राजस्थान पंचायत चुनाव में मंत्री की पत्नी हारीं, राज्यवर्धन के इलाके की 15 में से सिर्फ एक सीट जीती BJP – AajTak

Feedback
Rajasthan Panchayat Election Result: राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए कई जगह चौंकाने वाले रहे. गांवों की सरकार बनाने के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने कई जिलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को कड़ी चुनौती दी है. सबसे ज्यादा चर्चा सीकर जिले के नतीजों की हो रही है, जहां भाजपा के दो बड़े नेताओं के परिवारों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. शहरी विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी अपनी सीट नहीं बचा सकीं. वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ की पत्नी भी जिला परिषद का चुनाव हार गईं. उधर, उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के क्षेत्र झोटवाड़ा में भी भाजपा का प्रदर्शन कमजोर रहा. जिला परिषद और पंचायत समिति के शुरुआती आंकड़ों में कांग्रेस कई जगह आगे दिखाई दे रही है.
उपलब्ध चुनावी आंकड़ों के अनुसार जिला परिषद की 37 सीटों में कांग्रेस 13 सीटों पर आगे है, जबकि भाजपा 10 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. पंचायत समिति की 419 सीटों में कांग्रेस 145 और भाजपा 89 सीटों पर आगे बताई जा रही है. पिछले चुनाव में जिला परिषद की 29 सीटों में भाजपा ने 16 और कांग्रेस ने 10 सीटें जीती थीं. ऐसे में इस बार के नतीजों को ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की वापसी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.
मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी 51 वोट से हारीं
सीकर जिले की अजीतगढ़ पंचायत समिति का चुनाव सबसे ज्यादा चर्चा में है. यहां शहरी विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी वार्ड नंबर 17 से चुनाव मैदान में थीं. उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी सरिता देवी ने 51 वोटों से हरा दिया. मंत्री के विधानसभा क्षेत्र से जुड़े इस चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया. अजीतगढ़ पंचायत समिति के सभी 17 वार्डों में से 13 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की. भाजपा को केवल तीन सीटें मिलीं, जबकि एक सीट अन्य के खाते में गई. इस तरह यहां कांग्रेस का बोर्ड बनना तय हो गया है. भाजपा के लिए दूसरा बड़ा झटका जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ के परिवार को लगा. उनकी पत्नी गणपति वार्ड नंबर तीन से जिला परिषद का चुनाव लड़ रही थीं, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इस सीट पर कांग्रेस की रजनी बाटड़ ने जीत हासिल की.
झोटवाड़ा में भाजपा को सिर्फ एक सीट
जयपुर का झोटवाड़ा भी पंचायत चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा. यह उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का क्षेत्र है. यहां पंचायत समिति की 15 सीटों में भाजपा को केवल एक सीट मिलने की जानकारी सामने आई है. भाजपा के इस प्रदर्शन ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है. वहीं जयपुर की सांगानेर पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने शानदार प्रदर्शन किया. यहां 15 में से 12 सीटों के नतीजे घोषित होने तक आरएलपी के आठ प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की. भाजपा और कांग्रेस को दो-दो सीटें मिलीं. सांगानेर में आरएलपी का प्रदर्शन इस चुनाव में खास चर्चा का विषय बना हुआ है.
सीकर जिला परिषद में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला
सीकर जिले में जिला परिषद के 49 सदस्यों और 16 पंचायत समितियों के लिए मतगणना शुरू हुई. इसके लिए 16 कमरों में ईवीएम मशीनें लगाई गई थीं. प्रत्येक काउंटिंग रूम में 12-12 टेबलों पर मतगणना की व्यवस्था की गई. जिला परिषद के नतीजों में कांग्रेस 18 और भाजपा 16 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी. वहीं पिपराली पंचायत समिति के वार्ड नंबर आठ में भाजपा के बाबू सिंह ने जीत दर्ज की. उन्होंने कांग्रेस के रजत को 735 वोटों से हराया. बाबू सिंह सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर के भाई हैं. हालांकि खाचरियावास पंचायत समिति में ईवीएम मशीन में खराबी आने के कारण मतगणना रोकनी पड़ी. इससे वहां परिणाम आने में देरी हुई.
मेड़ता में RLP ने भी दिखाया दम
नागौर जिले की मेड़ता सिटी पंचायत समिति के नतीजों में भी अलग-अलग दलों के बीच मुकाबला देखने को मिला. यहां भाजपा की संगीता और कांग्रेस के संतोष राम ने जीत दर्ज की. आरएलपी के प्रत्याशियों ने भी कई वार्डों में सफलता हासिल की. वार्ड नंबर तीन से प्रीप्ति इनानिया, वार्ड चार से दिलीप सिंह, वार्ड पांच से बाबू देवी, वार्ड सात से सुखड़ी और वार्ड नौ से महेंद्र राम ने जीत दर्ज की. वार्ड आठ में निर्दलीय प्रत्याशी सिकंदर चुनाव जीतने में सफल रहे.
वजीरपुर में कांग्रेस सबसे आगे, निर्दलीयों का भी दबदबा
सवाई माधोपुर जिले की वजीरपुर पंचायत समिति की सभी 15 सीटों के नतीजे घोषित हो गए. यहां कांग्रेस ने सात सीटें जीतकर सबसे अच्छा प्रदर्शन किया. भाजपा को तीन सीटें मिलीं, जबकि चार सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की. एक सीट बहुजन समाज पार्टी के खाते में गई. इस तरह वजीरपुर में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया. निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चार सीटें जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई.
चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस की बड़ी बढ़त
चित्तौड़गढ़ जिला परिषद चुनाव में भी कांग्रेस का प्रदर्शन शानदार रहा. कुल 35 वार्डों में से 23 के परिणाम घोषित होने तक कांग्रेस ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा को पांच सीटें मिली थीं. शेष 12 वार्डों के नतीजों का इंतजार था. कांग्रेस ने वार्ड नंबर 1, 4, 5, 6, 7, 8, 11, 17, 18, 19, 22, 23, 25, 26, 30, 31 और 32 में जीत दर्ज की. वहीं भाजपा को वार्ड नंबर 3, 14, 15, 28 और 33 में सफलता मिली. चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस की इस बढ़त से जिला परिषद में उसका बोर्ड बनने की संभावना मजबूत हुई है.
पंचायत चुनाव ने बदले ग्रामीण राजनीति के समीकरण
राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों में कांग्रेस की बढ़त और भाजपा के कई मजबूत चेहरों के परिवारों की हार ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है. सीकर में मंत्री की पत्नी और भाजपा जिलाध्यक्ष की पत्नी की हार, अजीतगढ़ में कांग्रेस का बहुमत, झोटवाड़ा में भाजपा का कमजोर प्रदर्शन और चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस की बढ़त इस चुनाव के बड़े राजनीतिक संकेत हैं. इन नतीजों से साफ है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मुकाबला काफी दिलचस्प रहा है. हालांकि सभी सीटों के अंतिम परिणाम और पंचायत समितियों में बोर्ड गठन के बाद ही राजस्थान की ग्रामीण राजनीति की पूरी तस्वीर सामने आएगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News