पेपर लीक के कारण मैट्रिक की हिंदी ए- हिंदी बी और साइंस की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। जैक ने दोनों पेपर का नया शिड्यूल जारी कर दिया है। हिंदी ए-हिंदी बी पेपर की परीक्षा 7 मार्च को होगी। वहीं, साइंस पेपर की परीक्षा 8 मार्च को आयोजित की जाएगी। दोनों परीक
जैक ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं का भी शिड्यूल जारी कर दिया गया है। मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षाएं 10 मार्च से 25 मार्च तक संबंधित स्कूल में होगी। इंटर कला, विज्ञान, वाणिज्य स्ट्रीम की प्रायोगिक परीक्षा भी 10 मार्च से 25 मार्च तक दो सीटिंग में आयोजित की जाएगी। स्कूल प्रायोगिक परीक्षा में परीक्षार्थियों को मिले अंक को जैक की वेबसाइट पर 11 मार्च से 26 मार्च तक अपलोड कर सकेंगे।
10 शिक्षकों से पूछताछ करेगी पुलिस
इधर पेपर लीक मामले की जांच करते हुए कोडरमा पुलिस अब अग्रवाला उच्च विद्यालय तिसरी के केन्द्राधीक्षक राधेश्याम गोस्वामी, गिरिडीह वज्रगृह के प्रभारी मजिस्ट्रेट राहुल चंद्रा सहित प्रतिनियुक्त 10 शिक्षकों से पूछताछ करेगी। रिमांड के दौरान पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस को शक है कि पेपर लीक कराने में वज्रगृह में प्रतिनियुक्त कुछ शिक्षकों की भी संलिप्तता है और मजदूर बने छात्रों ने स्ट्रांग रूम के बाहर से नहीं, अंदर से प्रश्नपत्र चोरी की है। ऐसे में कई शिक्षक शक के दायरे में हैं।
क्या मान रही है पुलिस
पुलिस का मानना है कि स्ट्रांग रूम के अंदर प्रतिनियुक्त शिक्षक तैनात थे। प्रश्नपत्रों के बंडल को सीरियल से गिनती कर रखना उनकी जवाबदेही थी। ऐसे में उन्हें जानकारी कैसे नहीं हुई? पुलिस को शक है कि स्ट्रांग रूम के अंदर ही ब्लेड से प्रश्नपत्रों का बंडल काट कर चोरी की गई थी। इसमें शिक्षकों की संलिप्तता भी हो सकती है।
इधर, गिरिडीह वज्रगृह से हटाए जाने के बाद प्रभारी मजिस्ट्रेट राहुल चंद्रा सहित प्रतिनियुक्त सभी शिक्षकों ने स्पष्टीकरण के जवाब में खुद को निर्दोष बताया है। एसपी ने भी वहां तैनात पुलिस पदाधिकारी व जवानों को तत्काल हटाते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। वज्रगृह में नए मजिस्ट्रेट, शिक्षक व पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सबसे अधिक प्रश्न पत्रों को अंशु ने किया वायरल
प्रश्नपत्रों का पीडीएफ बनाकर सबसे अधिक वायरल अंशु कुमार पांडेय ने किया था। जबकि रोहित कुमार, मुकेश कुमार, लालमोहन कुमार व कृष्णा कुमार पांडेय ने मुफ्त में कई लोगों को प्रश्नपत्र बांटा था। इसमें कई कोचिंग संचालक व शिक्षक भी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से जब्त 6 मोबाइल को खंगालने के बाद कई तथ्य उजागर हुए हैं। इसमें दो आरोपियों के साइबर अपराध से जुड़े होने की जानकारी पुलिस को मिली है। अंशु की उम्र 19 साल है, लेकिन वह नवीं का छात्र है। कोरोना काल में दो साल तक वह पढ़ाई नहीं कर सका था।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.