. यह अखण्ड महायज्ञ एक विश्व कीर्तिमान है. श्रीराम जी की कृपा-अनुग्रह और भक्तों के प्रार्थना-प्रयत्न से यह अखण्ड-यज्ञ अनेक विघ्न-बाधाओं और विषमताओं को पार करता हुआ अनवरत चल रहा है. कोरोना काल में जब दुनिया भर में लोग घरों में कैद थे, उस समय भी यह अखण्ड खूब उत्साह और भक्ति में अपनी सम्पूर्णता के साथ अनवरत चलता रहा.
60 से ज्यादा भक्त दे रहे अपनी सेवा
स्थानीय साधु-संतों के मुताबिक, भगवान की ऐसी कृपा है कि विषम से विषम परिस्थितियों में भी अखण्ड में कोई बाधा नहीं आती है. चाहे कोई पर्व-त्योहार या छुट्टी का दिन हो या चाहे बहुत अधिक गर्मी का प्रकोप हो, यहां सेवा दे रहे श्रद्धालु भक्त अपने अपने समय पर अडिग रहते हैं. 60 से अधिक भक्त दो-दो घंटे के पाली में 24 घंटे सेवा दे रहे हैं. कई भक्त दूर गांव से भी आते हैं तो कई लोग स्थानीय भी हैं. लेकिन, सबका सामंजस्य देखने लायक है. सब अपने-अपने समय पर प्रतिबद्ध हैं. इन सब की प्रार्थना है कि यह अनुष्ठान अनन्त कालों तक अनवरत चलता रहे.
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी होगा शामिल
यहां का संकल्प यही है कि यह अनुष्ठान सैकड़ों-हजारों वर्षों के बाद भी सनातन धर्म का प्रतिनिधित्व करते हुए संसार में सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का पर्याय बन कर सबके जीवन को श्री राममय बनाते हुए सदैव अखण्ड-अनवरत चलता रहे. रामानुजम ट्रस्ट द्वारा संचालित यह अखण्ड अनुष्ठान अब विश्व कीर्तिमान बनने की ओर अग्रसर है. रामानुजम ट्रस्ट के अध्यक्ष राकेश कुमार ने आशा और विश्वास जताते हुए कहा कि भक्त जनों के सार्थक प्रयास से जल्दी ही गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में इसका नाम दर्ज हो जाएगा.