आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों खासकर उत्तर प्रदेश में दलित समर्थन जुटाने को लेकर राजनीतिक दलों में कड़ा संघर्ष होने जा रहा है। सत्तारूढ़ भाजपा गुरु रविदास की 650वीं जयंती के तहत विभिन्न कार्यक्रमों से जहां इस समुदाय को साधने की कोशिश में है, वहीं विपक्षी सपा के पीडीए में ‘डी’ यानी दलित पर काफी जोर दिया जा रहा है।
सपा का आगरा का दलित सम्मेलन और अब भाजपा की समरसता संकल्प यात्रा दलित वोटों के लिए जमकर घमासान की तैयारी है। इसमें चंद्रशेखर और औवेसी का गठजोड़ और बसपा की वापसी की कोशिश से दलित वोटों के लिए जमकर जोर आजमाइश होने के आसार हैं।
पंजाब और यूपी में दलित वोट राजनीतिक लिहाज से अहम हैं। पंजाब में तो सामाजिक विभाजन में दलित आबादी सबसे ज्यादा है। वहीं, यूपी में भी लगभग 21 फीसदी आबादी दलित समुदाय की है। यूपी में सत्ता के दो ही प्रमुख दावेदार सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी सपा ने इस बार अपने कोर समर्थक समुदायों से ज्यादा दलित वर्ग पर जोर लगाया है।
यूपी में बसपा के कमजोर होने से भाजपा और सपा दोनों ही इस समुदाय को साध कर सत्ता की चाबी हासिल करना चाहते हैं। सपा नेता अखिलेश यादव का पीडीए यानी पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक सबसे प्रमुख चुनावी धुरी है। उन्होंने दलित समुदाय के गढ़ आगरा में दलित सम्मेलन पर ‘डी’ यानी दमदार दलित का नारा भी दे दिया है।
दलित वोटों को साधने के लिए बीते जुलाई से ही भाजपा ने काम शुरू कर दिया था। पार्टी का यह राष्ट्रव्यापी अभियान संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुरू किया गया था, जिसके तहत लगातार कार्यक्रम हो रहे हैं। इन कार्यक्रमों का सबसे ज्यादा जोर यूपी और पंजाब में हैं। पार्टी ने यह महाअभियान 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर काशी से शुरू किया गया था। इसके तहत लगभग 29 हजार स्थानों पर कलश वंदना यात्राएं निकाली जा चुकी हैं और 30 हजार से अधिक संतों से संपर्क किया गया है। 51 हजार स्थानों पर समरस दीप महोत्सव आयोजित किए गए हैं।
भाजपा और सपा की दलित वोटों को लेकर हो रही जोर आजमाइश में बसपा और सांसद चंद्रशेखर-असदुद्दीन औवेसी का गठजोड़ भी समीकरण को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में दलित के साथ अगड़े समुदाय में ब्राह्मण, पिछड़े और जाट समुदायों का समर्थन भी अहम हो जाएगा। इससे चुनाव तक और नए मोर्चे खुल सकते हैं। बन रहे हालात से सामाजिक घमासान के प्रबल आसार है।
राष्ट्रव्यापी अभियान के चौथे चरण में भाजपा की ओर से 18 नवंबर से तीन दिसंबर तक 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा आयोजित की जाएगी। जालंधर से भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन रथों और वाहनों को रवाना करके इसका शुभारंभ करेंगे। यह यात्रा सात राज्यों (पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, हरियाणा, और उत्तर प्रदेश) से होकर गुजरेगी। कुल 2402 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए तीन दिसंबर को काशी में यह संपन्न होगी। यात्रा के दौरान 100 से अधिक छोटी सभाएं और 17 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होकर संत रविदास के ‘बेगमपुरा’ (बिना गम का राज्य) और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
जागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play