Feedback
अमेरिका में लगातार हो रही तकनीकी गड़बड़ियों और सेवाओं के ठप होने के मामलों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. ट्रंप को अपने विरोधियों के साथ-साथ समर्थकों की भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है.
हाल के दिनों में माइक्रोसॉफ्ट, चेज बैंक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) जैसी बड़ी संस्थाएं तकनीकी खराबी की चपेट में आई हैं.
हालांकि, इन कंपनियों और सरकारी एजेंसियों ने किसी भी साइबर अटैक या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की गड़बड़ी से इनकार कर दिया और इसे इंटनरल टेक्निकल ग्लिच बताया है.
‘ऐसी चीजें होती रहती हैं…’
एयर स्पेस से लेकर बैंकिंग, दफ्तरों के कामकाज और खुफिया कम्युनिकेशन सिस्टम तक प्रभावित होने के बाद व्हाइट हाउस से जवाब मांगा जा रहा है. इस बीच, मंगलवार को एशिया दौरे पर मनीला (फिलीपींस) पहुंचे ट्रंप ने चेज बैंक में आई खराबी के सवाल पर बेहद बेपरवाह अंदाज में कहा, ‘ये जीवन है. जब आप बड़े और ताकतवर होते हैं और आपके पास सारा पैसा होता है, तो ऐसी चीजें होती रहती हैं. सब ठीक है.’
ट्रंप के इस रवैये से देश का गुस्सा शांत होने के बजाय और भड़क गया है. ट्रंप के कट्टर समर्थकों ने भी प्रशासन पर सच छिपाने के आरोप लगाए हैं. ट्रंप के गृह सुरक्षा विभाग की पूर्व प्रवक्ता ट्रिशिया मैकलॉघलिन ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘अमेरीकी बेवकूफ नहीं हैं. हम जानना चाहते हैं और ये जानने के हकदार हैं कि असल में क्या चल रहा है.’
वहीं, ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (MAGA) अभियान से जुड़ी लौरा लूमर ने इसे साइबर अटैक बताया है. उन्होंने लिखा, ‘हमारे नेता हमसे झूठ बोल रहे हैं. ये साफ तौर पर एक सुनियोजित साइबर अटैक है. राष्ट्रपति ट्रंप को अमेरिका वापस आ जाना चाहिए.’
रूढ़िवादी कमेंटेटर काइली जेन क्रेमर ने भी सवाल उठाया. उन्होंने पूछा, ‘पारदर्शिता कहां है? जवाबदेही कहां है? ऐसा क्यों लग रहा है कि हमें सब ठीक होने का दिलासा दिया जा रहा है, जबकि हमारे देश के जरूरी सिस्टम नाकाम हो रहे हैं?’
पूर्व प्रेस सचिव और मेघन मैक्केन ने दी पारदर्शिता की सलाह
ट्रंप की पूर्व प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने फॉक्स न्यूज पर कहा कि व्हाइट हाउस के लिए पारदर्शिता ही सबसे अहम है. उन्होंने सलाह दी कि ट्रंप के एशिया से लौटने के बाद राष्ट्रपति या प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी को सामने आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए. बाद में उन्होंने नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक जे क्लेटन के बयान की तारीफ की, जिसमें क्लेटन ने कहा था कि ये कोई साइबर अटैक नहीं है, बल्कि सुरक्षा अपग्रेड में उम्मीद से ज्यादा समय लगने के कारण ऐसा हो रहा है.
दूसरी तरफ, मेघन मैक्केन ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘प्रशासन के किसी बड़े अधिकारी को अभी टीवी पर आकर अमेरिकी लोगों को बताना चाहिए कि क्या हो रहा है. कोविड के दौर से गुजरा कोई भी व्यक्ति ये नहीं मान रहा कि ये महज एक संयोग है.’
गुरुवार से मंगलवार तक कैसे ठप हुआ अमेरिका?
इन तकनीकी संकटों की शुरुआत पिछले गुरुवार से हुई थी, जब माइक्रोसॉफ्ट के ईमेल और दूसरे टूल्स ठप हो गए थे, जिसे कंपनी ने ‘नेटवर्क क्षमता के अपग्रेड’ का नतीजा बताया. अगले ही दिन शुक्रवार को राउटर अपग्रेड में खराबी के कारण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को 9/11 के बाद सबसे लंबे समय तक देशभर की उड़ानें रोकनी पड़ीं.
यह भी पढ़ें: मनीला में आज PM मोदी-ट्रंप एक मंच पर होंगे, क्या क्वाड में होगी द्विपक्षीय मुलाकात?
सोमवार को जेपी मॉर्गन चेज में आए एक सॉफ्टवेयर बग के कारण कई बड़े बैंकों और मनी ट्रांसफर सेवा ‘जेले’ का कामकाज प्रभावित हुआ. उसी दिन यूनाइटेड एयरलाइंस की आंतरिक प्रणाली भी कुछ समय के लिए ठप रही. इसके बाद मंगलवार को नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का वो आंतरिक नेटवर्क भी ऑफलाइन हो गया, जिसका इस्तेमाल गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए किया जाता है. एजेंसी ने इसे रूटीन मेंटेनेंस का हिस्सा बताया था.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू