चिट्ठियों के जरिए अपनों तक भावनाएं पहुंचाने वाले भारतीय डाक विभाग का इतिहास अब ग्वालियर में एक नए अंदाज में देखने को मिलेगा। शहर के महाराज बाड़े स्थित ऐतिहासिक प्रधान डाकघर में देश का पहला आधुनिक फिलाटेली म्यूजियम तैयार किया जा रहा है।
यहां भारतीय डाक विभाग की ओर से अलग-अलग समय पर जारी किए गए ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण डाक टिकटों का संग्रह प्रदर्शित होगा। इन टिकटों के जरिए लोग देश के इतिहास, संस्कृति, महान व्यक्तित्वों, राजा-महाराजाओं और महत्वपूर्ण घटनाओं से रूबरू हो सकेंगे।
डाक विभाग ने संग्रहालय का निर्माण शुरू कर दिया है और इसे करीब एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
117 साल पुरानी इमारत के पिछले हिस्से में निर्माण
महाराज बाड़े पर इटालियन वास्तुकला से बनी करीब 117 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत में वर्तमान में प्रधान डाकघर संचालित हो रहा है। इसी इमारत के पिछले हिस्से में फिलाटेली म्यूजियम बनाया जा रहा है। इसे आधुनिक सुविधाओं से तैयार किया जाएगा, ताकि यहां आने वाले लोग डाक टिकटों के माध्यम से इतिहास और विरासत को करीब से जान सकें।
क्या है फिलाटेली और क्यों खास हैं डाक टिकट?
फिलाटेली डाक टिकटों के संग्रह और उनके अध्ययन से जुड़ी विधा है। शुरुआत में डाक टिकट डाक सेवाओं के अग्रिम भुगतान की रसीद के रूप में इस्तेमाल होते थे, लेकिन समय के साथ ये देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत को सहेजने का माध्यम बन गए।
भारतीय डाक विभाग अलग-अलग अवसरों पर महान व्यक्तियों, ऐतिहासिक स्थलों, महत्वपूर्ण घटनाओं, उपलब्धियों और प्राकृतिक धरोहरों को समर्पित विशेष डाक टिकट जारी करता है।
इन छोटे-छोटे टिकटों में इतिहास की कई महत्वपूर्ण जानकारियां और यादें समाहित होती हैं। यही वजह है कि डाक टिकटों का संग्रह दुनिया भर में एक खास शौक माना जाता है।
टिकटों के साथ तस्वीरें और ऐतिहासिक जानकारियां भी होंगी प्रदर्शित
महाराज बाड़े के डाकघर के प्रधान पोस्टमास्टर मलखान सिंह लोधी ने बताया कि संग्रहालय का उद्देश्य आम लोगों को ऐतिहासिक घटनाओं, महान व्यक्तियों, राजा-महाराजाओं, ऐतिहासिक स्थलों और प्राकृतिक घटनाओं से परिचित कराना है।
अभी तक डाकघरों में फिलाटेली टिकटों को संग्रह के रूप में प्रदर्शित किया जाता रहा है, लेकिन अब इन्हें व्यवस्थित तरीके से आधुनिक संग्रहालय में रखा जाएगा। यहां टिकटों के साथ उनसे जुड़ी तस्वीरें और ऐतिहासिक जानकारियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।
1968 में दिल्ली में बना था पहला डाक संग्रहालय
भारतीय डाक विभाग का पहला डाक संग्रहालय वर्ष 1968 में नई दिल्ली में स्थापित किया गया था। हालांकि, डाक विभाग के अनुसार ग्वालियर में बनने वाला संग्रहालय देश का पहला आधुनिक फिलाटेली म्यूजियम होगा। इसके निर्माण को करीब एक साल में पूरा करने का लक्ष्य है। संग्रहालय तैयार होने के बाद महाराज बाड़े की ऐतिहासिक इमारत डाक सेवाओं के इतिहास को सहेजने के साथ शहर में इतिहास और विरासत में रुचि रखने वालों के लिए नया आकर्षण बनेगी।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.